हिमाचल में 50 हजार की रिश्वत लेते वन अधिकारी रंगे हाथों गिरफ्तार, विजिलेंस ने बिछाया था ट्रैप
बिलासपुर में विजलेंस विभाग ने एक वन अधिकारी को रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है.

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team
Published : December 29, 2025 at 10:27 PM IST
बिलासपुर: बिलासपुर जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ विजिलेंस विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है. वन विभाग के एक बीट इंचार्ज को 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया है. यह कार्रवाई एक ठेकेदार की शिकायत के बाद की गई, जिसमें सरकारी काम के बदले अवैध पैसे मांगने का आरोप लगाया गया था.
वन अधिकारी ने मांगी 3 लाख की रिश्वत
विजिलेंस विभाग को चलेली क्षेत्र के ठेकेदार सुरेश कुमार ने शिकायत दी थी. शिकायत में कहा गया था कि वन विभाग का बीट इंचार्ज समीर मुहम्मद उससे खैर के पेड़ों की मार्किंग के बदले रिश्वत मांग रहा है. ठेकेदार के अनुसार अधिकारी ने यह काम करने के लिए तीन लाख रुपये की मांग की थी.
विजिलेंस टीम ने बिछाया जाल
शिकायत मिलने के बाद विजिलेंस टीम ने मामले की गोपनीय जांच शुरू की. प्राथमिक जांच में आरोप सही पाए जाने पर टीम ने जाल बिछाया. इस दौरान आरोपी अधिकारी और ठेकेदार के बीच बातचीत पर नजर रखी गई.
एक लाख में तय हुआ सौदा
जांच के दौरान आरोपी बीट इंचार्ज ने रिश्वत की रकम घटाकर एक लाख रुपये तय की. इसमें से पहली किस्त के रूप में 50 हजार रुपये लेने पर सहमति बनी. आरोपी ने यह राशि गूगल पे के माध्यम से लेने को कहा.
रंगे हाथों पकड़ा गया वन अधिकारी
जैसे ही आरोपी ने 50 हजार रुपये गूगल पे से प्राप्त किए, विजिलेंस टीम ने मौके पर पहुंचकर उसे पकड़ लिया. लेनदेन के डिजिटल सबूत भी टीम ने अपने कब्जे में ले लिए हैं.
विजिलेंस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है. मामले से जुड़े दस्तावेज, कॉल डिटेल्स और डिजिटल ट्रांजैक्शन की जांच की जा रही है. जरूरत पड़ने पर अन्य अधिकारियों की भूमिका की भी पड़ताल होगी.
ये भी पढ़ें: घर में घुसकर सरकारी कर्मचारी पर जानलेवा हमला, कानून-व्यवस्था पर उठे सवाल

