आगरा में चार साल की बच्ची बोरवेल में गिरी, मौत पर हंगामा, ग्रामीण बोले- चार घंटे बाद पहुंची SDRF टीम
कुआं में जहरीली गैस होने की आशंका में कोई भी बच्ची को बचाने नहीं उतरा. SDRF टीम ने चार घंटे बाद निकाला.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : May 28, 2026 at 10:48 PM IST
आगरा : जैतपुर थाना क्षेत्र के गोपालपुरा गांव में नानी के घर आई 4 साल की मासूम बच्ची खेलते समय गहरे बोरवेल में गिर गई. सूचना के करीब चार घंटे बाद रेस्क्यू टीम गांव पहुंची. इसके बाद कुएं से बच्ची को बाहर निकाला. गंभीर हालत में बच्ची को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. बच्ची की मौत की खबर मिलते ही गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने जमकर हंगामा किया.
फिरोजाबाद जिले के सिरसागंज निवासी सौरभ की पत्नी अपनी चार वर्षीय बेटी बिट्टू के साथ मायके गोपालपुरा आई थी. ननिहाल में गुरुवार दोपहर में बिट्टू गांव में अन्य बच्चों के साथ खेल रही थी. अचानक बच्ची खुले कुएं के पास पहुंच गई और गिर गई. जिससे चीख पुकार और अफरा- तफरी मच गई. कुआं में जहरीली गैस होने की आशंका में कोई भी बच्ची को बचाने नहीं उतरा. मौके पर भीड़ जमा हो गई. ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी. जैतपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची.
रेस्क्यू ऑपरेशन में देरी से आक्रोश : जैतपुर थाना पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखकर एसडीआरएफ टीम को सूचना दी. एसडीआरएफ की टीम करीब चार घंटे बाद गांव पहुंची. एसडीआरएफ ने बच्ची को कुएं से निकाला और तत्काल बाह सीएचसी पर भेजा गया. डॉक्टर्स ने बच्ची को मृत घोषित कर दिया. बच्ची की मौत से नाराज परिजन और ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि रेस्क्यू टीम बहुत देरी से गांव पहुंची, जिसकी वजह से उसे बाहर निकालने में देरी हुई. मौके पर मौजूद एसडीएम और एसीपी ने लोगों को समझाबुझाकर शांत कराया.
एसडीआरएफ टीम ने रेस्क्यू किया : आगरा डीएम मनीष बंसल ने बताया कि जब गांव गोपालपुरा में बच्ची के निजी बोरवेल में गिरने की सूचना मिली तो तत्काल बचाव कार्य के निर्देश दिये. एसडीएम, पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम को मौके पर रवाना किया. एसडीआरएफ की टीम भी भेजी. एसडीआरएफ टीम ने बच्ची को रेस्क्यू किया. उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया था. बच्ची बचाई नहीं जा सकी.
जरूरी विधिक कार्रवाई की जा रही : डीसीपी पूर्वी अभिषेक अग्रवाल ने बताया कि शाम करीब 6 बजे एक बच्ची के बोरवेल में गिरने की सूचना मिली तो जैतपुर थाना पुलिस गांव गोपालपुरा पहुंची थी. एसीपी और एसडीएम बाह भी पहुंच गए. रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू करके बच्ची बोरवेल से बाहर निकल गया. उसे सीएचसी लेकर पहुंचे.जहां पर डॉक्टरों ने बच्ची को मृत्यु घोषित कर दिया. इस मामले में जरूरी विधिक कार्रवाई की जा रही है.
यह भी पढ़ें : यूपी में बदली आधी आबादी की तस्वीर, शिक्षा से बदला पूरा पैटर्न, शादी से पहले करियर पर फोकस

