लखनऊ में करोड़ों के प्रोजेक्ट का शिलान्यास, आगरा एक्सप्रेस-वे से लोहिया पथ तक सड़क की घोषणा
विकास कार्यों में पश्चिम, उत्तर, बख्शी का तालाब, सरोजनीनगर व पूर्वी विधानसभा की सड़कें शामिल हैं.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : February 27, 2026 at 10:06 PM IST
लखनऊ: जिला नगरीय विकास अभिकरण (डूडा) के 6 करोड़ 10 लाख के विभिन्न 25 विकास कार्यों का शिलान्यास शुक्रवार को भाजपा नेता नीरज सिंह ने किया. विकास कार्यों में पश्चिम, उत्तर, बख्शी का तालाब, सरोजनीनगर व पूर्वी विधानसभा की सड़कें शामिल हैं. कार्यक्रम में नीरज सिंह ने कहा कि इन विकास कार्यों से क्षेत्र में यातायात व्यवस्था सुगम होगी तथा नागरिकों को आधारभूत सुविधाओं का व्यापक लाभ प्राप्त होगा.
मीडिया प्रभारी प्रवीण गर्ग ने बताया कि कार्यक्रम में दिवाकर त्रिपाठी, राघवेंद्र शुक्ला, क्षेत्रीय पार्षद विनोद कुमार यादव मौजूद रहे. नीरज सिंह ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2026–27 के लिए 10 प्रमुख विकास कार्यों के प्रस्तावित प्रमुख कार्यों में हैदर कैनाल पर 11.48 किमी लंबी एलिवेटेड फोरलेन सड़क का निर्माण डॉ. शकुंतला मिश्रा राष्ट्रीय विश्वविद्यालय मोहन रोड हाईवे से राजाजीपुरम, बालाजी मंदिर, मवैया, चारबाग होते हुए कालिदास मार्ग तक होगा.
अवध चौराहे से आगरा एक्सप्रेस-वे को जोड़ने वाली सड़क के अंतर्गत पुराने पारा थाना (मणि महेश्वर शिव मंदिर) से हंस खेड़ा रोड की ओर ओवरब्रिज एवं अंडरपास निर्माण होगा. पाल तिराहा से लाल मस्जिद, आलमनगर पुल तक सड़क चौड़ीकरण का कार्य किया जाएगा. पंडित दीनदयाल उपाध्याय राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय, राजाजीपुरम से धनिया मेहरी पुल, संगम सिटी, कनक सिटी रिंग रोड होते हुए दुबग्गा तिराहा टीओपी टावर तक शारदा नहर खंड-2 के अंतर्गत एलिवेटेड फोरलेन सड़क निर्माण होगा.
निबाड़ाज चौराहे से पत्थरकट्टा मोहन रोड तिराहा तक कैंपबेल रोड का चौड़ीकरण, डिवाइडर एवं स्ट्रीट लाइट स्थापना. सोना विहार, सदातगंज वार्ड से भपटामऊ, न्यू हैदरगंज-2 वार्ड, आलमनगर साइडिंग रेलवे क्रॉसिंग पर अंडरपास निर्माण. आलमनगर सैटेलाइट स्टेशन पर एक निकासी द्वार बादशाह खेड़ा की ओर तथा आलमनगर दक्षिण में द्वितीय निकास द्वार का निर्माण होगा.
दुबग्गा चौराहे से कन्हैया माधवपुर-2, न्यू हैदरगंज-2 एवं न्यू हैदरगंज-3 वार्ड होते हुए केसरखेड़ा तक शारदा नहर पर लगभग 12 किमी आरसीसी नाला निर्माण. लेबर कॉलोनी वार्ड के नंदा खेड़ा में सुमनपुर झील का अमृत योजना के अंतर्गत सौंदर्यीकरण, स्मार्ट सिटी, अमृत योजना के अंतर्गत पश्चिम विधानसभा के सभी वार्डों में क्षतिग्रस्त सीवर लाइन की मरम्मत एवं नई सीवर पाइप लाइन का निर्माण कार्य होगा.
यह भी पढ़ें : कानपुर में कांग्रेस का अनोखा प्रदर्शन, टूटी सड़क पर कफन, फूल और अगरबत्ती लगाई

