डीग में 'ऑपरेशन काउंटडाउन': पुराने सिक्कों को कई गुना कीमत पर खरीदने–बेचने के माध्यम से ठगी, 33 साइबर ठग गिरफ्तार
आरोपी फर्जी आईडी बनाकर पुराने सिक्कों को खरीदने–बेचने के नाम पर साइबर ठगी करते थे.

Published : August 29, 2026 at 6:53 PM IST
डीग: पुलिस ने साइबर ठगों के नेटवर्क पर बड़ा प्रहार करते हुए 'ऑपरेशन काउंटडाउन' के तहत अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कार्रवाई कर 33 साइबर ठगों को गिरफ्तार और 3 बाल अपचारियों को निरुद्ध किया है. पुलिस ने आरोपियों से 30 मोबाइल, 49 फर्जी सिम, 8 एटीएम कार्ड, 3 बैंक पासबुक, 2 बोलेरो और एक मोटरसाइकिल बरामद की है. कैथवाड़ा में पकड़े गए आरोपियों से जुड़े साइबर पुलिस पोर्टल के 12 मामलों में 2.43 लाख रुपए के फ्रॉड लेनदेन का रिकॉर्ड भी सामने आया है.
पुलिस अधीक्षक डीग शरण गोपीनाथ के आईपीएस के निर्देशन में साइबर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई. अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुई कार्रवाई में साइबर ठगी के कई तरीके भी सामने आए हैं. इनमें सोशल मीडिया पर फर्जी पहचान से अकाउंट बनाकर पुराने सिक्कों की खरीद-बिक्री के नाम पर ठगी करना और फर्जी सिम व बैंक खातों के जरिए ठगी की रकम का लेनदेन करना शामिल है.
पढ़ें: Boss Scam : कॉर्पोरेट अकाउंट को निशाना बनाते हैं साइबर ठग, करोड़ों की धोखाधड़ी...
कैथवाड़ा : 17 साइबर ठग गिरफ्तार: अभियान के तहत थाना कैथवाड़ा और डीएसटी टीम ने संयुक्त रूप से दो स्थानों पर कार्रवाई करते हुए गिरोह बनाकर साइबर ठगी कर रहे 17 आरोपियों को गिरफ्तार किया. पुलिस ने इनके कब्जे से 17 मोबाइल फोन, 21 सिम कार्ड, 8 एटीएम कार्ड और 2 बैंक पासबुक बरामद की है. इसके अलावा साइबर ठगी के पैसों से खरीदी गई दो बोलेरो और एक मोटरसाइकिल भी जब्त की गई.
एसपी गोपीनाथ ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ साइबर पुलिस पोर्टल पर दर्ज 12 शिकायतों में कुल 2 लाख 43 हजार 15 रुपए के फ्रॉड संबंधी लेनदेन का रिकॉर्ड सामने आया है. दोंदड़ी से भुआपुरगढ़ी जाने वाले कच्चे रास्ते पर कार्रवाई में मुस्तफा (26), फिजेद (21), मोहम्मद जहीर (22), तोसिफ (20), इरसाद (27), शकील (24), साकिर (32), साहिल (25) और सोयबखान (26) को गिरफ्तार किया गया. वहीं औलंदा पहाड़ की तलहटी में की गई दूसरी कार्रवाई में साहिल (22), अरबाज (20), हसीन (22), राशीद (22), परवेज (28), जुबेर (45), आरिफ (27) और तेययब (42) को गिरफ्तार किया गया.
पढ़ें: फर्जी ऑनलाइन गोल्ड ट्रेडिंग वेबसाइट से 12 करोड़ की साइबर ठगी, एक और आरोपी गिरफ्तार
सीकरी में 8 गिरफ्तार: थाना सीकरी पुलिस ने साइबर ठगी में संलिप्त 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया, जबकि एक विधि से संघर्षरत किशोर को निरुद्ध किया गया. आरोपियों के कब्जे से 6 एंड्रॉयड मोबाइल फोन सिम कार्ड सहित और 5 फर्जी सिम कार्ड जब्त किए गए. गिरफ्तार आरोपियों में साबिर (23), इंजमाम उल हक (21), साहिब खान (24), फखरू (40), अब्बू कलाम (19), आमिर (19), साहिल (24) और मुनफेद (30) शामिल हैं. पुलिस ने एक विधि से संघर्षरत किशोर को भी निरुद्ध किया है.
पढ़ें: ऑनलाइन शेयर ट्रेडिंग में निवेश के नाम पर 50.70 लाख की ठगी, फर्जी एप में दिखाया भारी मुनाफा
थाना जुरहरा पुलिस ने रात के समय साइबर ठगी करते हुए 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया. इनके कब्जे से एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन और 5 फर्जी सिम कार्ड बरामद किए गए. इसके साथ ही पुलिस ने एक म्यूल खाता धारक को भी गिरफ्तार किया. इस मामले में मुकीम (25), अव्वल करीम (25), संजय (33) और मुरसलीम (22) को गिरफ्तार किया गया है. वहीं रिजवान (20) को म्यूल खाता धारक के रूप में गिरफ्तार किया गया.
डीग कोतवाली ने 2 साइबर ठग पकड़े: डीग कोतवाली पुलिस ने साइबर ठगी में शामिल दो आरोपियों उमेश (20) और रोहिताश (35) को गिरफ्तार किया. इनके कब्जे से 3 मोबाइल फोन और 15 फर्जी सिम कार्ड बरामद किए गए. उमेश डीग कस्बे में हनुमान मंदिर के पीछे नगर रोड क्षेत्र का रहने वाला है, जबकि रोहिताश नीमघटा मोहल्ला डीग का निवासी है और वर्तमान में अचलपुर कॉलोनी में रह रहा था. थाना गोपालगढ़ पुलिस ने साइबर ठगी से जुड़े एक म्यूल अकाउंट धारक/साइबर ठग को गिरफ्तार किया, जबकि दो बाल अपचारियों को निरुद्ध किया गया. कार्रवाई में पुलिस ने 3 एंड्रॉयड मोबाइल फोन, 3 फर्जी सिम कार्ड और एक बैंक पासबुक जब्त की. पुलिस ने जाहिल पुत्र भूरू निवासी चंदुपुरा, थाना गोपालगढ़ को म्यूल अकाउंट धारक के रूप में गिरफ्तार किया है.
आरोपी सोशल मीडिया पर छद्म नाम और फर्जी पते से आईडी बनाते थे. इन फर्जी अकाउंट्स के जरिए पुराने सिक्कों को महंगे दामों पर खरीदने और बेचने के विज्ञापन डाले जाते थे. विज्ञापन देखकर संपर्क करने वाले लोगों को झांसे में लेकर उनसे साइबर ठगी की जाती थी. पुलिस के अनुसार आरोपी फर्जी सिम कार्ड, मोबाइल फोन, एटीएम कार्ड, बैंक खातों और सोशल मीडिया पर बनाई गई फर्जी पहचान का इस्तेमाल कर ठगी को अंजाम दे रहे थे. ठगी से प्राप्त रकम से वाहन खरीदने का मामला भी सामने आया है.

