ETV Bharat / state

पलामू में मैट्रिक परीक्षा के बाद चार छात्राएं घर से भागीं, मध्य प्रदेश के कटनी से रेलवे सुरक्षा बल ने बरामद किया

पलामू में मैट्रिक परीक्षा के बाद चार छात्राएं घर से भाग गईं. हालांकि पुलिस ने उन्हें ट्रेस कर लिया है.

Girls ran away from home
चैनपुर थाना (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Jharkhand Team

Published : February 18, 2026 at 6:34 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

पलामू: झारखंड के पलामू जिले में मैट्रिक परीक्षा देने के बाद चार छात्राएं घर नहीं लौटीं. पुलिस की त्वरित कार्रवाई और रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की मदद से सभी चारों को मध्य प्रदेश के कटनी रेलवे स्टेशन से सुरक्षित बरामद कर लिया गया है. पुलिस टीम अब उन्हें वापस लाने के लिए कटनी रवाना हो चुकी है.

चैनपुर के थाना प्रभारी श्रीराम शर्मा ने बताया कि परीक्षा देने के बाद चारों लड़कियां भाग गई थीं. पुलिस ने पूरे मामले की जानकारी आरपीएफ को दी थी. जिसके बाद कटनी से सभी को बरामद किया गया है. थाना की एक टीम कटनी रवाना हो गई है.

चारों छात्राएं चैनपुर थाना क्षेत्र के सलतुआ गांव की रहने वाली हैं. वे मैट्रिक परीक्षा के केंद्र पर मंगलवार को परीक्षा देने पहुंची थीं. परीक्षा समाप्त होने के बाद वे घर वापस नहीं लौटीं. देर शाम तक उनके न लौटने पर परिजनों ने चिंता जताई और खोजबीन शुरू की. जब कहीं कोई सुराग नहीं मिला तो परिजनों ने चैनपुर थाना में सूचना दी.

पुलिस ने तत्काल तकनीकी जांच शुरू की और लड़कियों की लोकेशन ट्रेस की. जांच में पता चला कि वे शक्तिपुंज एक्सप्रेस ट्रेन पकड़कर मध्य प्रदेश की ओर चली गई थीं. पुलिस ने इसकी जानकारी रेलवे सुरक्षा बल को दी, जिसके बाद आरपीएफ ने कटनी रेलवे स्टेशन पर कार्रवाई करते हुए चारों छात्राओं को बरामद किया.

शुरुआती पूछताछ में क्या खुलासा?

बरामदगी के बाद प्रारंभिक पूछताछ में लड़कियों ने बताया कि वे नौकरी की तलाश में घर छोड़कर भाग गई थी. पुलिस का कहना है कि विस्तृत पूछताछ और परिजनों से बातचीत के बाद ही पूरा मामला स्पष्ट हो पाएगा कि वे घर क्यों छोड़कर गईं. फिलहाल सभी लड़कियां सुरक्षित हैं और उन्हें कटनी में रखा गया है.

चैनपुर थाने की एक टीम लड़कियों को वापस लाने के लिए मध्य प्रदेश रवाना हो गई है. पुलिस ने इस घटना को गंभीरता से लिया है और कहा है कि लड़कियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ-साथ उनके भागने के पीछे के कारणों की गहन जांच की जाएगी.

झारखंड में वर्तमान समय में मैट्रिक एवं इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षाएं चल रही हैं. ऐसे में अभिभावकों को सलाह दी जा रही है कि वे अपने बच्चों पर नजर रखें और किसी भी असामान्य गतिविधि पर तुरंत पुलिस को सूचित करें.

ये भी पढ़ें:

झारखंड से लगातार गायब हो रहे बच्चे, पर नहीं दर्ज हो रही एफआईआरः अरुण सिंह

बोकारो से लापता हुई पुष्पा कुमारी का पुलिस को नहीं मिल रहा कोई सुराग, 5 साल पहले सेजल भी हुई थी गायब