UP में रक्षाबंधन पर महिलाओं को फ्री बस यात्रा; बस स्टेशनों पर उमड़ा यात्रियों का हुजूम, जानिये क्या कहा?
"ईटीवी भारत" की टीम ने कैसरबाग बस स्टेशन पर महिलाओं से बातचीत की.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : August 28, 2026 at 7:26 AM IST
लखनऊ : प्रदेश सरकार का रक्षाबंधन के अवसर पर तीन दिन तक सरकारी और अनुबंधित बसों में महिलाओं को फ्री यात्रा दिए जाने का तोहफा काफी रास आ रहा है. 27 अगस्त से लेकर 29 अगस्त की रात 12 बजे तक महिलाओं को मुफ्त में बसों का सफर करने को मिलेगा. गुरुवार सुबह से ही लखनऊ के बस स्टेशनों पर फ्री यात्रा को लेकर महिलाओं का हुजूम उमड़ पड़ा.
महिलाओं ने प्रदेश सरकार को दिया धन्यवाद : महिलाओं के साथ एक सहयात्री को भी फ्री यात्रा की सुविधा दी है, ऐसे में यात्रियों की संख्या और भी ज्यादा हो गई. रक्षाबंधन पर अधिकारियों और कर्मचारियों की बस स्टेशनों पर ड्यूटी लगाई गई है, जिससे वह लगातार बसों की उपलब्धता कराते रहें. "ईटीवी भारत" की टीम ने कैसरबाग बस स्टेशन पर बस से सफर करने आईं महिलाओं से फ्री यात्रा को लेकर बात की तो उन्होंने इसके लिए प्रदेश सरकार को धन्यवाद दिया.
महिलाओं ने बताया, सराहनीय कदम : उन्होंने कहा कि हर साल सरकार की तरफ से लगातार मुफ्त यात्रा का तोहफा रक्षाबंधन पर हमें मिल रहा है, इसके लिए सरकार का जितना आभार व्यक्त किया जाए कम है. बुजुर्ग महिलाओं को आजीवन फ्री यात्रा की सौगात पर भी महिलाओं ने कहा कि निश्चित तौर पर यह बहुत ही सराहनीय कदम है.
महिलाओं ने एक और मांग उठाई कि 60 साल से ऊपर के पुरुषों को भी मुफ्त यात्रा का तोहफा दे देना चाहिए, जिससे बुजुर्ग पति-पत्नी कम से कम साथ में बसों से यात्रा करते हुए कहीं आ जा सकेंगे. यह और भी बेहतर हो जाएगा.

