हरियाणा में रक्षाबंधन पर महिलाओं के लिए फ्री बस सेवा, 15 साल तक के बच्चों का भी नहीं लगेगा टिकट
हरियाणा की महिलाएं रक्षाबंधन पर बसों में 36 घंटे फ्री सफर कर पाएंगी. अतिरिक्त बसें मोर्चा संभालेंगी. बच्चों का भी टिकट नहीं लगेगा.

Published : August 25, 2026 at 1:17 PM IST
चंडीगढ़: रक्षाबंधन पर हरियाणा सरकार ने सूबे की महिलाओं को बड़ा तोहफा दिया है. 28 अगस्त 2026 को रक्षाबंधन वाले दिन महिलाएं बसों में फ्री में सफर कर सकेंगी. उनके साथ 15 साल के बच्चों का भी टिकट नहीं लगेगा. 36 घंटे की यात्रा पूरी तरह मुफ्त रहेगी. यानी सभी महिलाएं 15 साल के बच्चे के साथ बसों में बिना किराया दिए सफर कर सकती हैं.
रक्षाबंधन पर महिलाओं के लिए फ्री रहेंगी बस: राज्य परिवहन निदेशक कार्यालय की ओर से प्रदेश के सभी जीएम को इस संबंध में आदेश जारी कर दिए गए हैं. आदेशों में कहा गया है कि 27 अगस्त 2026 की दोपहर 12 बजे से 28 अगस्त 2026 की मध्यरात्रि (रात 12 बजे) तक ये छूट लागू रहेगी. ये सुविधा हरियाणा राज्य के भीतर चलने वाली बसों के साथ चंडीगढ़ और दिल्ली तक आने-जाने वाली साधारण बसों पर भी लागू होगी.

सुरक्षा के लिए पुलिस बल तैनात करने के आदेश: रक्षा बंधन के त्योहार और भीड़ को देखते हुए हरियाणा परिवहन विभाग ने सभी डिपो महाप्रबंधकों को पर्याप्त संख्या में बसें चलाने के निर्देश दिए हैं, ताकि यात्रियों को परेशानी ना हो. इसके अलावा यात्रियों, विशेषकर महिलाओं की सुरक्षा और सुगम आवाजाही के लिए जिला प्रशासन के समन्वय से बस अड्डों पर पुलिस बल तैनात करने के आदेश दिए हैं.
रोडवेज कर्मचारियों का वर्दी में रहना अनिवार्य: विभाग ने रोडवेज कर्मचारियों को ड्यूटी के दौरान अनिवार्य रूप से वर्दी में रहने और यात्रियों के साथ सहयोगात्मक व्यवहार करने की सख्त हिदायत दी गई है. इसके अलावा 31 अगस्त 2026 तक इस योजना का लाभ उठाने वाली महिलाओं एवं बच्चों का आंकड़ा संकलित कर रिपोर्ट मुख्यालय भेजने को कहा गया है.

