ETV Bharat / state

जोधपुर के मथानिया में विधायक सियोल के RO चैंबर में जाने पर हंगामा, बिफरी पूर्व एमएलए दिव्या का धरना

पूर्व विधायक मदेरणा ने उठाए सियोल की 3 बजे बाद आरओ चैंबर में मौजूदगी पर सवाल.

Former MLA Divya sitting on a sit-in protest
अपने समर्थकों के साथ धरने पर बैठी पूर्व विधायक दिव्या (ETV Bharat Jodhpur)
author img

By ETV Bharat Rajasthan Team

Published : August 31, 2026 at 8:14 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

जोधपुर: जिले के मथानिया नगर पालिका चुनाव में नामांकन के आखिरी दिन ओसियां विधायक भैराराम सियोल की आरओ चैंबर में जाने को लेकर विवाद हो गया. पूर्व विधायक दिव्या मदेरणा ने सवाल उठाया कि सियोल क्या प्रभावित ​करने वहां गए थे. दिव्या ने आरओ और सीआई को भी लताड़ा. पूर्व विधायक दिव्या अपने कार्यकर्ताओं के साथ धरने पर बैठ गईं.

असल में मथानिया में सोमवार को नामांकन का समय समाप्त होते होते विवाद हो गया. इसके चलते पूर्व विधायक दिव्या मदेरणा धरने पर बैठ गईं. मदेरणा ने आरोप लगाया कि मुझे स्थानीय विधायक सियोल के अपने समर्थकों के साथ तीन बजे बाद आने और रिटर्निंग अधिकारी के चैंबर में घुसने की सूचना मिली, जबकि नियम है कि तीन बजे बाद आरओ चैंबर में कोई नहीं घुस सकता था. इस दौरान हमारे तीन उम्मीदवार खड़े थे, जिन्हें पुलिस ने धक्के देकर बाहर निकाल दिया. पुलिस ने उनसे बदतमीजी भी की.

किसने क्या कहा, सुनिए (ETV Bharat Jodhpur)

पढ़ें: पायलट के निर्वाचन क्षेत्र के इस गांव का ऐलान- निकाय चुनाव का करेंगे बहिष्कार, जानिए पूरा मामला...

तीन बजे बाद क्या पर्चा सकते हैं: दिव्या ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता अजीत कच्छवाह ने पुलिस से पूछा कि अंदर जाने वाले क्या सरकारी कर्मचारी हैं. मैने खुद आरओ को फोन कर बताया कि आपके कक्ष में विधायक कैसे अंदर गए तो जवाब मिला, आप भी आ जाओ, वो जा रहे हैं. मैंने उनसे कहा कि वे क्या प्रभावित करने आए थे. मुझे जवाब चाहिए. पूर्व विधायक ने आरोप लगाया कि क्या तीन बजे बाद कोई नामांकन भर सकता है. ऐसा कोई नियम है क्या. आरओ इसे लेकर मुझे कोई जवाब नहीं दे रहा हैं. यह चुनाव की निष्पक्षता पर सवाल हैं.

आरओ से भिड़ीं, सीआई को हड़काया: धरना देते हुए दिव्या मदेरणा आरओ पंकज जैन के कक्ष में गईं और कहा कि आपने विधायक को कैसे अलाउ किया. हमारे लोगों को बाहर कैसे निकाला. इस पर जैन बोले, मैंने नहीं निकाला. कार्यकर्ताओं ने कहा कि पुलिस ने निकाला. इसी दौरान मथानिया सीआई तुलसी पहुुंची तो पूर्व विधायक ने हड़काया और कहा- मैडम दो दिन पहले ही आई हो. मैं डीजीपी से बात करूंगी. आपके एमएलए ने इसके लिए सीएमओ में बहुत हाथाजोड़ी की है. अगर ​थाने में कोई गड़बडी हुई तो देखूंगी. आप गलती में हो. मैं किसी की नौकरी नहीं खाना चाहती हूं. दिव्या इसके बाद वहां से चली गईं.

पढ़ें: निकाय चुनाव: कांग्रेस में महामंथन के बाद भी नहीं निकला समाधान, जयपुर के कई वार्डों के प्रत्याशी चयन पर फंसा पेंच

रात भर रखें धरना, ध्यान भटका रही: इधर ओसियां विधायक भैराराम सियोल ने कहा कि मैंने आरओ से सिर्फ यह पूछा था कि कितने फार्म आए. क्या सब शांति से चल रहा है. इसके बाद मैं बाहर आ गया. सियोल ने कहा कि दिव्या मदेरणा ने मथानिया व तिंवरी नगर पालिका के लिए कांग्रेस के मूल कार्यकर्ताओं के टिकट काट दिए, जिसे लेकर रोष है. ऐसे में वे ध्यान भटकाने को ऐसा कर रही हैं. वे रातभर धरना दें ताकि उनकी प्रैक्टिस हो जाए. कांग्रेस ने धरने नहीं दिए बल्कि सिर्फ सत्ता भोगी है. विधायक ने कहा कि दोनों नगर पालिकाओं में हार सामने दिख रही है इसलिए दिव्या बौखला गई हैं.

पढ़ें: नगरीय निकाय चुनाव: मतदान की तारीखों पर सवाल, ज्योतिषाचार्य बोले- शुभ कार्यों के लिए ठीक नहीं हैं दोनों तारीखें