पश्चिम बंगाल चुनाव रिजल्ट से गदगद भाजपा, अर्जुन मुंडा ने जताई खुशी तो चंपाई सोरेन ने बताया ऐतिहासिक परिणाम
पश्चिम बंगाल में भाजपा की ऐतिहासिक जीत पर पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा ने खुशी जताई.


Published : May 4, 2026 at 8:45 PM IST
रांची : पश्चिम बंगाल में ऐतिहासिक जीत को पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा ने अप्रत्याशित बताते हुए कार्यकर्ताओं के अथक प्रयास से जनता के द्वारा राष्ट्रभक्ति का अद्भुत उदाहरण पेश करने की बात कही है. बीजेपी प्रदेश कार्यालय में मीडियाकर्मियों को संबोधित करते हुए अर्जुन मुंडा ने कहा कि देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह और बीजेपी अध्यक्ष नीतिन नबीन इसके लिए बधाई के पात्र हैं.
उन्होंने कहा कि 2021 में जिस तरह से अन्याय और अत्याचार के साथ जिस तरह से सरकार बनाने का काम बंगाल में किया गया था, उसका जवाब जनता ने निर्भिकता से इस बार जवाब देने का काम किया है. इसी का परिणाम है कि पूर्ण बहुमत के साथ बंगाल की जनता ने आदरणीय नरेंद्र मोदी को समर्थन दिया है.
वहीं पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन ने प.बंगाल सहित पांच राज्यों के चुनाव परिणाम पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा है कि किसी जमाने में अरब सागर के तट पर अटल बिहारी वाजपेयी जी ने कहा था - "अंधेरा छंटेगा, सूरज निकलेगा, कमल खिलेगा. आज पश्चिम में अरब सागर से लेकर पूर्व में गंगा सागर तक, भाजपा का एकछत्र राज है. सुशासन के मुद्दे पर केंद्र में तीन बार एवं देश के अधिकतर राज्यों में सरकार बना चुकी भाजपा को मिल रहा यह जन-समर्थन अभूतपूर्व है.
उन्होंने कहा कि बांग्लादेशी घुसपैठियों एवं तुष्टिकरण के बल पर सत्ता हासिल करने वालों की उल्टी गिनती शुरू हो चुकी है. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में बंगाल अब विकास एवं सुशासन की राह पर चलेगा. उन्होंने पश्चिम बंगाल, असम, पुडुचेरी, तमिलनाडु समेत पूरे देश की जनता को हार्दिक बधाई एवं शुभकामना दी है.
भाजपा नेता अमर कुमार बाउरी ने पश्चिम बंगाल सहित देश के पांच राज्यों में भाजपा को मिली सफलता पर खुशी जाहिर करते हुए वहां की जनता को धन्यवाद दिया है. उन्होंने कहा कि मतगणना में भाजपा को बहुमत मिलता दिख रहा है. 77 वर्षो के बाद पहली बार पश्चिम बंगाल में भाजपा सरकार बनाएगी. भाजपा प्रदेश महामंत्री अमर कुमार बाउरी ने कहा कि पश्चिम बंगाल में भगवा लहरा रहा है और आजादी के 77 वर्ष बाद बाद पहली बार डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी की इस जन्मभूमि में कमल फूल, पद्मफूल की सरकार बन रही है.
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में, अमित शाह के नेतृत्व में पश्चिम बंगाल की जनता ने अद्भुत जनादेश किया है और पश्चिम बंगाल के कार्यकर्ताओं ने भी अपने परिश्रम से इस अहंकारी ममता दीदी की सरकार को उखाड़ फेंका है. आज सही मायने में पश्चिम बंगाल पुनः एक बार आजादी महसूस कर रहा है. जैसे स्वतंत्रता आंदोलन था, वैसा ही ये लड़ाई थी. पश्चिम बंगाल के इस चुनाव में पश्चिम बंगाल ने विजय प्राप्त की है.
यह भी पढ़ें:
असम विधानसभा चुनाव परिणाम के रुझान पर झामुमो ने जताया संतोष, कहा- पार्टी ने तैयार किया लॉन्चिंग पैड
केरलम में चुनावी मोर्चे पर लेफ्ट को झटका, बंगाल में बहादुरी से लेफ्ट ने लड़ा चुनाव- प्रकाश विप्लव

