विवादित बयान से पलटे पूर्व भाजपा विधायक, विपक्ष पर लगाया बदनाम करने का आरोप
संजय गुप्ता ने वायरल वीडियो को लेकर बयान दिया है. उन्होंने विपक्ष पर उन्हें बदनाम करने का आरोप लगाया है.

By ETV Bharat Uttarakhand Team
Published : August 21, 2026 at 4:50 PM IST
हरिद्वार: लक्सर विधानसभा के पूर्व भाजपा विधायक संजय गुप्ता का सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो को लेकर बयान सामने आया है. संजय गुप्ता ने इसे विपक्ष की साजिश बताते हुए वीडियो को तोड़-मरोड़ कर पेश करने की बात कही है. उन्होंने कहा किसी को लेकर गलत टिप्पणी नहीं की थी. जिसे तोड़ मरोड़कर विपक्ष ने गलत तरीके से पेश किया है.
पूर्व भाजपा विधायक संजय गुप्ता ने कहा सुल्तानपुर गाांव में उनका जन्म हुआ. उस क्षेत्र को नगर पंचायत का दर्जा दिलाकर कई योजनाओं को यहां लेकर आए. मुख्यमंत्री से उन्होंने यहां स्वच्छ पानी के लिए ओवरहेड टैंक लगाने के लिए 11 करोड़ रुपए की धनराशि स्वीकृत कराई. वह अपनी जन्मभूमि का कर्ज उतारने का काम कर रहे हैं. उन्होंने कहा जो गलत वीडियो वायरल कर रहे हैं वे उसकी निंदा करते हैं.
बता दें संजय गुप्ता का एक वीडियो उनके जन्मदिवस पर आयोजित कार्यक्रम का वायरल हो रहा है. जिसमें वे स्वच्छ पानी पीने वाले वोटरों के वोट न देने पर पेट फटने और प्लास्टिक के कीड़े पड़ने की बात कही थी.
जानिए क्या था पूरा मामला: बीते गुरुवार को पूर्व भाजपा विधायक संजय गुप्ता के जन्मदिन के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समर्थक और भाजपा कार्यकर्ता जुटे थे. कार्यक्रम में कई भाजपा नेता और समर्थक मौजूद रहे. इस दौरान पूर्व विधायक ने अपने कार्यकाल की उपलब्धियां गिनाईं, लेकिन भाषण के दौरान उत्साह में उनके मुंह से निकली एक टिप्पणी चर्चा का विषय बन गई. कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक ने अपने कार्यकाल के दौरान क्षेत्र में कराए गए विकास कार्यों का जिक्र किया.
उन्होंने कहा विधायक रहते हुए उन्होंने विधानसभा क्षेत्र में पेयजल की समस्या को दूर करने के लिए पानी की टंकियों का निर्माण कराया. लोगों को साफ पानी उपलब्ध कराया.पहले 20 फुट पर निकला गंदा पानी मिलता था, लेकिन उन्हें जनता को साफ पानी दिया. अपने कामों को गिनाते हुए वह काफी उत्साहित नजर आए. उन्होंने कहा मेरा पानी पीकर वोट नहीं दिया तो पेट में कीड़े पड़ेंगे. उनके इसी बयान पर बवाल मचा हुआ है.
पढे़ं- पूर्व बीजेपी विधायक के बिगड़े बोल, कहा-मेरा पानी पीकर वोट नहीं दिया तो पेट में पड़ेंगे कीड़े

