झांसी की कोर्ट में पूर्व सपा विधायक ने क्यों किया सरेंडर? जानिए पूरा मामला
झांसी की गरौठा विधानसभा से रह चुके हैं विधायक, 5 दिन पहले 20 करोड़ की संपत्ति हो चुकी कुर्क.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : December 18, 2025 at 1:39 PM IST
|Updated : December 18, 2025 at 9:49 PM IST
झांसी: जिले की गरौठा विधान सभा से समाजवादी पार्टी के पूर्व विधायक दीपनारायण सिंह यादव ने गुरुवार को कोर्ट में सरेंडर कर दिया. पुलिस 22 दिन से उनकी तलाश कर रही थी. 5 दिन पहले पुलिस पूर्व विधायक की 20 करोड़ की संपत्ति भी कुर्क कर चुकी है. उनके खिलाफ डकैती और रंगदारी का मामला दर्ज है.
अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण डॉ. अरविंद कुमार ने बताया, थाना मोठ पर पंजीकृत अभियोग में दो अभियुक्त पहले ही जेल जा चुके हैं. मामले में वांछित अभियुक्त दीप नारायण ने आज न्यायालय में आत्मसमर्पण किया. न्यायालय ने दीपनारायण को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है.
क्या था मामला: बता दें कि मोंठ कोतवाली क्षेत्र के ग्राम भुजौंद निवासी प्रेम सिंह पालीवाल ने समाजवादी पार्टी के पूर्व विधायक दीपनारायण सिंह यादव के खिलाफ थाने में मामला दर्ज कराया था. प्रेम सिंह ने उन पर डरा धमकाकर जमीन लिखवाने, डकैती और रंगदारी जैसे गंभीर आरोप लगाए थे. पुलिस ने पूर्व विधायक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया था. तभी से पूर्व विधायक फरार चल रहे थे. पुलिस लगातार उनकी तलाश में दबिश दे रही थी. पुलिस उनके मैनेजर और दो अन्य लोगों को इस मामले में पहले ही जेल भेज चुकी है. मंगलवार को पूर्व विधायक के मैनेजर को कोर्ट ने जमानत दे दी थी. बता दें कि पूर्व सपा विधायक दीपनारायण सिंह यादव 2017 में गरौठा विधान सभा से जीते थे.
16 दिसंबर को करना था सरेंडर: पूर्व विधायक ने न्यायालय में सरेंडर करने के लिए प्रार्थना पत्र दिया था. 16 दिसंबर को उनको न्यायालय में सरेंडर करना था लेकिन पुलिस की सख्ती के चलते वह कोर्ट नहीं पहुंच सके. गुरुवार सुबह पूर्व विधायक ने कोर्ट में सरेंडर कर दिया. इसकी सूचना जैसे ही पुलिस महकमे को मिली तो कचहरी में भारी पुलिस बल पहुंच गया. बता दें कि इस मामले में पुलिस 13 दिसंबर को पूर्व विधायक की 20 करोड़ रुपए की 3 प्रॉपर्टी कुर्क कर चुकी है.
पहले भी जा चुके जेल: पूर्व विधायक दीपनारायण सिंह यादव इससे पहले भी जेल जा चुके हैं. करीब 2 साल पहले सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव भी उनसे मिलने झांसी आए थे. अखिलेश ने उनके आवास पर परिजनों से मुलाकात की थी. उसके 2 दिन बाद प्रशासन ने उनके आवास को कुर्क कर दिया था.
एसएसपी क्या बोले: इस बारे में एसएसपी बीबीजीटस मूर्ति ने बताया कि पूर्व विधायक दीपनारायण सिंह यादव पर मोंठ थाने में साथियों के साथ मिलकर लूट और रंगदारी के आरोप में मामला दर्ज किया गया था. उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार पुलिस टीम दबिश दे रही थी. गुरुवार को उन्होंने कोर्ट में सरेंडर कर दिया.
जेल जाने से पहले मीडिया से क्या बोले पूर्व विधायक: दीपनारायण ने कोर्ट से जेल जाते समय, मीडिया के सवालों का जवाब देते हुए कहा, 'आप स्वयं निष्पक्ष जांच करा के देख लें, आरोप कितना सही और कितना गलत है'. वहीं पूर्व विधायक के वकील आबिद वारसी ने बताया कि उन्होंने न्यायालय से अग्रिम जमानत देने के लिए प्रार्थना पत्र दिया, जिस पर न्यायाधीश ने कहा कि पहले जेल और उसके बाद मामले की सुनवाई होगी.

