लड़की बनकर करते थे चैट, बकरा-बकरी बेचकर ठगते थे रुपए, चार गिरफ्तार
सीकरी थाना पुलिस ने चारों आरोपियों से 8 मोबाइल, फर्जी सिम, एटीएम और अपाचे मोटरसाइकिल बरामद की.

Published : November 15, 2025 at 2:37 PM IST
भरतपुर/डीग: सोशल मीडिया पर लड़की बनकर चैट करना, सस्ते दाम में ऑनलाइन बकरा-बकरी बेचने का झांसा देना और फर्जी विज्ञापन डालकर लोगों को फंसाना, इसी तरीके से मेवात क्षेत्र में सक्रिय चार साइबर ठग हजारों-लाखों की ठगी कर रहे थे. सीकरी थाना पुलिस ने इनकी चालाकियां भांपते हुए चारों आरोपियों को रंगे हाथ पकड़ा. आरोपियों से 8 एंड्रॉयड मोबाइल फोन, फर्जी सिम कार्ड, एटीएम कार्ड और एक अपाचे मोटरसाइकिल बरामद की गई.
सीकरी थानाधिकारी टीकम सिंह ने एएसआई दशरथ सिंह के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की थी. ‘एंटीवायरस अभियान’ के तहत इलाके में साइबर अपराधियों की तलाश जारी थी, तभी साइबर सेल डीग से सूचना मिली कि साइबर हेल्पलाइन 1930 पर दर्ज ठगी शिकायतों में उपयोग किए गए कुछ मोबाइल नंबरों की लोकेशन गांव झंझार और वजीरखेड़ी के बीच आ रही है. सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची. पुलिस ने बांध के पास चार युवकों को मोबाइल चलाते देखा. युवकों ने वर्दीधारियों को देखते ही मोबाइल छिपाने की कोशिश की. शक के आधार पर पुलिस ने रोका और पूछताछ की. चारों युवकों की पहचान नसीम पुत्र कमरू (20), वकील पुत्र कमरू (27), नसीम पुत्र सुबेदार (25) और अफसर पुत्र जमिता (22) के रूप में हुई, जो सभी थाना सीकरी क्षेत्र के रहने वाले हैं.
पढ़ें:ऑपरेशन एंटीवायरस 2.0 : डीग पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 14 साइबर ठग गिरफ्तार
ऐसे करते थे ठगी: तलाशी में आरोपियों से साइबर ठगी में उपयोग किए जा रहे आठ मोबाइल फोन सिम समेत, एक फर्जी सिम कार्ड, एक एटीएम कार्ड और मोटरसाइकिल बरामद हुई. पूछताछ में खुलासा हुआ कि गिरोह चोरी के मोबाइलों और फर्जी सिम कार्ड से फर्जी व्हाट्सएप, फेसबुक, मैसेंजर और इंस्टाग्राम आईडी बनाकर चालबाजी करता था. ये गैंग कभी लड़की बनकर चैट करता, तो कभी सस्ते दाम में बकरा-बकरी बेचने का विज्ञापन डालकर लोगों को फंसाता.
ठगी की चेन तलाश रही पुलिस: पुलिस के अनुसार, एक बार कोई शख्स फर्जी विज्ञापन पर कॉल करता तो ठग फाइल चार्ज, डिलीवरी चार्ज या एडवांस बुकिंग के नाम पर पैसे मंगवाते और गूगल पे आदि के स्कैनर के जरिए रकम अपने कमीशन वाले साथियों से निकलवाते. पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर मामला दर्ज कर लिया. पुलिस अब गैंग के बाकी सदस्यों, फर्जी खातों और ठगी की पूरी चेन की जांच कर रही है.

