वन विभाग ने 40 बीघा जमीन से हटाया अतिक्रमण, इसमें 20 बीघा पर काबिज था हिस्ट्रीशीटर कालू भड़क
वन विभाग ने लखावा ए 1 वन खण्ड से अतिक्रमण हटाया. पांच घंटे कार्रवाई से पहले नोटिस देकर खुद अवैध कब्जा हटाने को कहा था.

Published : February 20, 2026 at 3:49 PM IST
कोटा: पुलिस पर हमले समेत विभिन्न मामलों के आरोपी हिस्ट्रीशीटर कालू भड़क पर वन विभाग ने भी कार्रवाई की. वन विभाग की टीम ने रानपुर थाना इलाके में लखावा ए 1 वन खंड से शुक्रवार को अतिक्रमण हटाया. कार्रवाई कोटा सिटी पुलिस और फॉरेस्ट विभाग ने संयुक्त रूप से की. इसमें करीब 40 बीघा जमीन से अतिक्रमण हटाया गया. इनमें पशु बाड़े और फार्म हाउस बनाया हुआ था. खेती भी वन विभाग की जमीन पर की जा रही थी. आरोपी कालू भड़क का भाई देवा भड़क कांग्रेस नेता है और पूर्व कृषि उपज मंडी के अध्यक्ष रह चुका है.
कोटा के उपवन संरक्षक अपूर्व कृष्ण श्रीवास्तव ने बताया कि कालू भड़क के अतिक्रमण को हटाने के लिए पहले नोटिस दिया था. उसने खुद अतिक्रमण नहीं हटाया तो विभाग ने अतिक्रमण गिरा दिए. कार्रवाई 4 से 5 घंटे चली. पक्के निर्माण भी गिराए.
लंबे समय से था अतिक्रमण: लाडपुरा रेंजर इंद्रेश कुमार ने कहा कि मवेशियों को रखने के लिए बाड़ा बनाया था, जिसे टीनशेड से कवर किया था. कुछ जगह हट्स बनाकर फार्म हाउस जैसा डेवलप किया था. बाकी एरिया में बाउंड्री वॉल कर कृषि कार्य किया जा रहा था. अतिक्रमण काफी लंबे समय से था. इसमें 40 बीघा एरिया से अतिक्रमण हटाया. पूरे अतिक्रमण में 20 बीघा कालू भड़क का था, जबकि शेष पर अन्य लोगों ने अतिक्रमण किया था.

बड़ी वारदात की फिराक में था: कोटा सिटी एसपी तेजस्विनी गौतम का कहना है कि आरोपी से पुलिस को 7 फायरिंग आर्म्स और 27 कारतूस मिले थे. यह सब उसने किसी घटना को अंजाम देने को जुटाए थे. भड़क पर 34 मुकदमे हैं. इसमें सात मुकदमे पुलिस पर हमले और राजकार्य में बाधा के हैं. पुलिस पर फायरिंग के भी मुकदमे हैं.
पढ़ें:केडीए ने 35 करोड़ की जमीन से हटाया अतिक्रमण, कॉमर्शियल स्कीम पर जम गए थे अतिक्रर्मी
हार्डकोर अपराधियों को मैसेज: एसपी गौतम का कहना है कि हार्डकोर अपराधियों को सीधा मैसेज है कि कानून से ऊपर कोई नहीं है. अवैध संपत्ति अर्जित की है. नए क्रिमिनल कानून के आधार पर आरोपी की अवैध संपत्ति पर कार्रवाई होगी. उसके खिलाफ एक और मुकदमा दर्ज हुआ है कि निजी खातेदारी के जमीन पर कब्जा करने को किया है. आरोपी ने पूछताछ में बताया कि हथियार दिखाकर लोगों को डरा धमकाकर अवैध कब्जे करना चाह रहा था. साथ ही कुछ वारदातों को भी अंजाम देने वाला था. इस मामले में कुछ लोगों के नाम भी आए हैं, उनको गिरफ्तार कर पूछताछ की जाएगी.
पढ़ें:हिस्ट्रीशीटर आदिल मिर्जा के घर पर चला बुलडोजर, 3.5 बीघा जमीन पर अतिक्रमण हटाए

