हिमाचल में और बढ़ेंगी पंचायतें, प्रस्ताव पहुंचा CM सुक्खू के पास, अब फैसले पर टिकी निगाहें
बढ़ती आबादी, भौगोलिक परिस्थितियों और प्रशासनिक सुगमता को ध्यान में रखते हुए कई नई पंचायतें गठित करने का खाका तैयार किया गया है.

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team
Published : February 28, 2026 at 9:05 PM IST
शिमला: हिमाचल में नई पंचायतों को लेकर सियासी और प्रशासनिक हलचल तेज हो गई है. ग्रामीण विकास को नई रफ्तार देने और दूरदराज के इलाकों तक योजनाओं का लाभ प्रभावी ढंग से पहुंचाने के उद्देश्य से नई पंचायतों के गठन का प्रस्ताव सरकार को भेज दिया गया है. अब इस अहम मसले पर अंतिम मुहर लगनी बाकी है, जिस पर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू को फैसला लेना है. राज्य में बढ़ती आबादी, भौगोलिक परिस्थितियों और प्रशासनिक सुगमता को ध्यान में रखते हुए कई नई पंचायतें गठित करने का खाका तैयार किया गया है. प्रस्ताव में उन क्षेत्रों को प्राथमिकता दी गई है जहां पंचायत मुख्यालय तक पहुंचना ग्रामीणों के लिए मुश्किल साबित हो रहा है.
यदि मुख्यमंत्री की मंजूरी मिलती है तो प्रदेश में 110 पंचायतों की और बढ़ोतरी हो सकती है, जिससे स्थानीय स्तर पर विकास कार्यों में तेजी आने की उम्मीद है. अब सभी की निगाहें सीएम के फैसले पर टिकी हैं.
दो चरणों में बन चुकी है 43 पंचायतें
हिमाचल में अभी तक दो चरणों में कुल 43 पंचायतों का गठन हो चुका है. इसमें पहले चरण में 4 नई पंचायतों का गठन किया गया था. इसके बाद दूसरे चरण में 39 और पंचायतों का गठन किया गया. जिसकी 27 फरवरी को पंचायती राज विभाग ने अधिसूचना जारी कर दी है. पंचायतीराज विभाग ने दूसरे चरण में 40 नई पंचायतों का प्रस्ताव सरकार को भेजा था, जिसमें मंडी की एक पंचायत के गठन में अभी पेच फंसा हुआ है.
बता दें कि, प्रदेश में पहले पंचायतों की संख्या 3577 थी, लेकिन दो चरणों में 43 और नई पंचायतें बनने के बाद प्रदेश में कुल पंचायतों की संख्या 3620 हो गई है. अब तीसरे चरण में अगर और पंचायतों का प्रस्ताव को मंजूरी मिलती है तो यह संख्या अभी और बढ़ सकती है. पंचायतीराज विभाग के अतिरिक्त निदेशक केवल शर्मा का कहना है कि नई पंचायतों के लिए तीसरे चरण में सरकार को प्रस्ताव भेजा गया है.
ये भी पढ़ें: सुक्खू सरकार का व्यवस्था परिवर्तन, हिमाचल में इस डेट के बाद नियुक्त डॉक्टर्स को नहीं मिलेगा NPA
ये भी पढ़ें: दिल्ली-हिमाचल पुलिस विवाद के बीच गृह मंत्री अमित शाह से मिले जयराम ठाकुर, कानून व्यवस्था सहित कई मुद्दों पर चर्चा

