भिवानी में करनाल का साइबर ठग गिरफ्तार, कंबोडिया में चीनी नेटवर्क से जुडे तार, गेम की लत ने बनाया अपराधी
भिवानी पुलिस ने 6 लाख रुपये की ठगी करने वाले इंटरनेशनल गुर्गे को गिरफ्तार किया है. कंबोडिया में आरोपी के तार चीनी नेटवर्क से जुड़े.


Published : February 6, 2026 at 9:33 AM IST
भिवानी: हरियाणा की भिवानी पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है. पुलिस ने ऑनलाइन निवेश के नाम पर ठगी करने वाले अंतरराष्ट्रीय गिरोह के गुर्गे को गिरफ्तार किया है. यह आरोपी विदेश में बैठे चीनी मास्टरमाइंड के इशारे पर भारत में ठगी का जाल फैला रहा था. पुलिस ने आरोपी के कब्जे से भारी मात्रा में एटीएम कार्ड और मोबाइल फोन बरामद किए हैं.
6 लाख रुपये की ठगी: भिवानी साइबर क्राइम थाना के एसएचओ विकास कुमार ने बताया कि भिवानी निवासी एक बीमा एजेंट ने शिकायत दर्ज कराई थी. जिसमें शिकायतकर्ता ने बताया था कि 12 जनवरी 2026 को उसके व्हाट्सएप पर पार्ट-टाइम जॉब और इन्वेस्टमेंट का एक लुभावना मैसेज आया था. इसके बाद उसे टेलीग्राम ग्रुप से जोड़ा गया. छोटे-छोटे टास्क देकर मुनाफे का लालच दिया गया. पीड़ित आरोपियों के झांसे में इस कदर फंस गया कि उसने 13 अलग-अलग ट्रांजेक्शन के जरिए कुल 6 लाख 56 हजार 517 रुपये निवेश कर दिए. जब पैसे वापस निकालने की बारी आई, तो आरोपियों ने ठगी कर ली. जिसके बाद पुलिस को सूचित किया गया.
गैम की लट ने बनाया अपराधी: विकास कुमार ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद डिजिटल फुटप्रिंट्स का पीछा करते हुए आरोपी करण को गिरफ्तार किया गया. आरोपी करनाल के सेक्टर-14 का निवासी है. पूछताछ में खुलासा हुआ है कि आरोपी करण ऑनलाइन गेमिंग का शौकीन था. साल 2005 में वह कंबोडिया गया, जहां उसकी मुलाकात चीनी ठगों से हुई. चीनी मास्टरमाइंड के कहने पर उसने यूपीआई सिक्स नाम से टेलीग्राम ग्रुप बनाया. आरोपी ने कबूल किया कि वह पढ़ने वाले छात्रों और युवाओं को पैसों का लालच देकर उनकी आईडी, बैंक खाते और मोबाइल नंबर किराए पर लेता था. ताकि ठगी की रकम को घुमाया जा सके.

आरोपी के कब्जे से 11 ATM बरामद: साइबर थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर 6 दिन का रिमांड लिया था. रिमांड के दौरान आरोपी के पास से विभिन्न बैंक खातों के 11 एटीएम कार्ड, 5 मोबाइल फोन और 8 हजार कैश बरामद किए गए हैं. रिमांड अवधि पूरी होने के बाद आज आरोपी को दोबारा कोर्ट में पेश किया गया. जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जिला जेल भेजा गया है.
ये भी पढ़ें: चंडीगढ़ में ठगी करने वाली 3 महिलाएं दिल्ली से गिरफ्तार, खुद को बताया क्रेडिट कार्ड विभाग की कर्मचारी
ये भी पढ़ें: नूंह से तीन साइबर ठग गिरफ्तार, फर्जी सिम से धोखाधड़ी की वारदात, अन्य राज्य में कई केस पहले से दर्ज

