सोना निकालने का झांसा देकर 5 लाख की ठगी, अंतरराज्यीय गिरोह गिरफ्तार
पुलिस ने महाराष्ट्र में दबिश देकर आरोपियों को गिरफ्तार किया है. लोगों से ऐसे बदमाशों से सावधान रहने की अपील भी की है.

By ETV Bharat Chhattisgarh Team
Published : June 30, 2026 at 6:20 PM IST
कांकेर: उत्तर बस्तर कांकेर जिले की बांदे पुलिस ने अंधविश्वास और तंत्र-मंत्र के नाम पर ठगी करने वाले एक अंतर्राज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है. आरोपियों ने साधु के वेश में ठगी की थी.
अंतर्राज्यीय गिरोह के 6 आरोपी गिरफ्तार
महाराष्ट्र के नागपुर और गढ़चिरौली क्षेत्र से गिरोह के छह आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ठगी की रकम में से 4 लाख 96 हजार रुपये नगद और एक पिकअप वाहन बरामद किया है.
साधु के वेश में पहुंचे थे आरोपी
यह मामला कांकेर जिले के थाना बांदे क्षेत्र के पीव्ही-104 दीपनगर का है. यहां रहने वाले बलराम सरकार ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी. जिसमें बताया गया कि 17 मई को एक व्यक्ति साधु के वेश में पांच पैर वाले नंदी बैल के साथ उसके घर पहुंचा और परिवार की बीमारी दूर करने और घर में गड़ा सोना निकालने का दावा किया.
'गढ़चिरौली में दवा खरीदी में खर्च कराए रुपए'
आरोपी ने स्वयं सुंदरी भस्म नाम की दवा खरीदने के लिए प्रेरित किया और उसे महाराष्ट्र के गढ़चिरौली स्थित एक आयुर्वेदिक दुकान तक ले गया, जहां उससे 52 हजार रुपये की दवा खरीदवाई गई.

'दूसरी दवा खरीदने के लिए दबाव बनाकर ऐंठे पैसे'
इसके बाद आरोपी अपने साथियों के साथ पीड़ित के घर पहुंचे और पूजा-पाठ के दौरान एक कलश में सोने जैसी वस्तुएं दिखाकर परिवार को डराया कि बिना अनुमति कलश खोलने पर अनिष्ट हो सकता है. आरोपियों ने नव जीवन अमृत भस्म नाम की दूसरी दवा खरीदने के लिए दबाव बनाया और पीड़ित से 4 लाख 44 हजार रुपये भी ले लिए.
संदेह होने पर दर्ज कराई गई शिकायत
जब आरोपियों ने और पैसे मांगने शुरू किए तो पीड़ित को संदेह हुआ. कलश खोलकर देखने पर उसमें रखी कथित सोने की मूर्तियां पीतल की निकलीं, जिसके बाद उसने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई.
पुलिस ने महाराष्ट्र में दी दबिश
पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा के निर्देशन में गठित टीम ने साइबर सेल की मदद से तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर महाराष्ट्र में दबिश दी और छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार आरोपियों में भोला गवते, मुकेश सोनेष्वर, शिवागिरी, लीलाधर वाघमारे उर्फ निलेश, परमेश्वर उर्फ देवा और दिनेश सोनेष्वर शामिल हैं.
बलराम सरकार ने रिपोर्ट दर्ज कराया था. 17 मई को महाराष्ट्र के 5-6 लोग नंदी बैल लेकर आए थे. गड़ा हुआ सोना का झांसा देकर खुदाई कराकर 4 लाख 96 हजार रुपए की ठगी की गई. महाराष्ट्र में दबिश देकर आरोपियों को गिरफ्तार किया गया. 6 आरोपी में से पांच आरोपी नागपुर के रहने वाले हैं, वहीं एक आरोपी गढ़चिरौली का रहने वाला है- राकेश कुर्रे, एडिशनल एसपी, पखांजूर
कांकेर पुलिस की लोगों से अपील
कांकेर पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे अंधविश्वास, झाड़-फूंक, चमत्कार या जमीन से सोना निकलने जैसे किसी भी झांसे में न आएं. किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि इस तरह की ठगी से बचा जा सके.

