"BJP से सैलरी लेते हैं राहुल गांधी के सलाहकार!", बृजभूषण शरण सिंह बोले- मोदी-शाह को सूट करने वाला मुद्दा उठाते हैं
हरियाणा के करनाल पहुंचे यूपी के गोंडा से पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने राहुल गांधी पर तीखा हमला किया है.

Published : June 28, 2026 at 9:22 PM IST
|Updated : June 28, 2026 at 9:46 PM IST
करनाल: उत्तर प्रदेश के गोंडा से पूर्व सांसद और अपने बयानों के लिए हमेशा चर्चा में रहने वाले बृजभूषण शरण सिंह ने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी पर तीखा राजनीतिक हमला बोला है. हरियाणा के करनाल पहुंचे बृजभूषण सिंह ने तंज कसते हुए कहा कि राहुल गांधी के सलाहकार भले ही कांग्रेस के लिए काम करते हों, लेकिन ऐसा लगता है उन्हें वेतन भारतीय जनता पार्टी से मिलता है.
पृथ्वीराज चौहान की भव्य मूर्ति का अनावरण : दरअसल, बृजभूषण शरण सिंह करनाल के गांव औंगद में राजपूत समाज के गौरव सम्राट पृथ्वीराज चौहान की जयंती के अवसर पर आयोजित एक कार्यक्रम में शिरकत करने पहुंचे थे. यहां उन्होंने सम्राट पृथ्वीराज चौहान की भव्य मूर्ति का अनावरण किया.
"राहुल गांधी जहां हैं, वहीं संतुष्ट हैं": मूर्ति अनावरण के बाद एक जनसभा को संबोधित करते हुए पूर्व सांसद ने देश के सियासी हालात पर खुलकर बात की. उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी को आगामी दिनों की या विपक्ष की कोई चिंता करने की जरूरत नहीं है. राहुल गांधी आज जहां पर हैं, वे उतने में ही बेहद संतुष्ट हैं. वे ना तो उससे आगे निकलना चाहते हैं और न ही आगे बढ़ना चाहते हैं

"मोदी-शाह को सूट करने वाले मुद्दे उठाते हैं राहुल": कांग्रेस के रणनीतिकारों पर निशाना साधते हुए बृजभूषण शरण सिंह ने कहा मैं तो यहां तक कहता हूं कि राहुल गांधी के जो सलाहकार हैं, वे नौकरी तो कांग्रेस की करते हैं, लेकिन ऐसा लगता है कि सैलरी बीजेपी वालों से पाते हैं. ऐसा इसलिए क्योंकि जो मुद्दा भाजपा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह को राजनीतिक रूप से सूट करता है, राहुल गांधी ठीक उसी मुद्दे को देश में उठाते हैं.

"राहुल की तरह संतुष्ट मत होना" : मंच से सामने बैठी जनता को संबोधित करते हुए पूर्व सांसद ने राहुल गांधी का उदाहरण देकर एक सीख भी दी. उन्होंने कहा कि आप लोग जीवन में कभी राहुल गांधी की तरह संतुष्ट मत होना. हमेशा उससे कुछ आगे निकलने की कोशिश करें. और याद रखिए, आगे बढ़ने का रास्ता तब तक नहीं खुलेगा, जब तक हम खुद बैठकर अपने आप से आत्ममंथन नहीं करेंगे.

राम मंदिर के सवाल पर बोलने से इनकार : कार्यक्रम के बाद जब पत्रकारों ने पूर्व सांसद को घेरकर अयोध्या और राम मंदिर से जुड़ा सवाल पूछना चाहा, तो उन्होंने इस पर ज्यादा कुछ बोलने से साफ इनकार कर दिया. बृजभूषण शरण सिंह ने संक्षिप्त में कहा कि, इस विषय पर मैं पहले ही अपनी बात रख चुका हूं, अब इस पर कुछ नहीं कहना.
हरियाणा समेत देश की ताजा ख़बरें पढ़ने के लिए ईटीवी भारत ऐप डाउनलोड करें. यहां आपको मिलेंगी तमाम बड़ी ख़बरें, लोकसभा चुनाव से जुड़ी हर ख़बर, हर बड़ा अपडेट, वो भी सबसे सटीक और डिटेल एनालिसिस के साथ - Download App
ये भी पढ़ें : महावीर फोगाट ने किया विनेश फोगाट का समर्थन, बोले- 'अभी भी बृजभूषण शरण सिंह का प्रभाव', केंद्र से हस्तक्षेप की मांग
ये भी पढ़ें : सोनीपत पहुंचे बृजभूषण शरण सिंह, बोले- "नशे से खिलाड़ियों को बचाना जरूरी, खुलेआम बिक रहा नशा"
ये भी पढ़ें : साक्षी मलिक को बृजभूषण से मिल रही हैं धमकियां, पीएम मोदी और खेल मंत्री से की कुश्ती को बचाने की अपील

