ETV Bharat / state

दूसरे राज्य की पुलिस कर रही प्रदेश में कार्रवाई, राजस्थान पुलिस को भनक तक नहीं, गहलोत- जूली ने उठाए सवाल

जोधपुर में गुजरात पुलिस की कार्रवाई पर मुख्यमंत्री के सवाल उठाने पर पूर्व मुख्यमंत्री ने उन पर तंज कसा है.

Ashok Gehlot on BJp Government
राज्य स्तरीय पुलिस सम्मेलन (ETqV Bharat Jaipur)
author img

By ETV Bharat Rajasthan Team

Published : January 8, 2026 at 8:59 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

जयपुर: गुजरात पुलिस ने जोधपुर में एमडी ड्रग्स की लैब पर छापे मार कार्रवाई करते हुए कई लोगों को हिरासत में लिया है. दावा किया जा रहा है कि गुजरात पुलिस की इस कार्रवाई की स्थानीय पुलिस को भनक तक नहीं लगी. इस मामले में गुरुवार को पुलिस कर्मियों के साथ संवाद के दौरान मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने पुलिस के सूचना तंत्र पर सवाल खड़े किए थे. अब राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने भी सरकार पर सवाल खड़े करते हुए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा पर निशाना साधा है.

पूर्व मुख्यमंत्री गहलोत ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट करते हुए लिखा, ' बड़ी विडंबना है कि राज्य के मुख्यमंत्री स्वयं स्वीकार कर रहे हैं कि राजस्थान पुलिस की जानकारी के बिना ही गुजरात व महाराष्ट्र जैसे दूसरे राज्यों की पुलिस हमारे यहां कार्रवाई कर रही है. यह सीधे तौर पर राजस्थान पुलिस के सूचना तंत्र के ध्वस्त होने का प्रमाण है.' उन्होंने लिखा कि गुजरात व महाराष्ट्र में भाजपा की ही सरकार है. तीनों जगह पर ही उन्हीं की पार्टी का शासन होने के बावजूद ऐसा सिलसिला बना है. यह राजस्थान की सरकार एवं मुख्यमंत्री की कमजोरी के सबूत हैं.

पढ़ें: अच्छे काम पर थपथपाई पीठ, ढिलाई बरतने वालों को नसीहत, सीएम बोले-कोई गैंगस्टर बचकर नहीं जाए

गहलोत ने कहा कि जब मुख्यमंत्री खुद राज्य की पुलिस पर सवालिया निशान लगा रहे हों, तो आम जनता अपनी सुरक्षा के लिए किसके पास जाए? गृह विभाग की कमान संभालने वाले मुख्यमंत्री को जवाब देना चाहिए कि आखिर राजस्थान पुलिस को इतना लाचार और सूचना-विहीन किसने बनाया? पुलिस का मनोबल गिराकर और उन्हें नीचा दिखाकर आप अपनी जवाबदेही से नहीं बच सकते. यह सरकार की प्रशासनिक पकड़ शून्य होने का जीवंत उदाहरण है.

यह भी पढ़ें: साल 2026 में प्रदेश को नशामुक्त बनाने का संकल्प, डीजीपी बोले- युवाओं को नशे की गिरफ्त से दूर करना जिम्मेदारी

जूली बोले, आज मुख्यमंत्री की नींद टूटी है: नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने 'एक्स' पर पोस्ट में लिखा कि राज्यस्तरीय पुलिस सम्मेलन के दौरान पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में मुख्यमंत्री की ओर से अन्य राज्यों की पुलिस द्वारा राजस्थान में कार्रवाई किए जाने तथा इसकी जानकारी तक राजस्थान पुलिस को नहीं होना पुलिस की कार्यशैली पर प्रश्नचिह्न लगाता है. राजस्थान की कानून व्यवस्था की बदहाल स्थिति पर स्वीकारोक्ति है. जूली ने कहा कि जो बात पूरा प्रदेश लगातार महसूस कर रहा है कि राजस्थान में सरकार नहीं है उसी की पुष्टि आज मुख्यमंत्री, जो कि गृहमंत्री भी हैं, के इस बयान ने की है. क्या मुख्यमंत्री की नींद आज टूटी है? उन्होंने आगे लिख कि कहीं ऐसा तो नहीं कि मुख्यमंत्री को स्वयं ही नहीं पता कि पुलिस में क्या चल रहा है, क्योंकि एक तरफ तो IG-SP कॉन्फ्रेंस चल रही है वहीं दूसरी ओर चूरू में एक महिला कांस्टेबल ने पुलिसकर्मियों पर ही दुष्कर्म का आरोप लगाया है.