ETV Bharat / state

मुर्गी के बाड़े में फंसा गुलदार, 9 मुर्गियां खाई, वन विभाग ने ट्रेंकुलाइज कर किया रेस्क्यू

पौड़ी गुलदार में गुलदार के आतंक से लोग परेशान है. आज भी गुलदार ने मुर्गियों के बाड़े में घूसकर उनका शिकार किया.

garhwal
मुर्गी के बाड़े में फंसा गुलदा (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Uttarakhand Team

Published : June 3, 2026 at 8:07 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

पौड़ी गढ़वाल: उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले के मासों तल्ला क्षेत्र में बुधवार तीन जून सुबह उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब एक गुलदार ग्रामीणों के मुर्गी बाड़े में फंस गया. गुलदार के बाड़े में फंसे होने की सूचना मिलते ही आसपास के क्षेत्र में दहशत फैल गई. ग्रामीणों ने तत्काल वन विभाग को इसकी जानकारी दी, जिसके बाद विभाग की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान शुरू किया.

वन विभाग ने सुरक्षा के मद्देनज़र स्थानीय लोगों को घटनास्थल से दूर रहने की सलाह दी. करीब एक घंटे तक चली मशक्कत के बाद टीम ने सफलतापूर्वक गुलदार को ट्रेंकुलाइज कर अपने कब्जे में ले लिया. रेस्क्यू अभियान के दौरान पूरे क्षेत्र में लोगों की भीड़ जुटी रही.

पौड़ी गढ़वाल में गुलदार का आतंक. (ETV Bharat)

गढ़वाल वन प्रभाग पौड़ी के डीएफओ महातिम यादव ने बताया कि सुबह सूचना मिली थी कि मासों तल्ला क्षेत्र में एक गुलदार मुर्गी के बाड़े में फंस गया है. सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम को मौके पर भेजा गया. उन्होंने बताया कि गुलदार को सुरक्षित ट्रेंकुलाइज कर नागदेव रेंज लाया गया है, जहां उसका स्वास्थ्य परीक्षण किया जाएगा.

डीएफओ के अनुसार गुलदार ने बाड़े में फंसने के दौरान नौ मुर्गियों को अपना शिकार बना लिया था. फिलहाल गुलदार पूरी तरह सुरक्षित है और आगे की कार्रवाई नियमानुसार की जा रही है. ग्रामीण शंकर नौटियाल ने बताया कि यह एक बड़ा क्षेत्र है, जहां पिछले काफी समय से गुलदार की गतिविधियां लगातार देखी जा रही हैं.

उन्होंने कहा कि गुलदार आसपास के इलाकों में लोगों पर हमले कर चुका है और अब वह पालतू पशुओं तथा मुर्गियों को भी अपना शिकार बना रहा है. इससे ग्रामीणों के बीच भय का माहौल है और गांव में रहना मुश्किल होता जा रहा है.

उन्होंने बताया कि इस संबंध में वन विभाग को कई बार अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है. क्षेत्र में एक से अधिक गुलदारों की मौजूदगी की आशंका के कारण ग्रामीण लगातार दहशत में हैं.

वहीं मुर्गी बाड़े के स्वामी अर्जुन सिंह रावत ने बताया कि करीब एक सप्ताह पहले भी गुलदार ने ग्रामीणों के सामने ही उनके कई मुर्गों को अपना शिकार बना लिया थाय उन्होंने कहा कि बीती रात गुलदार मुर्गी बाड़े की सुरक्षा व्यवस्था तोड़कर अंदर घुस गया और कई मुर्गियों को मार डाला. कुछ मुर्गियों को वह अपने साथ उठा ले गया, जबकि कई मृत अवस्था में मिलीं.

अर्जुन सिंह रावत ने बताया कि उनका परिवार गांव में रहकर कृषि, बागवानी और मुर्गी पालन के माध्यम से अपना जीवनयापन करता है, लेकिन क्षेत्र में लगातार बढ़ रही गुलदार की गतिविधियों के कारण उनका परिवार भय के साये में जीने को मजबूर हैय उन्होंने कहा कि हालात ऐसे हो गए हैं कि ग्रामीण खेतों और बागानों में काम करने से भी डर रहे हैं. ग्रामीणों ने वन विभाग से जल्द प्रभावी कार्रवाई कर गुलदार के आतंक से निजात दिलाने की मांग की है.

पढ़ें---