ETV Bharat / state

शादी का झांसा देकर फंसाया, ट्रेंडिंग के नाम पर युवती ने ठगे ₹39.62 लाख, मुकदमा दर्ज

शातिर युवती ने ऋषिकेश के युवक से शादी का वादा कर ट्रेंडिंग के नाम पर लाखों रुपए ठगे.

CHEATING IN NAME OF TRENDING
शादी का झांसा देकर फंसाया, ट्रेंडिंग के नाम पर युवती ने ठगे ₹39.62 लाख (PHOTO- ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Uttarakhand Team

Published : June 25, 2026 at 8:27 PM IST

5 Min Read
Choose ETV Bharat

देहरादून: ऋषिकेश निवासी एक युवक को शादी का झांसा देकर साइबर ठगों ने 39.62 लाख रुपए ठग लिए. युवक की मुलाकात एक मैट्रिमोनियल वेबसाइट पर खुद को लंदन में रहना बताने वाली महिला से हुई थी. दोस्ती के बाद युवती ने उसे ऑनलाइन ट्रेडिंग में मोटा मुनाफा कमाने का लालच दिया और धीरे-धीरे लाखों रुपए निवेश करवाया. जब युवक ने अपने पैसे निकालने चाहे तो उससे करोड़ों के फर्जी मुनाफे के नाम पर भारी-भरकम कमीशन और अन्य शुल्क वसूले गए. युवक ने साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन देहरादून में मुकदमा दर्ज कराया है.

जानकारी के अनुसार ऋषिकेश निवासी 31 वर्षीय युवक ने साइबर थाने में दर्ज कराई. शिकायत में बताया कि उसकी मुलाकात मार्च 2026 में एक मैट्रिमोनियल वेबसाइट पर अंजलि कृष्णन नाम की महिला से हुई थी. महिला ने खुद को लंदन में फैशन कारोबार से जुड़ा बताया और बाद में बातचीत व्हाट्सएप पर शुरू हो गई. कुछ समय बाद उसने अभिषेक को 'अपहोल्ड इंड एक्सचेंज' नामक ऑनलाइन ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म में निवेश करने के लिए प्रेरित किया.

शुरुआत में 16 अप्रैल को 10 हजार रुपए और 17 अप्रैल को 28 हजार रुपए निवेश करने पर उसे मुनाफे के साथ रकम वापस भी मिली. जिससे उसका भरोसा बढ़ गया. उसके बाद 19 अप्रैल को अभिषेक ने 93 हजार रुपए का बड़ा निवेश किया. इसके बाद ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म पर उसे करीब 1.5 करोड़ रुपए का लाभ दिखाया गया. जब उसने रकम निकालने की कोशिश की तो 30 प्रतिशत कमीशन जमा करने की शर्त रखी गई. ठगों के झांसे में आकर अभिषेक और उसके परिवार ने अलग-अलग बैंक खातों से कुल 38.31 लाख रुपए कमीशन के रूप में जमा कर दिए.

पीड़ित का आरोप है कि रकम जमा करने के बाद भी भुगतान नहीं मिला और ठगों ने 30 लाख रुपए अतिरिक्त देकर वीआईपी अकाउंट एक्टिव कराने की मांग कर दी. अभिषेक ने बताया कि कथित युवती ने वीडियो कॉल पर उसकी मां से भी बात की और उससे शादी करने का भरोसा दिलाकर निवेश के लिए राजी किया.

एसएसपी एसटीएफ अजय सिंह ने बताया कि, पीड़ित की शिकायत के आधार पर साइबर थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस अब व्हाट्सएप नंबरों, बैंक खातों और ट्रांजेक्शन डिटेल्स के आधार पर साइबर गिरोह की तलाश में जुटी है.

विदेश भेजने के नाम पर ठगी: उधम सिंह नगर के रुद्रपुर में विदेश भेजने के नाम पर लाखों रुपए की कथित ठगी का मामला सामने आया है. गदरपुर निवासी एक व्यक्ति ने एक वीजा एवं इमिग्रेशन एजेंसी के संचालक पर विदेश भेजने के नाम पर लाखों रुपए लेने और बाद में रकम वापस न करने का आरोप लगाया है. पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है.

मामले के मुताबिक, उधम सिंह नगर के गदरपुर निवासी गुरबचन सिंह ने रुद्रपुर स्थित एक इमिग्रेशन एजेंसी के संचालक दीपक कुमार अरोरा पर विदेश भेजने के नाम पर धोखाधड़ी करने का आरोप लगाया है. शिकायत के अनुसार, गुरबचन सिंह ने अगस्त 2024 में अपने पुत्र हरविंदर सिंह को विदेश भेजने के उद्देश्य से रुद्रपुर स्थित एम/एस ओवरसीज एजुकेशनल नेटवर्क से संपर्क किया था.

आरोप है कि एजेंसी संचालक दीपक कुमार अरोरा ने पहले कनाडा भेजने के लिए वीजा प्रक्रिया का आश्वासन दिया और इसके लिए लाखों रुपये की मांग की. शिकायतकर्ता के अनुसार, वीजा फाइलिंग के लिए बड़ी रकम जमा कराई गई, लेकिन कनाडा का वीजा आवेदन निरस्त हो गया. इसके बाद एजेंसी संचालक ने स्विट्जरलैंड भेजने का प्रस्ताव दिया और इसके लिए भी अलग से धनराशि ली गई, लेकिन वह वीजा आवेदन भी अस्वीकृत हो गया.

शिकायतकर्ता का आरोप है कि इसके बाद हंगरी, माल्टा, ऑस्ट्रिया और नीदरलैंड के लिए भी वीजा प्रक्रिया के नाम पर लगातार धनराशि ली गई. इसके अतिरिक्त फंड शो करने के नाम पर भी रुपए वसूले गए. गुरबचन सिंह का कहना है कि विभिन्न चरणों में उनसे कुल लाखों रुपये लिए गए, जबकि विदेश भेजने का कार्य पूरा नहीं हो सका.

शिकायत में कहा गया है कि जब उन्होंने अपनी रकम वापस मांगी तो आरोपी ने कुछ धनराशि अलग-अलग तिथियों में वापस की और शेष रकम जल्द लौटाने का आश्वासन दिया. हालांकि, आरोप है कि अब तक पूरी राशि वापस नहीं की गई है और शेष धनराशि देने से इनकार किया जा रहा है. शिकायतकर्ता ने यह भी दावा किया है कि कुछ लेन-देन के लिखित दस्तावेज उपलब्ध नहीं हैं, लेकिन बातचीत और लेन-देन से संबंधित रिकॉर्डिंग उनके पास मौजूद है.

इस संबंध में रुद्रपुर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक प्रकाश सिंह दानू ने बताया कि, प्राप्त तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. मामले की जांच शुरू कर दी गई है और जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

ये भी पढ़ें: