निजी अस्पतालों की मोटी फीस से आज़ादी, हेल्दी लाइफ स्टाइल क्लिनिक में मिल रहा फ्री इलाज
यहां इलाज कराने वाले मरीज खुद कह रहे हैं, ''दर्द लेकर आए थे, अब हंसते हुए जा रहे हैं.''

By ETV Bharat Chhattisgarh Team
Published : December 30, 2025 at 11:08 AM IST
प्रवीण कुमार सिंह की रिपोर्ट
रायपुर: कहते हैं, स्वस्थ शरीर में स्वस्थ मन का वास होता है. अगर हम मन से मजबूत हैं तो शरीर भी तंदुरुस्त होगा. लेकिन भाग दौड़ भरी जिंदगी में कई बार हम गंभीर बीमारियों के शिकार हो जाते हैं. ऐसे में हमें डॉक्टर के पास जाना ही पड़ता है. हमारे शरीर के भीतर जन्मे मर्ज के हिसाब से डॉक्टर अपनी फीस वसूलते हैं. कुछ लोग ये फीस चुकाने में सक्षम होते हैं, कुछ चुकाने में असमर्थ भी रहते हैं. गरीब इंसान अपने मर्ज का इलाज अपनी हैसियत के मुताबिक कराता है. कई बार तो पैसे की तंगी के चलते अपने मर्ज को दरकिनार कर जिंदगी जीता रहता है. लेकिन अब ऐसे मरीजों का इलाज भी संभव है, वो भी फ्री ऑफ कॉस्ट.
खुल गया हेल्दी लाइफ स्टाइल क्लीनिक
निजी अस्पतालों की मोटी फीस से आपको आजादी दिलाने के लिए रायपुर में हेल्दी लाइफ स्टाइल क्लीनिक खुल चुका है. इस क्लीनिक में मरीजों का इलाज बिना पैसों के किया जा रहा है. यहां आने वाले मरीज दर्द से रोते हुए आते हैं, जब यहां से इलाज पूरा कराकर जाते हैं तो हंसते हुए डॉक्टरों को दुआएं देते जाते हैं.
रायपुर शहर में खुले हेल्दी लाइफ स्टाइल क्लीनिक में प्राइवेट अस्पताल जैसी सुविधाएं मौजूद हैं. क्लीनिक में आपको एक्सपर्ट और बीमारियों के स्पेशलिस्ट डॉक्टर मिलेंगे. यहां अनुभवी टीम के द्वारा मरीजों का इलाज किया जा रहा है. इलाज के लिए किसी भी तरह का कोई शुल्क नहीं लिया जाता. जिस किसी को इस क्लीनिक के बारे में पता चल रहा है, वो जरुर यहां विजिट कर रहा है.
निजी अस्पतालों पर निर्भरता खत्म करने की सरकार की पहल
जिला प्रशासन, जिला अस्पताल और स्काई ग्रुप (CSR फंड) के सहयोग से रोटरी क्लब ऑफ रायपुर रॉयल द्वारा इस निःशुल्क हेल्दी लाइफ स्टाइल क्लिनिक का संचालन किया जा रहा है. इसका उद्देश्य आम लोगों को निजी अस्पतालों की महंगी फीस से बचाना और सरकारी व्यवस्था में गुणवत्तापूर्ण इलाज उपलब्ध कराना है.
एक ही छत के नीचे आधुनिक तरीके से पूरा इलाज संभव
हेल्दी लाइफ स्टाइल क्लिनिक में फिजियोथेरेपी, मेंटल हेल्थ काउंसिलिंग, योग, डाइट प्लान, एक्यूप्रेशर और होलिस्टिक उपचार जैसी सेवाएं एक साथ दी जा रही हैं. जिस इलाज और काउंसिलिंग के लिए निजी अस्पतालों में हजारों रुपए मरीजों को खर्च करने पड़ते थे, वही सेवाएं हेल्दी लाइफ स्टाइल क्लिनिक में बिना फीस के मिल रही है, वो भी बिना किसी भीड़ भाड़ के.
प्राइवेट जैसी सुविधा, अनुभवी डॉक्टर के साथ
हेल्दी लाइफ स्टाइल क्लिनिक में आपको ऐसी साफ सफाई मिलेगी कि आप दंग रह जाएंगे. साफ सुथरे वातावरण में अनुभवी डॉक्टरों से इलाज कराने का अलग अनुभव आपको यहां मिलेगा. यहां आने वाले मरीज खुद इस बात की तारीफ करते हैं.

मैं सालों से अपने मर्ज को लेकर परेशान था. यहां आया तो मेरा सही से इलाज शुरू हुआ. इसके पहले मैंने काफी खर्चा अपने इलाज पर किया, लेकिन कुछ फायदा नहीं हुआ. जब से मेरा यहां पर इलाज शुरू हुआ है, तब से मेरी सेहत में लगातार सुधार आ रहा है: मरीज, रायपुर

मैं प्राइवेट डॉक्टरों को फीस देते देते परेशान हो चुकी थी. तब मुझे यहां के बारे में पता चला. मैं जब से यहां पर इलाज करा रही हूं, तब से मेरा मर्ज लगातार कम होता जा रहा है. यहां के डॉक्टर और लोग भगवान हैं. मेरा इतने बढ़िया से इलाज किया कि मैं कह नहीं सकती. ये डॉक्टर नहीं हैं मेरे लिए तो भगवान हैं. मैं बहुत खुश हूं कि यहां पर मेरा इलाज चल रहा है. मैं जल्द ही अच्छी भी हो जाउंगी: मरीज, रायपुर

मैंने अपने इलाज के लिए काफी पैसा खर्चा किया, लेकिन मुझे कोई फायदा नहीं हो रहा था. जब से मेरा यहां पर इलाज शुरू हुआ. मुझे काफी फायदा नजर आ रहा है. यहां पर काफी सफाई रहती है. गंदगी का कहीं नामो निशान तक नहीं होता. डॉक्टर से लेकर नर्स तक सभी अच्छे से हमसे बात करते हैं. हमारी पूरी बात सुनते हैं और फिर हमारा इलाज शुरू करते हैं: मरीज
मरीज बता रहे डॉक्टरों को भगवान
यहां इलाज कराने आ रहे मरीजों ने बताया कि अबतक वो प्राइवेट क्लीनिकों में हजारों रुपए इलाज और सेहत के नाम पर फूंक चुके हैं, उनको इससे कोई फायदा नहीं मिला. उल्टे उनकी बीमारी बढ़ती चली गई. लेकिन जब से उनका इलाज यहां पर शुरू हुआ उनकी सेहत में जबरदस्त सुधार आया, पैसे भी बचे. कई मरीजों ने बताया कि वो यहां आने से पहले चलने फिरने में असमर्थ थे. लेकिन डॉक्टरों और फिजियोथेरेपिस्ट टीम की बदौलत आज वो आसानी से चल पा रहे हैं.

डॉक्टरों का दावा
हेल्दी लाइफ स्टाइल क्लिनिक के डॉक्टर कहते हैं कि पहले यहां काफी कम संख्या में मरीज आ रहे थे. लेकिन अब धीरे धीरे मरीजों के आने की संख्या बढ़ रही है. सिर्फ रायपुर ही नहीं बल्कि बाहर के जिलों से भी मरीज हमारे पास आ रहे हैं. डॉक्टर बताते हैं कि मरीज को जल्द और स्थायी आराम मिले इसके लिए वो काम करते हैं.
एक्यूप्रेशर और वेलनेस का असर
एक्यूपंक्चर एवं वेलनेस विशेषज्ञ डॉ. अतीश कपिल ने बताया कि यहां सबसे अधिक मरीज एक्यूप्रेशर उपचार के लिए आ रहे हैं, उन्हें इससे अच्छा लाभ मिल रहा है.

फ्री डाइट काउंसलिंग
डाइटिशियन डॉ. सारिका श्रीवास्तव ने बताया कि लाइफस्टाइल में सुधार, खान-पान और सही डाइट की पूरी जानकारी यहां मुफ्त में दी जाती है.
योग की सुविधा
योगा एक्सपर्ट डॉ. निहारिका गौतम के अनुसार, बदलती जीवनशैली के कारण बढ़ती बीमारियों से बचने के लिए योग बेहद जरूरी है, और यहां नियमित योग सत्रों से मरीजों को लाभ मिल रहा है.
रोटरी क्लब का उद्देश्य
रोटरी क्लब ऑफ रायपुर रॉयल के प्रेसिडेंट डॉ. नवीन बागरेचा ने बताया कि इस क्लिनिक का मकसद लोगों को बीमार पड़ने से पहले ही स्वस्थ रखना है. योग, फिजियोथेरेपी, एक्यूप्रेशर और न्यूट्रिशन जैसी सभी सेवाएं एक ही छत के नीचे उपलब्ध कराई गई हैं. शुरुआती दौर में मरीज कम थे, लेकिन अब खासकर एक्यूप्रेशर के मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ी है. क्लिनिक को और बेहतर बनाने के प्रयास लगातार जारी हैं.
क्या है लाइफस्टाइल क्लिनिक
लाइफस्टाइल क्लिनिक का उद्देश्य लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए जागरूक करना और वैज्ञानिक थैरेपी और पद्धतियों के माध्यम से इलाज और रोकथाम करना है, ताकि समाज में स्थायी और सकारात्मक स्वास्थ्य परिणाम हासिल किए जा सकें.
महंगे इलाज के दौर में रायपुर का यह निःशुल्क हेल्दी लाइफ स्टाइल क्लिनिक आम जनता के लिए राहत की सांस बनकर उभरा है, जहां बिना खर्च, बेहतर और समग्र इलाज संभव हो रहा है.

