ETV Bharat / state

नीलगाय के शिकार के दौरान 4 साल के मासूम को पेट में लगी गोली, हालत गंभीर

सिवान में बिना अनुमति के तीन युवक नीलगाय का शिकार कर रहे थे, तभी गोली एक चार साल के बच्चे को लग गई.

BIHAR nilgai
नीलगाय के शिकार के दौरान बच्चे को लगी गोली (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Bihar Team

Published : December 30, 2025 at 7:21 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

सिवान: बिहार के सिवान में नीलगाय (घोरपरास) को गोली मारने के दौरान निशाना चूक गया और गोली एक मासूम को जा लगी. घटना के बाद से गांव में दहशत है. मामला सिवान के सिसवन थाना क्षेत्र के एक गांव का है, जहां मंगलवार को गोली लगने से बच्चा जख्मी हो गया.

नीलगाय के शिकार के दौरान बच्चे को लगी गोली: जानकारी के अनुसार बिना अनुमति के नीलगाय को गोली मारा जा रहा था. तभी निशाना चूक गया और गोली एक चार साल के मासूम के पेट में जा लगी. इस सनसनीखेज घटना में गंभीर रूप से घायल बच्चे को पहले स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया. फिर सदर अस्पताल और अंत में बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर किया गया है.

बिना अनुमति के नीलगाय का शिकार: घटना के बाद पूरे गांव में भय और आक्रोश का माहौल है. परिजनों के अनुसार, बच्चा घर के सामने खेल रहा था, तभी यह दर्दनाक हादसा हो गया. बच्चे की मां ने आरोप लगाया कि चार युवक हाथों में राइफल लेकर घर के पास पहुंचे थे और नीलगाय को मारने का प्रयास कर रहे थे.

"हमने इसका विरोध भी किया, लेकिन आरोपी युवक नहीं माने. कुछ ही देर बाद मेरे बेटे के रोने की तेज आवाज आई. जब हमलोग दौड़कर पास पहुंचे तो देखा कि बच्चे के पेट से खून बह रहा था और वह जमीन पर गिरा पड़ा था."- जख्मी बच्चे की मां

मौके से फरार हुए युवक: घबराई मां ने मौके पर मौजूद एक युवक को पकड़ लिया, लेकिन अन्य लोगों की मदद से वह हाथ छुड़ाकर फरार हो गया. शोर सुनकर परिवार और गांव के अन्य लोग मौके पर पहुंचे और तत्काल घायल बच्चे को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया.

PMCH में चल रहा बच्चे का इलाज: स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने बच्चे की गंभीर स्थिति को देखते हुए सदर अस्पताल रेफर कर दिया. सदर अस्पताल में भी हालत नाजुक बनी रहने पर चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए उसे पटना भेज दिया.

बच्चे की हालत नाजुक: फिलहाल बच्चा इलाजरत है और उसकी स्थिति चिंताजनक बताई जा रही है. घटना की सूचना मिलते ही सिसवन थाना पुलिस सक्रिय हो गई. थाना प्रभारी अशोक कुमार ने बताया कि मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस जांच में जुट गई है.

"बच्चे की मां के बयान के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है और गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. दोषियों को जल्द गिरफ्तार कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी."- अशोक कुमार, थाना प्रभारी

इस घटना ने अवैध हथियारों के इस्तेमाल और बिना अनुमति शिकार जैसी गतिविधियों पर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं. ग्रामीणों ने प्रशासन से आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की मांग की है. साथ ही, क्षेत्र में अवैध हथियारों पर सख्त कार्रवाई की आवश्यकता भी जताई जा रही है.

ये भी पढ़ें

बिहार में 4279 नीलगायों को मारा गया, मंत्री बोले- फसल को नुकसान पहुंचाने के चलते उठाया गया कदम

समस्तीपुर में नीलगाय को मारने के लिए शूटर ने चलाई गोली, घास काट रही बच्ची को लगी

चना-मसूर की फसल को चट कर जा रही है नीलगाय, वन विभाग के पास पकड़ने का ऑर्डर नहीं, परेशान किसान कहां जाएं?

बिहार सरकार ने बुलाए 13 शूटर, इन जानवरों को देखते ही मार दी जाएगी गोली