ETV Bharat / state

अजमेर नगर निगम चुनाव: भाजपा छोड़ चुके पूर्व मेयर गहलोत की स्पीकर देवनानी को चुनौती, गृह वार्ड में पत्नी को निर्दलीय के रूप में उतारा

माना जा रहा है कि निर्दलीय हेमा गहलोत कांग्रेस और भाजपा के समीकरण बिगाड़ेगी. मेयर की सीट महिला आरक्षित है.

Hema Gehlot filed her nomination as an independent candidate from Ward 4 in Ajmer.
अजमेर में वार्ड चार से हेमा गहलोत ने भरा निर्दलीय के रूप में पर्चा (ETV Bharat Ajmer)
author img

By ETV Bharat Rajasthan Team

Published : August 29, 2026 at 6:13 PM IST

4 Min Read
Choose ETV Bharat

अजमेर: अजमेर नगर निगम का चुनाव रोचक होने जा रहा है. विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी के गृह वार्ड (नंबर चार) में हेमा गहलोत ने निर्दलीय के रूप में खम ठोक दिया है. हेमा भाजपा से मेयर रहे धर्मेंद्र गहलोत की पत्नी हैं. हेमा के नामाकंन को धर्मेंद्र गहलोत और अजमेर उत्तर से भाजपा विधायक देवनानी के बीच सियासी प्रतिद्वंद्विता के रूप में देखा जा रहा है. हाल में भाजपा छोड़ने वाले धर्मेंद्र गहलोत की देवनानी को ना केवल चुनौती माना जा रहा है बल्कि हेमा की अजमेर मेयर की महिला आरक्षित सीट पर भी दावेदारी की संभावना है. इधर, कांग्रेस और भाजपा ने अभी तक प्रत्याशियों के नाम घोषित नहीं किए. माना जा रहा है कि निर्दलीय हेमा कांग्रेस और भाजपा के समीकरण बिगाड़ने को तैयार हैं.

निर्दलीय प्रत्याशी हेमा गहलोत ने कहा, वार्ड नंबर चार से पति धर्मेंद्र गहलोत पार्षद रहे हैं. उन्होंने क्षेत्र में जो विकास कार्य कराए, वहीं मेरी जीत का आधार बनेंगे. खास बात है कि धर्मेंद्र ने उसी वार्ड चार नंबर को चुना, जहां से जीतकर वे खुद पार्षद और फिर मेयर बने थे. हालांकि, तब धर्मेंद्र ने भाजपा से चुनाव लड़ा था. इस बार पत्नी हेमा को निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में मैदान में उतारा है. वार्ड नंबर 4 देवनानी का गृह क्षेत्र का वार्ड है. देवनानी का वोट भी इसी वार्ड में लगता है. पूर्व मेयर ने देवनानी को उन्हीं के वार्ड में चुनौती दी है. पूर्व मेयर धर्मेंद्र बोले कि मेरा विरोध बीजेपी से नहीं, बल्कि वासुदेव देवनानी से है. चुनाव जीतने के बाद भी उनकी विचारधारा भाजपा की ही रहेगी.

किसने क्या कहा, सुनिए (ETV Bharat Ajmer)

पढ़ें:Ajmer Politics: भाजपा को झटका: दो बार महापौर रहे धर्मेंद्र गहलोत ने छोड़ी पार्टी, कहा- देवनानी से लड़ाई जारी रहेगी, कांग्रेस ने कही ये बात

वायरल ऑडियो की जांच की मांग: इधर, सोशल मीडिया पर भाजपा के पूर्व मेयर ब्रजलता हाडा के पति डॉ. प्रियशील हाडा और भाजयुमो के पूर्व अध्यक्ष राहुल जायसवाल के बीच फोन पर बातचीत की ऑडियो रिकॉर्डिंग वायरल हो रही है. इसमें देवनानी और उनके पुत्र महेश देवनानी तथा उनके करीबी गोविंद स्वरूप उपाध्याय को लेकर डॉ. हाडा गंभीर बातें कह रहे हैं. पूर्व मेयर धर्मेंद्र ने इस ऑडियो की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की.

चुनाव नहीं लड़ेंगे सारस्वत: इस बीच, पूर्व पार्षद ज्ञान सारस्वत में वीडियो जारी कर स्पष्ट किया कि वे ना तो खुद और ना ही उनका परिवार का कोई शख्स निकाय चुनाव लड़ेगा. सारस्वत ने देवनानी के खिलाफ निर्दलीय के रूप में विधानसभा चुनाव लड़ा था. सारस्वत तीसरे स्थान पर रहे थे और अभी भाजपा से निलंबित है. ये देवनानी के धुर विरोधी हैं.

पढ़ें:Ajmer Politics : नगर निगम में मेयर सीट की स्थिति स्पष्ट होने के बाद सियासत तेज, भाजपा-कांग्रेस ने किए बड़े दावे

बिना सूची भरे पर्चे: शनिवार को कई निर्दलीय प्रत्याशियों ने पर्चा भरा. वहीं, कांग्रेस से भी कई ने टिकट मिलने से पहले ही नामांकन दाखिल कर दिए. इनमें कांग्रेस से वार्ड 47 से काजल यादव एवं तरुणा, वार्ड 13 से खुशनूर खानम, वार्ड 39 से सरजू देवी, वार्ड 45 से खेमचंद, वार्ड 1 से बनवारी लाल शर्मा, वार्ड 14 से वाहिद मोहम्मद, वार्ड 32 से खुशनुमा परवीन, वार्ड 39 से सरजू देवी, वार्ड 23 नीलम सोयल, वार्ड 30 से बालकृष्ण शर्मा, वार्ड 28 से संजय वर्मा शामिल हैं. हालांकि कांग्रेस ने प्रत्याशियों की सूची जारी नहीं की है. शहर कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष विवेक पाराशर कहा कि हर पार्टी की चुनावी रणनीति होती है, उसे सार्वजनिक नहीं किया जाता. कांग्रेस सूची जारी करेगी. अजमेर शहर कांग्रेस अध्यक्ष और अन्य वरिष्ठ नेताओं को जयपुर रायशुमारी के लिए बुलाया गया है.

निर्दलीय बिगाड़ेंगे समीकरण: निर्दलीय विभिन्न वार्डों में कांग्रेस एवं भाजपा का समीकरण बिगाड़ेंगे. वार्ड 76 से निर्दलीय पूजा तोलानी, वार्ड चार से हेमलता गहलोत, वार्ड 13 से अहमद हुसैन, वार्ड 52 से गोविंद, वार्ड 33 से निर्दलीय, वार्ड 5 से गोजू देवी, वार्ड 22 से दीपेश हरियाला, वार्ड 43 से निर्मल जाटव, वार्ड 28 से संजय वर्मा एवं वार्ड एक से बनवारी लाल शर्मा शामिल हैं. उधर, आम आदमी पार्टी से शिवराम ने पर्चा भरा. पार्टी अन्य वार्डों में भी प्रत्याशी उतारेगी.

पढ़ें: Ajmer Division : 52 निकायों में 8 एससी, 10 ओबीसी और 34 अनारक्षित सीटें, अजमेर-भीलवाड़ा नगर निगम में महिला होगी मेयर