ETV Bharat / state

लखनऊ में युवराज सिंह ने लड़कियों को सिखाए क्रिकेट के गुर, संघर्ष के दिनों को याद किया

लखनऊ में पूर्व क्रिकेटर युवराज सिंह ने उभरते हुए क्रिकेट खिलाड़ियों को बल्लेबाजी और गेंदबाजी के महत्वपूर्ण टिप्स शेयर किए.

Photo Credit: ETV Bharat
युवराज सिंह ने महिला डगआउट का उद्घाटन किया. (Photo Credit: ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team

Published : March 2, 2026 at 5:35 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

लखनऊ: भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व बल्लेबाज युवराज सिंह ने सोमवार को लखनऊ के इकाना स्टेडियम में महिला क्रिकेटरों को विशेष प्रशिक्षण दिया. इस दौरान उन्होंने महिला डगआउट का उद्घाटन किया और ग्रासरूट स्तर के खिलाड़ियों को खेल के प्रति प्रेरित किया. यह प्रोग्राम एक निजी संस्था द्वारा क्रिकेट को बढ़ावा देने के उद्देश्य से किया गया था. युवराज सिंह ने उभरते हुए खिलाड़ियों को बल्लेबाजी और गेंदबाजी के महत्वपूर्ण टिप्स शेयर किए.

बल्लेबाजी की तकनीक सिखायी: युवराज सिंह ने बड़े हिट्स लगाने की तकनीक बताई और स्पिन व पेस गेंदबाजी के दौरान सही लाइन-लेंथ, बॉडी पोस्चर और रिलीज पॉइंट के बारे में विस्तार से मार्गदर्शन किया. युवराज के निर्देशन में खिलाड़ियों ने नेट पर बैटिंग और बॉलिंग का कड़ा अभ्यास किया. उन्होंने शुभमन गिल और अभिषेक शर्मा जैसे युवा सितारों का उदाहरण देते हुए कहा कि टैलेंट के साथ सही मार्गदर्शन बेहद जरूरी है. अपनी करियर की चुनौतियों का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि मुश्किल समय में सचिन तेंदुलकर की सलाह ने उनके लिए चीजें स्पष्ट कर दी थीं.

Photo Credit: ETV Bharat
लखनऊ में पूर्व क्रिकेटर युवराज सिंह (Photo Credit: ETV Bharat)

संघर्ष के दिनों की यादें शेयर कीं: एक सवाल के जवाब में युवराज ने गर्व से कहा कि वह तीन बार के वर्ल्ड कप विजेता हैं और हमेशा सकारात्मक सोच रखते हैं. उन्होंने चिंता जताई कि कई बच्चे संसाधनों और किट की कमी के कारण क्रिकेट छोड़ देते हैं, जिसे वह अपनी एकेडमी के जरिए दूर करने का प्रयास कर रहे हैं. अपने पहले बल्ले का मजेदार किस्सा सुनाते हुए उन्होंने बताया कि उनके पिता ने उन्हें बल्ला दिया था. उस बल्ले से छक्का मारते ही गेंद एक व्यक्ति को लग गई थी, जिसके डर से वह बल्ला छोड़कर भाग खड़े हुए थे.

महिला डगआउट का उद्घाटन किया: कार्यक्रम में यूपीसीए के पदाधिकारी प्रेम मनोहर गुप्ता ने बताया कि वर्तमान में ध्रुव जुरेल, कुलदीप यादव और रिंकू सिंह जैसे खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर यूपी का मान बढ़ा रहे हैं. बीसीसीआई उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला के सहयोग से प्रदेश में टैलेंट की नई नर्सरी तैयार की जा रही है. युवराज सिंह ने जिस महिला डगआउट का उद्घाटन किया, उसमें सचिन तेंदुलकर की फोटो और लखनऊ के बड़ा इमामबाड़ा की खूबसूरत पेंटिंग बनी हुई है. अंत में उन्होंने युवा क्रिकेटरों को किट बांटी और उनके साथ फोटो खिंचवाकर उनका उत्साहवर्धन किया.


यह भी पढ़ें- इस किले में शिव का वास; शेरशाह सूरी को यहीं मिली मौत, जानिए अजेय कालिंजर किले की शौर्य गाथा