ETV Bharat / state

उदयपुर में विदेशी पर्यटक पर स्ट्रीट डॉग का हमला, शिकायत के बाद भी कार्रवाई नहीं

सिंगापुर से आए पर्यटक को उदयपुर के अंबावगढ़ में स्ट्रीट डॉग ने काट लिया.

street dog attacked on tourist
विदेशी पर्यटक सुंदर (ETV Bharat Udaipur)
author img

By ETV Bharat Rajasthan Team

Published : February 21, 2026 at 1:57 PM IST

|

Updated : February 21, 2026 at 2:33 PM IST

4 Min Read
Choose ETV Bharat

उदयपुर: शहर में स्ट्रीट डॉग्स की समस्या अब गंभीर रूप लेती जा रही है. ताजा मामला शहर के प्रमुख पर्यटन क्षेत्र से जुड़ा है, जहां एक विदेशी पर्यटक श्वान के हमले का शिकार हो गया. इस घटना ने न केवल स्थानीय व्यवस्था बल्कि पर्यटकों की सुरक्षा पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं. पिछोला झील के पास गुरुवार सुबह करीब 7 बजे अंबावगढ़ स्थित ब्रह्मा निवास के बाहर सिंगापुर निवासी पर्यटक सुंदर पांडे मार्टिन टहल रहे थे. इसी दौरान पीछे से आए एक स्ट्रीट डॉग ने उनके बाएं पैर पर काट लिया. इससे उनका पैर लहूलुहान हो गया.

सुंदर ने बताया कि मौके पर मौजूद लोगों की मदद से उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया. यहां एंटी-रेबीज वैक्सीन, ड्रेसिंग और दवाइयों के साथ प्राथमिक उपचार किया गया. घटना के बाद मार्टिन ने कहा कि इस हमले से उनकी यात्रा में खलल पड़ा है और वे मानसिक तनाव महसूस कर रहे हैं. इस मामले में उनके प्रतिनिधि जेन ई. टैन ने प्रशासन के खिलाफ औपचारिक शिकायत दर्ज कराई है.

विदेशी पर्यटक पर सुंदर पांडे मार्टिन (ETV Bharat Udaipur)

पढ़ें: अस्पताल के पीछे नवजात के शव को मुंह में लेकर दौड़ता दिखा स्ट्रीट डॉग, मामले की जांच में जुटी पुलिस

शिकायत में कहा गया है कि अंबावगढ़ और झील किनारे के क्षेत्रों में पहले भी इस तरह की घटनाएं सामने आ चुकी हैं, लेकिन रोकथाम के लिए कोई प्रभावी कदम नहीं उठाए गए. उन्होंने इसे पर्यटकों की सुरक्षा से जुड़ा गंभीर मुद्दा बताया. इसी दिन शहर के शास्त्री सर्किल क्षेत्र में अंशुमन चटर्जी नामक व्यक्ति को भी एक स्ट्रीट डॉग ने काट लिया. इससे पता चलता है कि शहर में स्ट्रीट डॉग्स की समस्या लगातार बढ़ रही है. इस मामले को लेकर पीड़ित ने दूतावास में भी शिकायत दर्ज कराई है.

श्वानों के काटने की प्रमुख घटनाएं

  • 17 अक्टूबर 2025 को अलवर जिले के गोविंदगढ़ थाना क्षेत्र के माली का बास गांव में एक 6 वर्षीय मासूम बच्चे पर एक श्वान ने हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया. मासूम के चेहरे और पैर पर कुल 14 टांके लगाने पड़े हैं.
  • 11 सितंबर 2025 को उदयपुर जिले के नयागांव उपखंड क्षेत्र में हाल ही में एक आवारा श्वान ने लगभग एक किलोमीटर के दायरे में चार लोगों पर हमला कर दिया. श्वान ने एक 3 साल के बच्चा को भी घायल कर दिया. श्वान बच्चे के होंठ को गंभीर रूप से नोच लिया.
  • 22 जुलाई 2025 को डीडवाना शहर में आवारा श्वान ने जमकर दहशत फैलाई. श्वान ने शाम से लेकर देर रात तक करीब 24 लोगों को काट लिया. श्वान के शिकार बने लोगों का राजकीय जिला अस्पताल में इलाज कराया गया. इनमें महिलाएं, बच्चे व बुजुर्ग शामिल हैं. एक साथ डॉग बाइट के इतने केस आने पर जिला अस्पताल में एंटी रेबीज इंजेक्शन का स्टॉक खत्म हो गया. बाहर से मंगवाकर घायलों को इंजेक्शन लगाए गए.
  • 15 जुलाई 2025 को डीग जिले के कामां क्षेत्र के सिवलाना गांव में सात वर्षीय बच्ची नायदा पर छह श्वानों ने एक साथ हमला कर दिया. बच्ची की चीख सुनकर वहां से गुजर रहे दो युवकों ने साहस दिखाया व उसे श्वानों के चंगुल से छुड़ाया. इससे बड़ी अनहोनी टल गई. बच्ची की गर्दन और शरीर पर गहरे जख्म आए.
  • 28 मई 2025 को झालावाड़ जिले के झालरापाटन कस्बे में आवारा श्वान ने आतंक मचाते हुए करीब 12 लोगों को घायल कर दिया. डॉग बाइटिंग का शिकार हुए लोगों में दो बच्चे और एक बुजुर्ग भी शामिल हैं, जो रोजमर्रा के कार्यों से बाहर निकले थे. सभी घायलों को झालरापाटन के सेटेलाइट हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई.
Last Updated : February 21, 2026 at 2:33 PM IST