बिहार में 4 SDPO बने एएसपी, 4 अधिकारियों का हुआ तबादला, देखें पूरी लिस्ट
पटना के लॉ एंड ऑर्डर SDPO समेत 4 अधिकारी ASP बने हैं., SSP ने अशोक स्तंभ का बैच पहनाया. पढ़ें खबर


Published : February 14, 2026 at 3:19 PM IST
पटना : राज्य सरकार ने चार वरीय पुलिस उपाधीक्षकों (SDPO) को पदोन्नत करते हुए अपर पुलिस अधीक्षक (ASP) बनाया है. इस संबंध में सामान्य प्रशासन विभाग ने अधिसूचना जारी कर दी है. जारी आदेश के अनुसार पद ग्रहण करने की तिथि से सभी अधिकारियों को अपर पुलिस अधीक्षक के पद पर निर्धारित वेतनमान और अन्य सुविधाओं का लाभ मिलेगा.
किन्हें मिला है प्रमोशन? : जिन अधिकारियों को प्रोन्नति मिली है, उनमें पटना के लॉ एंड ऑर्डर SDPO-1 कृष्ण मुरारी प्रसाद, संजीत कुमार प्रभात, राजकुमार शाह और सुमित कुमार शामिल हैं. प्रमोशन की खबर मिलते ही पुलिस महकमे में खुशी की लहर दौड़ गई.
2013 बैच के अधिकारी हैं कृष्ण मुरारी प्रसाद : लॉ एंड ऑर्डर SDPO-1 के रूप में कार्यरत कृष्ण मुरारी प्रसाद वर्ष 2013 बैच के पदाधिकारी हैं. इससे पहले वे नालंदा जिले में पदस्थापित थे. पिछले दो वर्षों से वे पटना में लॉ एंड ऑर्डर की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी संभाल रहे हैं. उनके कार्यकाल के दौरान राजधानी में विधि-व्यवस्था बनाए रखने में अहम भूमिका रही है.

SSP ने पहनाया अशोक स्तंभ का बैच : प्रमोशन के बाद शनिवार को कृष्ण मुरारी प्रसाद और संजीत कुमार प्रभात पटना के वरीय पुलिस अधीक्षक कार्तिकेय शर्मा के कार्यालय पहुंचे. इस मौके पर SSP ने दोनों अधिकारियों को अशोक स्तंभ का बैच पहनाकर सम्मानित किया और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं.
समारोह के दौरान पुलिस अधिकारियों और कर्मियों ने उन्हें बधाई दी. कोतवाली थानेदार अजय कुमार, बमबम कुमार और अरविंद कुमार निराला मिठाई और बुके लेकर शुभकामनाएं देने पहुंचे. इसके बाद बधाई देने वालों का तांता लगा रहा.
चार पुलिस पदाधिकारियों का तबादला : इधर, पटना जिले में तैनात चार पुलिस पदाधिकारियों का तबादला भी किया गया है. SSP कार्यालय की ओर से जारी आदेश के अनुसार फतुहा थानेदार इंस्पेक्टर सदानंद शाह को लाइन क्लोज कर दिया गया है. उनकी जगह इंस्पेक्टर कुमार रौशन को फतुहा का नया थानेदार बनाया गया है. वहीं सब इंस्पेक्टर कमलेश राज को सुलतानगंज थाने का थानाध्यक्ष बनाया गया है. इसके अलावा सब इंस्पेक्टर रवि कांत को गुलजारबाग टीओपी का प्रभारी नियुक्त किया गया है.
''पदोन्नति और तबादले की यह प्रक्रिया विभागीय कार्यकुशलता को और मजबूत करने के उद्देश्य से की गई है. नई जिम्मेदारियों के साथ सभी अधिकारी जल्द ही अपने-अपने पदों पर योगदान देंगे.''- पुलिस प्रशासन
ये भी पढ़ें :-
प्रवर्तन अवर निरीक्षक भर्ती: 24 से 27 फरवरी तक साक्षात्कार, जानें कैसे मिलेगा एडमिट कार्ड
बिहार में अपराधियों पर अब 'आसमान' से रखी जाएगी नजर, बोले ADG- 10 KM के दायरे में होगी निगहबानी

