'बकैती मत कीजिए, बहुत जल्द पर्दाफाश करेंगे..' BJP MLA आनंद मिश्रा ने RJD सांसद को दी चेतावनी
पूर्व आईपीएस बीजेपी विधायक आनंद मिश्रा ने सुधाकर सिंह पर निशाना साधा. कहा कि सबका पर्दाफाश होगा. बोले-ये लोग काम नहीं बकैती करते हैं

Published : December 29, 2025 at 12:35 PM IST
|Updated : December 29, 2025 at 1:12 PM IST
बक्सर: बक्सर सदर अस्पताल में अनियमित्ता मामले में राजद सांसद सुधाकर सिंह के बयान पर बीजेपी विधायक आनंद मिश्रा ने करारा जवाब दिया. कहा कि मुझे मत सिखाएं कि शासन-प्रशासन कैसे चलता है?
क्या है मामला?: दरअसल, बीते दिनों आनंद मिश्रा ने सदर अस्पताल में मेडिकल स्टोर में अनियमित्ता पकड़ी थी. मरीज को कम दवा देकर ज्यादा दवा की एंट्री की जा रही थी. इसका वीडियो भी सामने आया था, जिसमें आनंद मिश्रा ऑपरेटर को जेल भेजने और केस दर्ज करने की बात कह रहे हैं.
आनंद मिश्रा ने बताया नेताओं में फर्क: सुधाकर सिंह ने आरोप लगाया कि एफआईआर दर्ज नहीं किया गया और ना ही आरोपी पर कार्रवाई की गयी. इस पर आनंद मिश्रा ने कहा कि एक अधिकारी का नेता बनने और एक नेतागिरी करने वाले के नेता बनने में फर्क है. आनंद मिश्रा ने कहा कि इसको लेकर प्रक्रिया है. कोई नेता केस दर्ज नहीं करता है. वहां के विभागीय अधिकारी इस मामले में कार्रवाई करेंगे.
"ये लोग कभी काम नहीं किए. खाली बकैती कर नेतागिरी चमकाने का काम किए हैं, वो अब मुझे समझाने चले हैं. कुछ दिन और समय दीजिए, कमीशनखोरी में शामिल है, सबका भेद खुलेगा." -आनंद मिश्रा, बीजेपी विधायक सह पूर्व आईपीएस
जंगलराज के कारण प्रवासी बने: सुधाकर सिंह ने आनंद मिश्रा को प्रवासी भी कहा था. इसपर आनंद मिश्रा ने राजद के कार्यकाल की याद दिलाते हुए कहा कि उनको कहने का अधिकार है. अगर मैं प्रवासी हूं तो इसका कारण वही लोग हैं. राजद अगर जंगलराज नहीं लायी होती तो मैं यहीं पर रहता. 2005 तक उन्होंने ऐसा नाक में दम कर दिया कि हमलोगों रोजगार की तलाश में बाहर जाना पड़ा.

"अब हम जैसे लोगों को प्रवासी नहीं बनना पड़े, इसलिए वापस लौटकर आए हैं. ऐसे लोग पहले जबरदस्ती प्रवासी बनाए और फिर वही प्रवासी भी कहते हैं." -आनंद मिश्रा, बीजेपी विधायक सह पूर्व आईपीएस
'तेजस्वी यादव की तरह नाचते नहीं है': रील बनाने पर आनंद मिश्रा ने सीधा तेजस्वी यादव पर निशाना साधे. कहा कि हम तेजस्वी यादव की तरह नाच तो नहीं रहे हैं. मैं रील बनाने का काम नहीं करता. कहीं कुछ काम करते हैं तो लोग वीडियो बना लेते हैं. सुधाकर सिंह को नसीहत देते हुए कहा कि 'आप काम कीजिएगा तब न रील बनेगा. काम नहीं कीजिएगा तो रील कहां से बनेगा.'
'काम करेंगे तब ना रील बनेगा': आनंद मिश्रा ने सुधाकर सिंह के बयान पर रील की पूरी परिभाषा दे दी. उन्होंने कहा कि रील बनाने के लिए कंटेट की जरूरत होती है और घर में बैठकर कंटेंट नहीं मिलता है. इसके लिए नेता को जमीन पर उतरना पड़ता है. सुधाकर सिंह ने पूरे युवा पीढ़ियों को रील के माध्यम से गंदा दिखाने की कोशिश की है.
सिर्फ क्रेडिट लेते हैं विपक्ष: सुधाकर सिंह पर निशाना साधते हुए कहा कि वे काम का क्रेडिट लेने पर तुले रहते हैं. अगर वही क्रेडिट लेंगे तो सत्ता पक्ष का क्या काम रह जाएगा. 'सत्ता पक्ष काम कर रहा है और विपक्ष क्रेडिड ले रहा है. ये तो गजब हाल है.'
ये भी पढ़ें:

