पूर्व IPS अधिकारी अमिताभ ठाकुर की तबीयत बिगड़ी, PGI रेफर
अमिताभ ठाकुर को गोरखपुर मेडिकल कॉलेज में कराया गया था भर्ती, देर रात किए गए रेफर.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : January 8, 2026 at 10:35 AM IST
लखनऊ: देवरिया जिला जेल में बंद पूर्व आईपीएस अमिताभ ठाकुर की मंगलवार देर रात अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें देवरिया मेडिकल कॉलेज, फिर गोरखपुर मेडिकल कॉलेज ले जाया गया था. बुधवार को उनकी स्थिति गंभीर होने पर उन्हें लखनऊ रेफर किया गया. फिलहाल उन्हें पीजीआई के कार्डियोलॉजी विभाग में डॉक्टर की निगरानी में रखा गया है.
पीजीआई निदेशक प्रो. आरके धीमान के मुताबिक, अभी अमिताभ ठाकुर की हालत गंभीर बनी हुई है. चार डॉक्टरों की विशेष टीम लगातार निगरानी और इलाज कर रही है. हार्ट अटैक की आशंका को देखते हुए सभी रूटीन जांच दोबारा कराई जा रही हैं. अमिताभ ठाकुर पिछले नौ दिनों से हार्ट की नियमित दवा नहीं ले रहे थे, जिसकी वजह से उनकी तबीयत बिगड़ी. उनकी ईसीजी रिपोर्ट काफी खराब आई है. इसलिए उन्हें हायर सेंटर लखनऊ रेफर किया है.
बता दें कि मंगलवार को अमिताभ ठाकुर की जमानत याचिका पर सीजेएम कोर्ट में सुनवाई थी. पुलिस उन्हें सीजेएम कोर्ट लेकर गई थी, लेकिन कोर्ट ने दलीलें सुनने के बाद ठाकुर की जमानत याचिका खारिज कर दी थी. पेशी के बाद उन्हें शाम तीन बजे जेल वापस लाया गया. रात 9:30 बजे उन्होंने भोजन किया और उसके बाद लिखने-पढ़ने में लगे रहे.
रात करीब 12 बजे उन्हें अचानक सीने में तेज दर्द हुआ, जिसके बाद जेल प्रशासन ने तत्काल उन्हें अस्पताल पहुंचाया, फिर उन्हें गोरखपुर भेजा गया. वहां शुरुआती जांच में हार्ट अटैक की आशंका जताई गई, लेकिन बुधवार को कराई गई ट्रोप-आई जांच में हार्ट अटैक की पुष्टि नहीं हुई, फिर उन्हें पीजीआई लेकर पहुंचे.

