ETV Bharat / state

Video: फतेहाबाद में पूर्व सरपंच हत्याकांड, भतीजे ने बताई हमले की पूरी कहानी, 6 आरोपी पर FIR

फतेहाबाद के पूर्व सरपंच राजेंद्र खिलेरी की हत्या का सीसीटीवी वीडियो सामने आया है. फायरिंग के बाद युवक मौके से भागते दिखाई दे रहे हैं.

Fatehabad Former Sarpanch Murder
Fatehabad Former Sarpanch Murder (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Haryana Team

Published : July 5, 2026 at 1:18 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

फतेहाबाद: खाराखेड़ी गांव के पूर्व सरपंच राजेंद्र खिलेरी की हत्या के मामले में बड़ा अपडेट सामने आया है. वारदात का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है, जिसमें फायरिंग के बाद कुछ युवक मौके से भागते दिखाई दे रहे हैं. पुलिस ने मृतक के भतीजे सौरव की शिकायत पर निलंबित सरपंच संजय कुमार, विनोद कुमार समेत छह आरोपियों के खिलाफ हत्या और साजिश का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पूर्व सरपंच का अंतिम संस्कार रविवार को उनके पैतृक गांव में किया जाएगा.

ढाबे पर बैठे थे पूर्व सरपंच, तभी शुरू हो गई फायरिंग: पुलिस को दिए बयान में मृतक के भतीजे सौरव ने बताया कि "4 जुलाई 2026 की शाम करीब 6 बजे वह अपने ताऊ राजेंद्र खिलेरी के साथ रंगला पंजाब तड़का ढाबा पर बैठे थे. इस दौरान ढाबे के पास बनी दीवार की तरफ से दो मोटरसाइकिलों पर सवार होकर कई युवक वहां पहुंचे. इनमें जिले सिंह उर्फ सेठी, विनोद, बिक्रम और हरीश शामिल थे. सभी के हाथों में पिस्तौल थीं और उनके साथ दो से तीन अन्य युवक भी मौजूद थे. आते ही आरोपियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी."

फतेहाबाद में पूर्व सरपंच हत्याकांड, भतीजे ने बताई हमले की पूरी कहानी, (ETV Bharat)

गोलियां लगने से पूर्व सरपंच की मौत: सौरव ने बताया कि :फायरिंग के दौरान राजेंद्र खिलेरी के सीने और शरीर के अन्य हिस्सों में कई गोलियां लगीं. अपनी जान बचाने के लिए वह जमीन पर लेट गया. गोलीबारी की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके की ओर दौड़े, जिसके बाद सभी हमलावर वहां से फरार हो गए."

CCTV फुटेज में भागते दिखे आरोपी: घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है. फुटेज में फायरिंग के बाद कुछ युवक मौके से भागते हुए दिखाई दे रहे हैं. पुलिस इस फुटेज को जांच का अहम हिस्सा मानते हुए आरोपियों की गतिविधियों और घटनाक्रम की पड़ताल कर रही है. शिकायत में आरोप लगाया गया है कि हमलावर अपनी दोनों मोटरसाइकिलें घटनास्थल पर छोड़कर भाग गए. इसके बाद गांव के निलंबित सरपंच संजय कुमार उन्हें अपनी कार में बैठाकर वहां से ले गया. सौरव ने आरोप लगाया है कि संजय कुमार भी हत्या की साजिश में शामिल था.

पुरानी रंजिश बनी हत्या की वजह: शिकायतकर्ता के अनुसार, 16 अप्रैल 2026 को उनके परिवार और विनोद गोदारा के परिवार के बीच झगड़ा हुआ था, जिसका मामला थाना सदर फतेहाबाद में दर्ज है. इसके अलावा निलंबित सरपंच संजय कुमार भी पंचायत चुनाव की रंजिश को लेकर राजेंद्र खिलेरी से नाराज रहता था. इसी पुरानी दुश्मनी के चलते हत्या की वारदात को अंजाम दिए जाने का आरोप लगाया गया है.

छह आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज: पुलिस ने सौरव की शिकायत के आधार पर विनोद कुमार, निलंबित सरपंच संजय कुमार समेत छह आरोपियों के खिलाफ हत्या, आपराधिक साजिश और अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है. पुलिस आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है और सीसीटीवी फुटेज सहित अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है.

ये भी पढ़ें- फतेहाबाद में ढाबे पर बैठे पूर्व सरपंच की गोलियों से भूनकर हत्या, बाइक सवार हमलावरों ने बरसाईं ताबड़तोड़ गोलियां