पूर्व गृह मंत्री रामसेवक पैकरा की अधिकारियों को नसीहत, पब्लिक को न करें परेशान
सुशासन तिहार में पूर्व मंत्री रामसेवक पैकरा ने अधिकारियों को नसीहत दी है.

By ETV Bharat Chhattisgarh Team
Published : May 22, 2026 at 6:00 PM IST
सूरजपुर: सूरजपुर के प्रतापपुर में शुक्रवार को सुशासन तिहार का आयोजन किया गया. इस दौरान समाधान शिविर में पूर्व गृह मंत्री रामसेवक पैकरा पहुंचे. उन्होंने इस समाधान शिविर में अधिकारियों को सीधी चेतावनी दे डाली कि वे बेवजह ग्रामीणों को परेशान न करें. अब रामसेवक पैकरा का यह बयान सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.
ग्रामीणों के प्रति संवेदनशील रवैया अपनाएं- पैकरा
रामसेवक पैकरा ने मंच से अधिकारियों को नसीहत दी कि वे ग्रामीणों के प्रति संवेदनशील रवैया अपनाएं. रामसेवक पैकरा ने कहा कि क्षेत्र में थाने नक्सलवाद खत्म करने और जनता की सुरक्षा के लिए खोले गए हैं, न कि ग्रामीणों को परेशान करने के लिए. उन्होंने पुलिस अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि आम लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुना जाए और उन्हें अनावश्यक रूप से परेशान न किया जाए.
बेवजह ग्रामीणों को परेशान न करें - पैकरा
रामसेवक पैकरा ने विशेष रूप से प्रधानमंत्री आवास योजना के निर्माण कार्य का जिक्र किया. उन्होंने कहा कि ग्रामीण अपने मकान निर्माण के लिए रेत लेकर जाते हैं, ऐसे लोगों को प्रशासन और पुलिस बेवजह परेशान न करे. उन्होंने आग्रह करते हए कहा कि यदि कोई बाहरी व्यक्ति अवैध रूप से रेत परिवहन कर रहा है तो उस पर नियमानुसार कार्रवाई की जाए, लेकिन स्थानीय ग्रामीणों को परेशान करना उचित नहीं है.
पूर्व गहमंत्री के इस बयान को ग्रामीणों ने भी सराहा और कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने तालियों के साथ उनका समर्थन किया. उनका यह बयान अब मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और लोग इसे प्रचारित कर रहे हैं. कार्यक्रम में खाद्य मंत्री दयालदाल बघेल और विधायक शकुंतला पोर्ते भी मौजूद रहीं. अब देखना होगा कि इस बयान पर बीजेपी और कांग्रेस की तरफ से क्या कहा जाता है.

