होली के रंग में घुली मौत की चीत्कार, सीतामढ़ी में दो परिवार के 4 लोगों की दर्दनाक मौत
सीतामढ़ी में शौचालय की टंकी में गिरे एक शख्स को बचाने के चक्कर में 4 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई है. पढ़ें

Published : March 4, 2026 at 1:31 PM IST
सीतामढ़ी: बिहार के सीतामढ़ी में होली की खुशियां मातम में बदल गई. शौचालय की टंकी में एक शख्स गिरा था,उसे बचाने के चक्कर में 4 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई. मामला बोखरा प्रखंड के कुरहर का है, जहां शौचालय की टंकी में दम घुटने से चार लोगों की मौत हो गई. घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए सीतामढ़ी सदर अस्पताल भेज दिया गया है.
चार लोगों की मौत: बोखड़ा थाना क्षेत्र के कुरहर पंचायत के वार्ड संख्या 13 में मंगलवार की शाम यह घटना हुई. सेप्टिक टैंक के अंदर जहरीली गैस के कारण दम घुटने से सात लोग गंभीर रूप से अचेत हो गए. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई.
3 की बची जान: ग्रामीणों की तत्परता से सभी को टैंक से बाहर निकाला गया और तत्काल इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया. प्राथमिक उपचार के बाद चार लोगों की स्थिति अत्यंत नाजुक देखते हुए उन्हें सदर अस्पताल, सीतामढ़ी रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान पिता-पुत्र समेत चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई.

मृतकों के नाम: मृतकों की पहचान लालू सहनी के 40 वर्षीय पुत्र राजीव सहनी, 30 वर्षीय पुत्र रविन्द्र सहनी, रामबाबू के 26 वर्षीय पुत्र विनय सहनी और मृतक राजीव सहनी के 12 वर्षीय पुत्र कृष्ण कुमार के रूप में हुई है. सभी मृतक कुरहर पंचायत के वार्ड संख्या 12 के निवासी बताए जा रहे हैं. घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गए.
"एक शख्स के सेप्टिक टैंक में गिर जाने के बाद उसे बचाने के प्रयास में एक-एक कर लोग टैंक के अंदर उतरते गए. टैंक की गहराई अधिक होने और अंदर पर्याप्त हवा का संचार नहीं होने के कारण सभी का दम घुटने लगा, जिससे यह हादसा हुआ."- अमित रंजन, एसपी, सीतामढ़ी
शराब बनाने की भी चर्चा: वहीं स्थानीय स्तर पर कुछ लोग दबी जुबान से यह भी चर्चा कर रहे हैं कि टैंक के अंदर अवैध रूप से शराब बनाने का कार्य किया जाता था, जिससे जहरीली गैस का रिसाव हुआ.। हालांकि पुलिस ने कहा है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और जांच के बाद ही वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेगा. प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि सेप्टिक टैंक या बंद स्थानों में बिना सुरक्षा उपाय के प्रवेश न करें, क्योंकि ऐसे स्थानों में जहरीली गैस का खतरा बना रहता है.
ये भी पढ़ें
बिहार में अंगीठी जलाकर सोया परिवार, दम घुटने से 3 बच्चों सहित 4 की मौत
सर्दी होने पर बच्ची की नाक पर लगाया बाम और कपूर, दम घुटने से मौत, होम रेमेडी पर डॉक्टरों ने चेताया

