ETV Bharat / state

फिरोजाबाद में डिवाइडर तोड़कर एक्सप्रेस-वे से नीचे गिरी, उज़्बेकिस्तान की दो महिला समेत चार घायल

प्रभारी निरीक्षक नगला खंगर गिरीश कुमार के मुताबिक, हादसा एक्सप्रेस-वे के 59.900 किलोमीटर प्वाइंट पर हुआ.

फिरोजाबाद में डिवाइडर तोड़कर एक्सप्रेस-वे से नीचे गिरी
फिरोजाबाद में डिवाइडर तोड़कर एक्सप्रेस-वे से नीचे गिरी (Photo credit: ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team

Published : February 28, 2026 at 8:55 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

फिरोजाबाद : आगरा लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर एक तेज रफ्तार इनोवा कार शनिवार को अनियंत्रित होकर डिवाइडर तोड़ती हुई नीचे जा गिरी. इस दर्दनाक हादसे में उज़्बेकिस्तान की दो महिला पर्यटक समेत चार लोग घायल हो गए. सभी घायलों को उपचार के लिए इटावा स्थित सैफई मेडिकल कॉलेज (पीजीआई) में भर्ती कराया गया है.



प्रभारी निरीक्षक नगला खंगर गिरीश कुमार के मुताबिक, हादसा थाना नगला खंगर क्षेत्र के अंतर्गत आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे के 59.900 किलोमीटर प्वाइंट पर हुआ. एक इनोवा कार लखनऊ से आगरा की ओर जा रही थी. कार में चालक समेत चार लोग सवार थे, जिनमें उज़्बेकिस्तान की दो महिला पर्यटक भी शामिल थीं. सभी विदेशी पर्यटक भारत भ्रमण पर आए हुए थे और लखनऊ से आगरा की ओर ताजमहल देखने जा रहे थे.



पुलिस के मुताबिक, जैसे ही कार 59.900 किलोमीटर प्वाइंट पर पहुंची, अचानक चालक का वाहन से नियंत्रण हट गया. प्राथमिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि चालक को नींद का झोंका आ गया, जिसके चलते कार अनियंत्रित हो गई. तेज रफ्तार कार डिवाइडर तोड़ती हुई एक्सप्रेस-वे से नीचे जा गिरी. हादसे के बाद कार में सवार लोगों में चीख-पुकार मच गई.

हादसे की सूचना मिलते ही थाना नगला खंगर पुलिस और यूपीडा (UPEDA) की टीम मौके पर पहुंची. टीम ने तत्परता दिखाते हुए क्षतिग्रस्त कार में फंसे घायलों को बाहर निकाला. विदेशी नागरिकों के शामिल होने के कारण मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को सैफई पीजीआई इटावा भेजा गया.

हादसे में घायल हुए लोगों में ड्राइवर मोहम्मद अफजल, संदीप चौरसिया, साथ ही उज़्बेकिस्तान की दो महिला पर्यटक सेन्विच एवं तरवीनाज (22) शामिल हैं. सभी का इलाज सैफई मेडिकल कॉलेज में चल रहा है. डॉक्टरों के अनुसार, घायलों की स्थिति फिलहाल स्थिर बताई जा रही है.

प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला चालक को नींद का झोंका आने से जुड़ा प्रतीत होता है, जिससे कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर तोड़ते हुए नीचे गिर गई. मामले की जांच की जा रही है. हादसे के बाद से एक्सप्रेस से दुर्घटनाग्रस्त वाहन को हटवाने के बाद यातायात को सुचारू कर दिया गया है.

यह भी पढ़ें : बेकाबू कार पेड़ से टकराकर पलटी, तीन युवकों की मौत; लखनऊ-प्रयागराज पर हुआ हादसा