ETV Bharat / state

पूर्व मुखिया की गाड़ी को पहले ट्रक से मारा धक्का, फिर बरसाई ताबड़तोड़ गोलियां

नालंदा में अपराधियों का मनोबल इस कदर बढ़ गया है कि दिनदहाड़े पूर्व मुखिया की जान लेने की कोशिश हुई है. पढ़ें..

Nalanda Crime
नालंदा में पूर्व मुखिया पर हमला (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Bihar Team

Published : March 3, 2026 at 8:44 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

नालंदा: बिहार के नालंदा में पूर्व मुखिया पर हमला हुआ है. होली मिलन से घर लौट रहे पूर्व मुखिया के काफिले पर जानलेवा हमला किया गया, जिससे वह चालक सहित तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए. पीड़ित को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है. घटना रहुई थाना क्षेत्र इतासंग फोरलेन के पास की है.

पूर्व मुखिया पर जानलेवा हमला: घायल पूर्व मुखिया को डायल 112 की टीम ने मॉडल अस्पताल में भर्ता कराया. जहां उनका इलाज चल रहा है. फिलहाल उनकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है. घटना की सूचना मिलते ही सदर डीएसपी-2 दलबल के साथ मॉडल अस्पताल पहुंचे और घटना के संबंध में पीड़ित मुखिया से जानकारी ली.

Nalanda Crime
गाड़ी में धक्का मारा, फिर की फायरिंग (ETV Bharat)

इस घटना में सतीश कुमार उर्फ पिक्कू यादव के अलावा गोपाल सिंह और संजय कुमार घायल हुए हैं. पिक्कू जिले की खाजे एतवारसराय पंचायत के पूर्व मुखिया हैं. वे ढिबरापर गांव से लौट रहे थे, जब उन पर हमला हुआ.

क्या बोले घायल?: इस मामले में पीड़ित पिक्कू यादव ने बताया कि कुछ समय पहले संपत्ति विवाद में एक व्यक्ति की सड़क दुर्घटना में हत्या कर दी गई थी. इस हत्या को दुर्घटना करार दे दिया गया था लेकिन उसकी भी हत्या इसी तरह से की गई थी. ठीक उसी तरह से आज मुझे भी मारने का प्रयास किया गया. वह पीड़ित महिला की मदद कर इंसाफ दिलाना चाहते हैं.

"एक कार्यक्रम में शामिल होकर अपने गांव लौट रहे थे, तभी पूर्व से रेकी कर पीछा कर रहे ट्रक सवार बदमाशों ने पहले गाड़ी में धक्का मार हादसे का रूप देकर हत्या का प्रयास किया. फिर जब मौका नहीं मिला तो दर्जनों राउंड फायरिंग की. गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोग वहां पहुंचे तो अपराधी ट्रक छोड़कर फरार हो गया."- पिक्कू यादव, घायल पूर्व मुखिया

क्या बोले डीएसपी?: वहीं, इस संबंध में सदर डीएसपी-2 संजय कुमार जायसवाल ने कहा कि मामले की सूचना मिली है. पुलिस सभी एंगल से जांच कर रही है. सभी बिंदुओं पर बारिकी से जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी. घटना के कारणों की जांच हो रही है.

"पूर्व मुखिया अपने सहयोगियों के साथ गांव की ओर लौट रहे थे, तभी यह घटना घटी है. सभी पहलुओं पर छानबीन चल रही है. जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी होगी."- संजय कुमार जायसवाल, सदर डीएसपी-2 बिहार शरीफ

ये भी पढ़ें: बिहार में खूनी खेल, बकाया पैसा मांगने पर युवक की गोली मारकर हत्या