डीएसडी टेंडर : पूर्व विधायक ने खड़े किए सवाल, कहा- निविदा का निर्णय लेने वाले अधिकारियों पर हो कार्रवाई
गिरिडीह में बाइक का नंबर दिखाकर डोर स्टेप डिलीवरी का टेंडर लेने का मामला तूल पकड़ चुका है.


Published : October 12, 2026 at 11:03 AM IST
गिरिडीह: बाइक का नंबर दिखाकर डोर स्टेप डिलीवरी का टेंडर लेने का मामला तूल पकड़ चुका है. ईटीवी भारत द्वारा इस आशय की खबर प्रकाशित करने के बाद राजनीतिक दल के नेताओं ने पूरे मामले की जांच की मांग की है. बगोदर के पूर्व विधायक सह भाकपा माले नेता विनोद कुमार सिंह ने साफ कहा है कि गलत वाहन का जिक्र कर निविदा लेने वाले संवेदक तो मामले में दोषी हैं ही, उन अधिकारियों पर भी सवाल उठ रहा है, जिन्होंने इस टेंडर का निष्पादन किया था.
लंबी लिस्ट पर भी सवाल
पूर्व विधायक ने टेंडर के समय संवेदक द्वारा विभाग को वाहनों की लंबी लिस्ट सौंपने को लेकर भी सवाल खड़ा किया है. पूर्व विधायक ने कहा कि जब निविदा निकलती है और निविदा का निष्पादन होता है तो संवेदक करार के दरमियान वाहनों की लंबी सूची देते हैं, लेकिन सरकारी गोदाम से अनाज का उठाव चंद वाहनों से किया जाता है.
इधर, ऑल इंडिया फारवर्ड ब्लॉक नेता राजेश यादव ने प्राथमिकी दर्ज करने की मांग कर डाली है. राजेश यादव ने कहा है कि यह तो टेंडर घोटाला है, इसमें टेंडर लेने वालों से लेकर टेंडर को निष्पादित करने वाले अधिकारियों की टीम पर एफआईआर होनी चाहिए.
क्या है मामला
दरअसल, यह पूरा मामला सरकारी अनाज को प्रखंड के गोदाम से उठाकर डीलर तक पहुंचाने वाले डोर स्टेप डिलीवरी से जुड़ा है. पिछले वर्ष डोर स्टेप डिलीवरी का टेंडर हुआ. टेंडर के समय बेंगाबाद समेत अन्य प्रखंड के संवेदकों ने वाहनों की लंबी लिस्ट सौंपी, फिर टेंडर ले लिया.
जब ईटीवी भारत ने इस लिस्ट का अध्ययन किया तो मामला चौंकाने वाला निकला. पाया गया कि कुछेक डीएसडी संवेदक की लिस्ट में माल वाहकों के साथ-साथ दो पहिया वाहन के नंबर का भी जिक्र किया गया है. इसकी जानकारी डीटीओ से ली गई. बेंगाबाद के संवेदक से बात की गई. इसके बाद 11 अक्टूबर को खबर प्रकाशित की गई. खबर प्रकाशन के बाद डीएसडी से लेकर अनाज गोदाम के कार्यरत कर्मी के अलावा संबंधित अधिकारियों में हड़कंप है.
यह भी पढ़ें:
डीएसडी टेंडर पर उठने लगा सवाल, संवेदक की सूची में मालवाहकों के साथ दोपहिया भी
डीएसडी की मनमानी, महीने के अंतिम सप्ताह में भी 21 पंचायतों में नहीं पहुंचा अनाज

