ETV Bharat / state

शिक्षा के बाद वन महकमे के दफ्तर में भी तोड़फोड़, देखिए आशारोड़ी रेंज कार्यालय पर हमले का वीडियो

राजधानी देहरादून में शनिवार का दिन आफत भरा रहा है. शिक्षा विभाग के बाद वन विभाग के दफ्तर में तोड़फोड़ हुई है.

dehradun
वन महकमे के दफ्तर में भी तोड़फोड़ (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Uttarakhand Team

Published : February 21, 2026 at 10:56 PM IST

|

Updated : February 22, 2026 at 6:28 AM IST

4 Min Read
Choose ETV Bharat

देहरादून: एक तरफ शनिवार को शिक्षा निदेशालय में विधायक और उनके समर्थकों के हमले का मामला चर्चा में रहा तो, वहीं वन विभाग में आशारोड़ी रेंज कार्यालय से भी कुछ ऐसी ही तस्वीर सामने आई है. यहां भी कुछ लोगों ने वन विभाग के कार्यालय पर पहुंचकर तोड़फोड़ की है.

देहरादून में शनिवार का दिन सरकारी महकमों के लिए बेहद चिंताजनक साबित हुआ. एक ही दिन में शिक्षा विभाग और वन विभाग के कार्यालयों पर हमले और तोड़फोड़ की घटनाओं ने प्रशासनिक सुरक्षा व्यवस्था पर सवालिया निशान लगा दिए हैं. शिक्षा निदेशालय में विधायक और उनके समर्थकों द्वारा किए गए हंगामे का मामला अभी थमा भी नहीं था कि वन विभाग के आशारोड़ी रेंज कार्यालय से मारपीट और तोड़फोड़ का वीडियो सामने आ गया, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.

शिक्षा के बाद वन महकमे के दफ्तर में भी तोड़फोड़ (ETV Bharat)

मामला देहरादून स्थित आशारोड़ी रेंज कार्यालय का है, जहां कुछ लोगों ने अचानक पहुंचकर न सिर्फ कार्यालय परिसर में जमकर हंगामा किया, बल्कि वन विभाग के अधिकारियों की गाड़ियों को भी नुकसान पहुंचाया. बताया जा रहा है कि हमलावरों ने दफ्तर में घुसकर तोड़फोड़ की और कर्मचारियों के साथ मारपीट की कोशिश भी की. इस पूरी घटना के दौरान कार्यालय में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और कर्मचारी खुद को असुरक्षित महसूस करते नजर आए.

वन विभाग से मिली जानकारी के अनुसार विवाद की जड़ धारा 4 की उस जमीन से जुड़ी है, जिस पर अवैध निर्माण किया जा रहा था. वन विभाग की टीम ने नियमों के तहत मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य को रुकवाया और इसे अवैध करार दिया. इसी कार्रवाई से नाराज होकर कुछ लोग आशारोड़ी रेंज कार्यालय पहुंचे और गुस्से में आकर तोड़फोड़ शुरू कर दी. बताया जा रहा है कि हमलावरों की संख्या अधिक थी और वे काफी आक्रामक रवैया अपनाए हुए थे.

घटना का वीडियो सामने आने के बाद मामला और भी गंभीर हो गया है. वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि एक व्यक्ति कार्यालय परिसर में हंगामा करता हुआ नजर आ रहा है, जबकि वन विभाग के कर्मचारी उसे शांत कराने की कोशिश कर रहे हैं. कर्मचारियों के चेहरे पर डर और असहायता साफ झलक रही है. वीडियो ने यह भी उजागर किया है कि किस तरह सरकारी अधिकारी अपने ही दफ्तरों में सुरक्षित नहीं हैं.

वन विभाग के आशारोड़ी रेंज से जुड़े अधिकारियों ने पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस में तहरीर दी है. शिकायत के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और वायरल वीडियो की भी जांच की जा रही है. अधिकारियों का कहना है कि दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो.

इस पूरे प्रकरण पर आशारोड़ी रेंज के रेंजर रविंद्र वेदवाल ने बताया कि वन विभाग की टीम अवैध कब्जे और निर्माण को रोकने के लिए मौके पर गई थी. कार्रवाई के दौरान काम रुकवाया गया, जिससे कुछ लोग नाराज हो गए। इसके बाद वे सीधे रेंज कार्यालय पहुंचे और वहां जमकर तोड़फोड़ की. उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कर्मचारियों के साथ मारपीट की कोशिश की गई.

लगातार सामने आ रही इन घटनाओं ने यह सोचने पर मजबूर कर दिया है कि क्या सरकारी दफ्तरों में काम कर रहे अधिकारी और कर्मचारी सुरक्षित हैं. सवाल यह भी है कि कानून का पालन कराने वाले विभागों पर ही अगर इस तरह खुलेआम हमले होंगे, तो आम जनता में कानून का डर कैसे बना रहेगा.

फिलहाल पुलिस जांच जारी है और प्रशासन की ओर से स्थिति पर नजर रखी जा रही है, लेकिन देहरादून में एक ही दिन में दो बड़े विभागों में हुई तोड़फोड़ की घटनाओं ने यह साफ कर दिया है कि सरकारी दफ्तरों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अब ठोस कदम उठाने की जरूरत है, वरना ऐसे बुलंद हौसले भविष्य में और बड़ी चुनौतियां खड़ी कर सकते हैं.

पढ़ें---

Last Updated : February 22, 2026 at 6:28 AM IST