"किरण चौधरी के कटाक्ष के वक्त कान में डाल ली थी उंगली", भूपेंद्र हुड्डा के करीबी सुभाष बत्रा की सफाई
किरण चौधरी की प्रेस कांफ्रेंस पर भूपेंद्र हुड्डा के करीबी पूर्व मंत्री सुभाष बत्रा ने अपनी सफाई दी है.

Published : August 29, 2026 at 9:13 PM IST
|Updated : August 29, 2026 at 9:27 PM IST
रोहतक : पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के नजदीकी होने के बावजूद भी भाजपा नेता किरण चौधरी द्वारा सुभाष बत्रा के आवास पर बैठकर भूपेंद्र हुड्डा और दीपेंद्र हुड्डा पर कटाक्ष करने के 2 दिन बाद सुभाष बत्रा ने सफाई दी है. सुभाष बत्रा ने तो ये तक कह दिया कि जब किरण चौधरी पत्रकारों से बातचीत कर रही थी, तो मैंने अपने कानों में उंगली डाली, यही नहीं वहां की लाइट और AC तक बंद कर दिया. सुभाष बत्रा ने कहा कि किरण चौधरी मेरी बहन है, लेकिन सोशल मीडिया पर इस मामले को गलत तरीके से पेश किया जा रहा है. किरण चौधरी ने भूपेंद्र सिंह हुड्डा के दिन समाप्त होने और दीपेंद्र हुड्डा के सज्जन सिंह पर दिए बयान पर जमकर कटाक्ष किया था.
"कान में उंगली डाल ली थी": पूर्व मंत्री और भूपेंद्र हुड्डा के नजदीकी माने जाने वाले कांग्रेस नेता सुभाष बत्रा के आवास पर दो दिन पहले भाजपा नेता किरण चौधरी के पहुंचने और भूपेंद्र हुड्डा और दीपेंद्र हुड्डा पर किए गए कटाक्ष के बाद अब सुभाष बत्रा ने सफाई दी है. अपने आवास पर प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए बत्रा ने कहा कि जिस वक्त किरण चौधरी पत्रकारों से बातचीत कर रही थीं, उस दौरान उन्होंने अपने कानों में उंगली डाल ली थी. बत्रा ने कहा कि किरण चौधरी उनकी छोटी बहन हैं और रक्षाबंधन के मौके पर वो उन्हें राखी बांधने के लिए उनके घर आई थीं. सुभाष बत्रा ने कहा कि किरण चौधरी के उनके घर आने को लेकर सोशल मीडिया पर तरह-तरह की अफवाहें उड़ाई जा रही हैं. उन्होंने कहा कि इन अफवाहों से उनकी भावनाएं आहत हुई हैं. बत्रा ने किरण चौधरी को झांसी की रानी बताते हुए कहा कि उनके और किरण चौधरी के पारिवारिक संबंध हैं. उन्होंने बताया कि जिस समय किरण चौधरी प्रेस से बातचीत कर रही थीं, उस समय उन्होंने लाइट तक बंद कर दी थी और कानों में उंगली डाल ली थी, ताकि उनकी राजनीतिक टिप्पणी न सुन सकें. सुभाष बत्रा ने साफ किया कि किरण चौधरी का उनके घर आना राजनीतिक नहीं, बल्कि पारिवारिक मुलाकात थी और सोशल मीडिया पर इसे लेकर उड़ाई जा रही अफवाहें गलत हैं
भूपेंद्र हुड्डा का अपमान निंदनीय : वहीं विधानसभा में कांग्रेस नेताओं को बाहर रोके जाने के मामले को लेकर भी सुभाष बत्रा ने सरकार पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि अपने लंबे राजनीतिक जीवन में उन्होंने आज तक ऐसा नहीं देखा कि विधानसभा के बाहर किसी नेता को मार्शलों ने इस तरह रोककर रखा हो. उन्होंने इसे लोकतंत्र का गला घोंटने वाला कदम बताया. बत्रा ने कहा कि विधानसभा में विपक्ष के नेता और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र हुड्डा का जिस तरह अपमान किया गया, वह निंदनीय है. उन्होंने कहा कि भूपेंद्र हुड्डा वरिष्ठ नेता हैं और उनके साथ विधानसभा में जिस तरह का व्यवहार हुआ, वह लोकतांत्रिक मर्यादाओं के खिलाफ है.
हरियाणा समेत देश की ताजा ख़बरें पढ़ने के लिए ईटीवी भारत ऐप डाउनलोड करें. यहां आपको मिलेंगी तमाम बड़ी ख़बरें, लोकसभा चुनाव से जुड़ी हर ख़बर, हर बड़ा अपडेट, वो भी सबसे सटीक और डिटेल एनालिसिस के साथ - Download App
ये भी पढ़ें : "भूपेंद्र हुड्डा का टाइम ओवर", किरण चौधरी बोली - "कांग्रेस घर बैठकर कर रही अपना नाश"
ये भी पढ़ें : Explainer: 1984 दंगों के दोषी सज्जन कुमार की तारीफ दीपेंद्र हुड्डा को पड़ेगी भारी? समझिए पंजाब-हरियाणा का सियासी गणित

