लखनऊ के स्कूल में परीक्षा के दौरान बिना अनुमति बनाया वीडियो; FIR
स्कूल की इंचार्ज प्रधानाध्यापिका की तहरीर पर गोसाईगंज पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : August 27, 2026 at 11:36 AM IST
लखनऊ: गोसाईगंज परीक्षा के दौरान एक निजी चैनल के प्रतिनिधि अपने साथियों के साथ स्कूल परिसर में घुस आए. आरोप है कि उन्होंने महिला शिक्षिकाओं को कैमरे के सामने जबरन बयान देने के लिए परेशान किया. इसके बाद सोशल मीडिया पर झूठे दावों के साथ वीडियो प्रसारित किया. स्कूल की इंचार्ज प्रधानाध्यापिका की तहरीर पर गोसाईगंज पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है.
अनुमति मांगने पर की बदसलूकी: विद्यालय की इंचार्ज अध्यापिका विनीता श्रीवास्तव द्वारा पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, 20 अगस्त को स्कूल में बच्चों की सत्र परीक्षा चल रही थी. इसी दौरान खुद को एक निजी चैनल का प्रतिनिधि बताने वाले आरोपी अमित यादव अपने कुछ साथियों के साथ सीधे स्कूल परिसर के अंदर दाखिल हो गया. उन्होंने न तो शिक्षा विभाग से कोई अनुमति ली थी और न ही विद्यालय प्रशासन से इजाजत मांगी. जब अध्यापिका ने उनसे विभागीय अनुमति पत्र दिखाने को कहा, तो वे अनसुना कर मोबाइल व कैमरों से वीडियो बनाने लगा.
तहरीर में आरोप लगाया गया है कि विद्यालय परिसर, पेयजल व्यवस्था और शौचालय पूरी तरह से स्वच्छ व व्यवस्थित थे, लेकिन जानबूझकर स्थिति को गलत और भ्रामक तरीके से कैमरे में कैद किया गया. आरोपियों ने स्कूल में तैनात दो महिला शिक्षिकाओं को जबरन कैमरे के सामने बोलने के लिए मजबूर किया और उन्हें मानसिक रूप से परेशान किया.
मौके पर मौजूद स्थानीय ग्राम प्रधान ने भी पुष्टि की कि विद्यालय में नियमित रूप से साफ-सफाई कराई जाती है और कोई अव्यवस्था नहीं है. अध्यापिका का आरोप है कि राजनीतिक पूर्वाग्रह और सस्ती लोकप्रियता के चलते सरकारी योजनाओं और स्कूल की छवि को बदनाम करने के मकसद से इस भ्रामक खबर को सोशल मीडिया पर वायरल किया गया.
पुलिस ने दर्ज किया केस, जांच जारी: एडिशनल डीसीपी दक्षिणी बसंत कुमार रल्लापल्ली ने बताया कि इंचार्ज अध्यापिका विनीता श्रीवास्तव की लिखित शिकायत पर आरोपी अमित यादव व उसके साथियों के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने, शांतिभंग और संबंधित धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर लिया गया है. पुलिस सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो फुटेज और साक्ष्यों की पड़ताल कर विधिक कार्रवाई में जुटी है.
लखनऊ के गोसाईगंज स्थित पूर्व माध्यमिक विद्यालय में परीक्षा के दौरान बिना अनुमति घुसकर फर्जी वीडियो बनाने और महिला अध्यापिकाओं को परेशान करने के आरोप में निजी चैनल के प्रतिनिधि अमित यादव व अन्य के खिलाफ पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

