ETV Bharat / state

कुचामन की हनुमान कॉलोनी में बदबूदार पानी की सप्लाई, इंदौर की घटना याद कर सहमे लोग पहुंचे एसडीएम ऑफिस

पानी इतना गंदा व मटमैला है कि लोग नहाने या सफाई के काम भी नहीं ले सकते. समस्या बताने एसडीएम के पास पहुंची महिलाएं.

Foul-smelling water supply in Hanuman Colony
हनुमान कॉलोनी में बदबूदार पानी की सप्लाई (ETV Bharat Kuchaman City)
author img

By ETV Bharat Rajasthan Team

Published : January 5, 2026 at 3:58 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

कुचामन सिटी: कुचामन सिटी में पंचायत समिति के पीछे हनुमान कॉलोनी में जलदाय विभाग की पाइपलाइन से सप्लाई हो रहे गंदे और बदबूदार पानी से हड़कंप मचा है. पानी इतना गंदा व मटमैला है कि लोग नहाने या सफाई के काम भी नहीं ले सकते. मोहल्लेवासियों में इससे बीमारियां फैलने की आशंका जताई. मध्य प्रदेश के इंदौर में दूषित पानी से हुई मौतों को याद कर सहम गए.

दूषित व बदबूदार पानी की समस्या लेकर क्षेत्र की महिलाएं सोमवार को उपखंड अधिकारी कार्यालय पहुंचीं. महिलाएं अपने साथ गंदा पानी लाई थी. एसडीएम को समस्या की जानकारी देकर स्वच्छ पानी सप्लाई की मांग की. इधर, जलदाय विभाग के जेईएन चंद्रप्रकाश सिंह ने कहा कि हनुमान कॉलोनी में गंदे पानी की शिकायत मिली है. जल्द ही पाइपलाइन सही कराकर समस्या का समाधान कराया जाएगा.

कॉलोनीवासी बोले... (ETV Bharat Kuchaman City)

पढ़ें: भरतपुर में जल संकट : छह महीने से गंदा पानी पीने को मजबूर लोग, महिलाओं ने किया विरोध प्रदर्शन

जताया गुस्सा: जलदाय विभाग पहुंचीं महिलाओं ने खुलकर गुस्सा जताया. महिलाओं ने कहा कि कुछ दिन से घरों में नलों से पानी नहीं, बल्कि बीमारियां टपक रही हैं. प्रशासन चुप है. इनका कहना था कि हाल में इंदौर में दूषित पानी पीने से हुई मौतों और सैकड़ों लोगों के बीमार पड़ने की घटना ने उन्हें गहरी चिंता में डाल दिया. आशंका है कि समय रहते व्यवस्था नहीं सुधरी तो कुचामन में भी ऐसी अनहोनी हो सकती है.

सीवरेज का पानी मिलने का आरोप: स्थानीय निवासियों का आरोप है कि पाइपलाइन में सीवरेज का पानी मिल रहा है. इससे नलों से दुर्गंधयुक्त और मटमैला पानी आ रहा है. लोग महंगे कैंपरों से पानी खरीदने को विवश हैं, जो हर किसी के बस की बात नहीं है. स्थानीय निवासियों के मुताबिक, इस कॉलोनी में पेयजल के साथ अंडरग्राउंड नालियों की स्थिति बदतर है. लंबे समय से नालियां चोक हैं. इससे सड़कों पर कीचड़ और गंदा पानी जमा रहता है. इससे उठती दुर्गंध ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है. बुखार, डेंगू और मलेरिया जैसी बीमारियों का खतरा है.

पढ़ें: बाड़मेर में दूषित पानी से सिंचित सब्जियों से हो रहा आमजन की सेहत से खिलवाड़- विधायक प्रियंका

नालियां जाम: महिलाओं ने शीघ्र समाधान की मांग की. स्थानीय निवासी इंदु वर्मा सेन ने बताया कि क्षेत्र की नालियां जाम हैं. गंदगी सड़कों पर बह रही है. बदबू के चलते खाना तक नहीं खा पा रहे. शिकायत के बावजूद सुनवाई नहीं हो रही. माया ने कहा, दूषित पानी और गंदगी से बुजुर्ग व बच्चे बीमार पड़ रहे हैं. कई बार ज्ञापन दिए, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई. गुलाब देवी ने कहा कि गरीब आदमी रोज 20-30 रुपए का कैंपर कैसे खरीदे. मनीषा शर्मा ने चेताया कि जल्द अंडरग्राउंड पाइपलाइन की जांच कर लीकेज ठीक नहीं किया गया तो महिलाएं खाली मटके लेकर प्रदर्शन करेंगी.