ETV Bharat / state

कांग्रेस विधायक के बयान पर भूपेंद्र हुड्डा बोले - "जो महसूस किया, वही कहा", चुनावी हार के लिए कुलदीप वत्स ने ठहराया था जिम्मेदार

कांग्रेस विधायक कुलदीप वत्स के चुनाव हरवाने वाले बयान पर भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने अपनी प्रतिक्रिया दी है.

Former Chief Minister Bhupinder Hooda reaction to the statement of Congress MLA Kuldeep Vats
कांग्रेस विधायक के बयान पर भूपेंद्र हुड्डा बोले - "जो महसूस किया, वही कहा" (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Haryana Team

Published : May 6, 2026 at 9:00 PM IST

4 Min Read
Choose ETV Bharat

रोहतक : प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कांग्रेस विधायक कुलदीप वत्स के उस बयान पर प्रतिक्रिया दी है जिसमें वत्स ने वर्ष 2024 में विधानसभा चुनाव में हुई हार के लिए कांग्रेस नेताओं को ही जिम्मेदार ठहराया है. हुड्डा ने इस पर बोलते हुए कहा है कि उन्होंने ये बयान दिया नहीं, जिसने बयान दिया है, उससे पूछो. वत्स ने जो महसूस किया होगा, वही बयान दिया है, प्रजातंत्र है.

कांग्रेस नेताओं को जिम्मेदार ठहराया था : दरअसल बादली विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस विधायक कुलदीप वत्स ने एक दिन पहले मंगलवार को अपने जन्मदिवस पर हुए कार्यक्रम के बाद वर्ष 2024 में हुई हार के लिए कांग्रेस के नेताओं को जिम्मेदार ठहराया था. खास बात यह है कि वत्स के जन्मदिवस पर हुए कार्यक्रम में रोहतक लोकसभा क्षेत्र से कांग्रेस सांसद दीपेंद्र हुड्डा पहुंचे थे लेकिन दीपेंद्र के जाते ही कांग्रेस विधायक ने कह दिया कि कांग्रेस को वर्ष 2024 का चुनाव जनता ने नहीं हराया. कोई किसी वहम में ना रहे, हमें अपने लोगों ने हराया है. जो बड़े नेता थे, उन्होंने चुनाव हराया है. भले अब कोई कुछ भी बोल रहा हो, लेकिन सच्चाई यही है कि कांग्रेस अपनी वजह से हारी है. यही नहीं कुलदीप वत्स ने तो उस दौरान कांग्रेस प्रभारी रहे दीपक बाबरिया को भी निशाने पर लिया. उन्होंने कहा कि पूछो उस प्रभारी से कि हर सीट से 100 लोगों के 20-20 हजार रुपए लेकर फार्म क्यों भरवाए गए. फिर विधानसभा चुनाव में जानबूझकर जरूरत से ज्यादा उम्मीदवार खड़े कर दिए गए, जिससे पार्टी के भीतर भ्रम और गुटबाजी पैदा हुई. ऐसे में कांग्रेस अपनी हार की खुद जिम्मेदार है और इसके लिए जनता को दोष देना गलत होगा. वत्स ने कहा कि यह बात खुलकर भूपेंद्र सिंह हुड्डा, कुमारी शैलजा, प्रदेश प्रभारी और प्रदेश अध्यक्ष के सामने भी रखी है. बड़े नेताओं को तय करना होगा कि वे कांग्रेस के बारे में सोचेंगे या नहीं.

कांग्रेस विधायक के बयान पर भूपेंद्र हुड्डा बोले - "जो महसूस किया, वही कहा" (ETV Bharat)

भूपेंद्र हुड्डा ने की निंदा : वहीं, भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने भाजपा की राज्यसभा सदस्य रेखा शर्मा की ओर से पूर्व मुख्यमंत्री भजनलाल के बारे में दिए गए बयान की आलोचना की. उन्होंने कहा कि भाजपा के जिस भी नेता ने अपशब्दों का प्रयोग किया, वह निंदनीय है. एक जिम्मेदार पद पर बैठकर गलत नहीं बोलना चाहिए. वो हमारे नेता रहे हैं, कई-कई साल सीएम रहे हैं, उनके बारे में गलत नहीं बोलना चाहिए.

"नगर निगम चुनाव में कांग्रेस जीतेगी" : सांपला नगर पालिका चुनाव में कांग्रेस की ओर से उम्मीदवार घोषित न किए जाने के बारे में पूछे गए सवाल के जवाब में भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि उन्होंने कभी भी छोटे चुनाव में हिस्सा नहीं लिया. हालांकि जनता से अपील है कि जो भी उम्मीदवार भाजपा को हराने में सक्षम है, उसी को वोट दें. हरियाणा किसान व मजदूरों का प्रदेश है और प्रदेश की हालत काफी खराब है. नगर निगमों व पालिकाओं की हालत खराब है. इसी के साथ उन्होंने पंचकूला, अंबाला व सोनीपत में होने वाले नगर निगम चुनाव में कांग्रेस की जीत का दावा किया. उन्होंने कहा कि तीनों जगह कांग्रेस का उम्मीदवार जीतेगा.

"चुनाव ईमानदारी से नहीं हुए" : पश्चिम बंगाल के चुनाव परिणाम के बारे में उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी को लग रहा है कि चुनाव ईमानदारी से नहीं हुआ. इसलिए वे नाराज हैं. पहले एसआईआर सही से नहीं हुई, वोट काटी गई. जुलाना से कांग्रेस विधायक एवं महिला पहलवान विनेश फोगाट की ओर से उत्तर प्रदेश के गोंडा में हो रही कुश्ती प्रतियोगिता पर सवाल उठाने के बारे में पूछे जाने पर हुड्डा ने कहा कि निष्पक्ष प्रतियोगिता करवाना सरकार की जिम्मेदारी है. पहले भी महिला पहलवानों के साथ अभद्र व्यवहार हुआ. ऐसा नहीं होना चाहिए और कांग्रेस इसे बर्दाश्त नहीं करेगी.

हरियाणा समेत देश की ताजा ख़बरें पढ़ने के लिए ईटीवी भारत ऐप डाउनलोड करें. यहां आपको मिलेंगी तमाम बड़ी ख़बरें, हर बड़ा अपडेट, वो भी सबसे सटीक और डिटेल एनालिसिस के साथ - Download App

ये भी पढ़ें : "हरियाणा में पूरी सरकार ही घुसपैठिया", राहुल गांधी बोले- "BJP का हर छठा सांसद वोट चोरी से जीता"

ये भी पढ़ें: राहुल के 'हाइड्रोजन बम' से हरियाणा में भूचाल! वोट चोरी पर जुबानी जंग, चुनाव आयोग ने हेराफेरी के आरोपों को बताया निराधार