भारत–नेपाल सीमा पर बड़ी कार्रवाई: पगडंडी मार्ग से भारत में घुसपैठ करती विदेशी महिला गिरफ्तार
महिला के पास से कुछ संदिग्ध दस्तावेज बरामद, जिसके आधार पर चाइनीज नागरिक होने की संभावना जताई जा रही है.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : January 9, 2026 at 9:09 PM IST
महराजगंज: बिना वीजा–पासपोर्ट भारत में प्रवेश कर रही एक संदिग्ध महिला को नौतनवां पुलिस ने बैरिया बाजार इलाके से हिरासत में लिया है. महिला के पास से कुछ संदिग्ध दस्तावेज बरामद हुए हैं, जिसके आधार पर चाइनीज नागरिक होने की संभावना जताई जा रही है.
भारत–नेपाल सीमा से सटे महराजगंज जिले में सुरक्षा एजेंसियों ने सतर्कता दिखाते हुए एक संदिग्ध विदेशी महिला को अवैध घुसपैठ के दौरान हिरासत में लिया है. बताया जा रहा है कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी के नेपाल की ओर से एक विदेशी महिला पगडंडी मार्ग से भारत में प्रवेश कर रही है. सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए नौतनवां पुलिस ने बैरिया बाजार इलाके से महिला को हिरासत में ले लिया.
प्रारंभिक जांच में महिला के पास भारत में प्रवेश से संबंधित कोई वैध वीजा या पासपोर्ट नहीं है. उसके पास से कुछ संदिग्ध दस्तावेज बरामद हुए हैं, जिसके आधार पर महिला को चायनीज नागरिक होने की संभावना जताई जा रही है. मामले की गंभीरता को देखते हुए सीमा पर तैनात एलआईयू, इमिग्रेशन विभाग, एसएसबी सहित अन्य सुरक्षा एजेंसियां संयुक्त रूप से जांच में जुटी हैं. पूछताछ के दौरान पुलिस को भाषा की बड़ी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है. महिला न तो हिंदी समझ पा रही है और न ही अंग्रेजी, जिससे प्रारंभिक पूछताछ प्रभावित हो रही है.
नौतनवां थाना प्रभारी पुरुषोत्तम राव ने बताया कि “संदिग्ध विदेशी महिला को बैरिया बाजार से हिरासत में लिया गया है. महिला के पास से वैध वीजा या पासपोर्ट कुछ नहीं मिला. कुछ दस्तावेज बरामद हुए हैं, जिनकी जांच विभिन्न सुरक्षा एजेंसियां कर रही हैं. भाषा की समस्या के कारण पूछताछ में दिक्कत आ रही है, इसलिए ट्रांसलेटर की व्यवस्था की जा रही है. पूरी जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।”
पुलिस प्रशासन ने वाराणसी से चाइनीज भाषा के ट्रांसलेटर टीम बुलाने का निर्णय लिया है. ट्रांसलेटर की सहायता से पूछताछ के बाद यह स्पष्ट हो सकेगा कि महिला भारत में किस उद्देश्य से प्रवेश कर रही थी. फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड में हैं और सीमा क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी गई है।
ये भी पढ़े : सपा ने SIR और नए मतदान केंद्रों पर जताई आपत्ति, नो-मैपिंग मतदाताओं के नोटिस बीएलए को भी देने की मांग की
ये भी पढ़े: KGMU का इनामी डॉ. रमीजुद्दीन गिरफ्तार; महिला डॉक्टर को लव जिहाद में फंसाकर किया था टॉर्चर, 4 राज्यों में पुलिस दे रही थी दबिश

