आगरा में युवक की हत्या का खुलासा; पिता-पुत्र समेत चार गिरफ्तार, प्रेमी कर रहा था शादीशुदा बेटी को ब्लैकमेल
डीसीपी अतुल शर्मा ने बताया कि पुनीत सिसोदिया की हत्या के आरोप में पिता-पुत्र समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : January 7, 2026 at 8:52 PM IST
आगरा: आगरा पुलिस कमिश्नरेट के बरहन थाना क्षेत्र में बेटी का घर उजड़ने से बचाने के लिए पिता-पुत्र ने अन्य लोगों के साथ मिलकर एक युवक की हत्या की थी. हत्या को हादसा दिखाने के लिए शव सड़क किनारे फेंका था. पुलिस ने शव मिलने के बाद जांच शुरू की, तो सच सामने आ गया.
सीसीटीवी फुटेज से खुला राज: सीसीटीवी की रिकॉर्डिंग खंगाली तो हादसा नहीं, मामला हत्या का निकला. पुलिस ने छानबीन के आधार पर संदेह के दायरे में आए लोगों से पूछताछ की तो हत्या का खुलासा हुआ. पुलिस ने युवक की हत्या में पिता-पुत्र सहित चार आरोपी गिरफ्तार कर लिये. आरोपी ने माना कि उसने गलती से बेटी के प्रेमी के ममेरे भाई की हत्या कर दी थी.
पुनीत सिसोदिया की लाश 19 दिसंबर को मिली थी: 19 दिसंबर 2025 को आगरा के बरहन थाना क्षेत्र में एक युवक का शव खून से लथपथ मिला था. शव सड़क किनारे पड़ा था. मृतक की शिनाख्त पुनीत सिसोदिया निवासी बरहन के रूप में हुई थी. वह आंवलखेडा में साइबर कैफे संचालक फुफेरे भाई मुकेश चौहान के साथ रहता था. मुकेश चौहान निवासी नया बांस, बरहन ने पुनीत की हादसे में मौत का मुकदमा दर्ज कराया था.
भानु प्रताप धाकरे और उसका बेटा अनुज गिरफ्तार: डीसीपी अतुल शर्मा ने बताया कि खंदौली थाना क्षेत्र के खडगपुर निवासी मोहित कुमार को हिरासत में लिया. उसने पूछताछ में बताया कि आंवलखेडा निवासी भानु प्रताप धाकरे और उसके बेटे अनुज ने हत्या कराई है. इसके बाद पुलिस ने आरोपी भानु प्रताप और अनुज के साथ ही अभियुक्त अनिरुद्ध को दबोचा. पूछताछ में भानुप्रताप ने कबूला कि हत्या मुकेश की करनी थी. मगर, गलती से पुनीत की हत्या हो गई. अब यह लोग मुकेश चौहान की हत्या करने के फिराक में थे.
बेटी का घर टूटने की कगार पर था: डीसीपी अतुल शर्मा ने बताया कि अभियुक्तों ने पूछताछ में खुलासा किया है कि नया बांस निवासी मुकेश का आंवलखेडा कैफे है. पुनीत का भी कैफे है. अभियुक्त मोहित ने बताया कि वह आंवलखेडा निवासी भानुप्रताप धाकरे का ड्राइवर है. भानु प्रताप धाकरे ने बताया कि मुकेश की पहले उसकी बेटी से दोस्ती थी. जब इस बात का पता चला तो उसकी शादी कर दी.
पुराने फोटो और वीडियो वायरल करने की धमकी: भानु प्रताप ने कहा कि मुकेश की भी शादी हो गई. इसके बाद भी उसने उनकी बेटी से संबंध नहीं तोड़े. वह पुराने फोटो और वीडियो वायरल करने की धमकी देकर बेटी को परेशान कर रहा था. बेटी की ससुराल में भी इसको लेकर हंगामा हुआ था. मुकेश की वजह से बेटी का घर टूटने की कगार पर आ गया था. इसके बाद उसने मुकेश की हत्या का प्लान बनाया गया.
मुकेश की बाइक पुनीत चला रहा था: डीसीपी अतुल शर्मा ने बताया कि भानु प्रताप ने अपने पुत्र अनुज, कर्मचारी अनिरुद्ध निवासी सिकेरा, मटसैना और खंदौली थाना निवासी मोहित शर्मा को मुकेश चौहान की हत्या के प्लान में शामिल किया. मोहित और अनिरुद्ध ने इस हत्याकांड को अंजाम दिया. इसके लिए आरोपियों ने पहले मुकेश की रैकी की थी. यह लोग 19 दिसंबर को उसकी हत्या करने के लिए निकले. उस दिन मुकेश की बाइक लेकर ममेरा भाई पुनीत कैफे से निकला था.
सर्दी की वजह से मुंह ढंका हुआ था: पुनीत ने सर्दी की वजह से मुंह पर मफलर बांध रखा था. इस वजह से आरोपी उसे पहचान नहीं सके. आरोपियों ने बीच रास्ते में पुनीत को रोककर उस पर लाठी-डंडे से हमला बोला. उसकी मौके पर ही मौत हो गई. इसके बाद आरोपी मौके से भाग गए. अगले दिन पता चला कि मुकेश नहीं, बल्कि गलती से उसके ममेरे भाई की हत्या हो गई है. अब इन्होंने मुकेश की हत्या करने की प्लान बनाया था.
यह भी पढ़ें- योगी सरकार ने रद्द की असिस्टेंट प्रोफेसर भर्ती परीक्षा, जानिए क्यों लिया फैसला?

