चाईबासा मर्डर केस: पूर्व नक्सली की पीट पीटकर हत्या, पुलिस हर एंगल से कर रही जांच
चाईबासा में पूर्व नक्सली की कुछ बदमाशों ने बेरहमी से हत्या कर दी.

Published : April 25, 2026 at 4:49 PM IST
चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले में एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है. जहां गोइलकेरा थाना क्षेत्र के दुगुनिया गांव निवासी एक युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई. मृतक की पहचान 32 वर्षीय रमेश चांपिया के रूप में हुई है, जो पहले नक्सली संगठन से जुड़ा हुआ बताया जा रहा है.
जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार देर रात करीब 11 बजे 4-5 हथियारबंद लोग रमेश के घर पहुंचे. उन्होंने उसे बाहर बुलाया और अपने साथ ले गए. बताया जा रहा है कि रमेश की पत्नी भी कुछ दूरी तक उनके पीछे गई लेकिन हथियारबंद लोगों ने उसे धमकाकर वापस भेज दिया.
500 मीटर दूर ले जाकर की हत्या
इसके बाद आरोपियों ने रमेश को घर से कुछ दूरी पर ले जाकर उसकी बेरहमी से पिटाई की, जिससे उसकी मौत हो गई. प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, हमलावरों ने उसके साथ काफी क्रूरता बरती. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी शव को गोइलकेरा-मनोहरपुर मुख्य सड़क पर फेंककर फरार हो गए.
सुबह सड़क पर शव मिलने से फैली दहशत
शनिवार सुबह स्थानीय लोगों ने सड़क पर शव देखा, जिसके बाद इलाके में दहशत फैल गई. सूचना मिलने पर गोइलकेरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए चक्रधरपुर अनुमंडल अस्पताल भेज दिया.
पहले नक्सली संगठन से जुड़ा था मृतक
जानकारी के अनुसार, रमेश पहले नक्सली संगठन का सक्रिय सदस्य रह चुका था और इसी कारण वह पुलिस के रडार पर आया था, उसे गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था. जेल से रिहा होने के बाद उसने संगठन से दूरी बना ली और सामान्य जीवन जीने लगा था. वर्तमान में वह सड़क निर्माण कार्य में मुंशी के रूप में काम कर रहा था.
संगठन से दूरी बनाना बनी मौत की वजह
प्रारंभिक आशंका जताई जा रही है कि संगठन से दूरी बनाने के कारण ही वह नक्सलियों के निशाने पर था. हालांकि, पुलिस अभी इस एंगल की पुष्टि नहीं कर रही है.
हत्या की घटना की पुष्टि हुई है लेकिन यह नक्सली वारदात है या नहीं, इसकी जांच की जा रही है. पुलिस टीम घटनास्थल का निरीक्षण कर सभी पहलुओं की जांच कर रही है: अमित रेनू, एसपी
ये भी पढ़ें- पलामू में महिला की पत्थर से कुचलकर हत्या, पुलिस को मिले अहम सुराग
धनबाद में हत्याकांड का खुलासा: गला रेतकर युवक की हत्या में चार आरोपी गिरफ्तार
बेटे ने मां की पत्थर से कूचकर की हत्या, विवाद के बाद पुत्र ने उठाया क्रूर कदम

