ETV Bharat / state

हाईवे पर लुटेरों का आतंक: मुंबई के फोटोग्राफरों से लूटने वाले गिरोह का पर्दाफाश, 4 गिरफ्तार

राजस्थान और गुजरात में 21 आपराधिक मामले दर्ज हैं. आरोपियों के पास से धारदार हथियार और दो मोटरसाइकिल जब्त की गई हैं.

four robbers arrested
हाइवे पर लूट के आरोपी गिरफ्तार (Etv Bharat Dungarpur)
author img

By ETV Bharat Rajasthan Team

Published : February 24, 2026 at 7:07 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

डूंगरपुर: नेशनल हाईवे-48 पर मुंबई के फोटोग्राफरों को बंधक बनाकर लूटने वाले बदमाशों का पुलिस ने खुलासा किया है. पुलिस थाना बिछीवाड़ा और जिला विशेष टीम (डीएसटी) ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए 4 शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है. इनके खिलाफ राजस्थान और गुजरात में 21 आपराधिक मामले दर्ज हैं. आरोपियों के पास से धारदार हथियार और दो मोटरसाइकिल जब्त की गई हैं, जबकि एक फरार आरोपी की तलाश जारी है.

रात के अंधेरे में अंजाम दी थी वारदात: एसपी मनीष कुमार ने बताया कि 9 फरवरी की रात एनएच-48 पर आमझरा-बरोठी के बीच एक पेट्रोल पंप के पास यह वारदात हुई थी. मुंबई के दो फोटोग्राफर प्राइवेट टैक्सी से अहमदाबाद एयरपोर्ट जा रहे थे. आधी रात को बारौठी पुलिया के पास तकनीकी खराबी के चलते गाड़ी रुक गई. ड्राइवर पेट्रोल लेने पंप पर गया ही था कि बाइक पर सवार बदमाशों ने कार में बैठे दोनों फोटोग्राफरों को बंधक बना लिया. उनके साथ मारपीट कर कैश और कैमरे लूट लिए. पेट्रोल लेकर लौटे ड्राइवर के साथ भी मारपीट की गई, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया. बदमाश मौके से कार भी लूटकर ले गए थे.

थानाधिकारी कैलाश सोनी (Etv Bharat Dungarpur)

पढ़ें: कोटा में लुटेरों का आतंक, एक ही दुकान के मालिक नौकर से अलग-अलग जगह लूट

बड़ी वारदात की योजना के बीच दबोचे गए: थानाधिकारी कैलाश सोनी ने बताया कि नेशनल हाईवे पर कुछ युवकों के डकैती की बड़ी योजना बनाने की सूचना मिली थी. इस पर डीएसटी और बिछीवाड़ा पुलिस ने घेराबंदी कर 4 बदमाशों को मौके से दबोच लिया, जबकि भूपेन्द्र उर्फ पप्पू निवासी बिजुड़ा मौका पाकर फरार हो गया. गिरफ्तार आरोपियों में सुनील (25) पुत्र खातू बरंडा मीणा निवासी पाटिया, चुन्नीलाल उर्फ सुनील (21) पुत्र कावाराम बोड़ात मीणा निवासी पहाड़ा, संजय (23) पुत्र जीवाजी दुहा मीणा और रमेश उर्फ पी.के. (23) पुत्र शांतिलाल दुहा मीणा निवासी बिजुड़ा शामिल हैं. आरोपियों के पास से तलवार, फरसा, भाला, लट्ठ और मिर्च पाउडर के पैकेट बरामद हुए हैं. मौके से दो पावर बाइक भी जब्त की गईं.

आपराधिक रिकॉर्ड हैरान करने वाला: पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार चारों आरोपियों के खिलाफ राजस्थान और गुजरात के विभिन्न थानों में चोरी, हाईवे लूट, डकैती, हत्या, शराब तस्करी, मारपीट और आगजनी के कुल 21 मामले दर्ज हैं. वहीं फरार आरोपी भूपेन्द्र उर्फ पप्पू के खिलाफ भी 17 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं. पूछताछ में आरोपियों ने हाइवे पर डकैती की वारदात कबूल कर ली है. पुलिस के अनुसार ये बदमाश हाइवे पर गुजरने वाले वाहनों और यात्रियों को निशाना बनाने की फिराक में थे, तभी पुलिस ने समय रहते इन्हें दबोच लिया.