गोगुंडा में फोर्स को मिली बड़ी कामयाबी, नक्सलियों की साजिश नाकाम, भारी संख्या में हथियार और बारुद बरामद
गोगुंडा के पास चलाए गए सर्च ऑपरेशन में फोर्स को माओवादियों का डंप सामान मिला है. सामान में बड़ी संख्या में हथियार भी हैं.

By ETV Bharat Chhattisgarh Team
Published : January 6, 2026 at 7:25 PM IST
सुकमा :सुकमा में नक्सल उन्मूलन अभियान के तहत सुरक्षा बलों को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है. थाना केरलापाल क्षेत्र अंतर्गत नवीन कैम्प गोगुंडा के आसपास जंगल-पहाड़ी क्षेत्र में नक्सलियों के हथियार बरामद किए गए हैं. इन हथियारों को नक्सलियों ने छिपाकर डंप किया था.फोर्स ने भारी मात्रा में आर्म्स, एम्युनेशन, विस्फोटक और अन्य सामग्री सुरक्षा बलों ने बरामद किया है. यह कार्रवाई 05 जनवरी 2026 को संचालित नक्सल विरोधी अभियान के दौरान की गई, जिसकी पुष्टि 06 जनवरी 2026 को की गई.
गोगुंडा कैंप के पास मिला नक्सलियों का जखीरा
जिला सुकमा में वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में लगातार एंटी नक्सल ऑपरेशन चलाया जा रहा है. इसी कड़ी में नक्सलियों की सक्रिय उपस्थिति की सूचना पर 05 जनवरी को नवीन कैम्प गोगुंडा से जिला पुलिस बल सुकमा की टीम ग्राम गोगुंडा के आसपास के जंगल और पहाड़ी इलाकों में सर्च ऑपरेशन के लिए रवाना हुई थी. अभियान के दौरान सुरक्षा बलों ने नक्सलियों द्वारा सुरक्षा बलों को भारी नुकसान पहुंचाने की नीयत से जंगल-पहाड़ियों में छुपाकर रखे गए डम्प को खोज निकाला.

नक्सलियों की बड़ी साजिश नाकाम
बरामद सामग्री से यह स्पष्ट होता है कि नक्सली किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे.सुरक्षा बलों की सतर्कता और समय रहते की गई कार्रवाई से माओवादियों के मंसूबों को पूरी तरह नाकाम कर दिया गया. बरामदगी के बाद सभी पार्टियां अभियान पूर्ण कर सुरक्षित रूप से कैम्प वापस लौट आईं.
माओवादियों के पास अब केवल एक ही रास्ता बचा है हिंसा का मार्ग छोड़कर शांति और विकास की दिशा में कदम बढ़ाना इसके लिए “पूना मार्गेम पुनर्वास से पुनर्जीवन” अभियान के तहत आत्मसमर्पण कर मुख्यधारा में लौटने का अवसर उपलब्ध है- किरण चव्हाण, एसपी
किन सामानों की हुई बरामदगी ?
नक्सली डम्प में एक देशी कट्टा, .315 रायफल के 06 जिंदा राउंड, .303 के 05 जिंदा राउंड चार्जर में भरे हुए, 12 बोर के 02 जिंदा राउंड, एक टेलिस्कोप (डे-विजन एसएसआर), लगभग 08 किलोग्राम काला एवं सफेद गन पाउडर, 10 जिलेटिन रॉड, 03 इलेक्ट्रॉनिक डेटोनेटर, 04 नकली वर्दियां, लगभग 20 मीटर कॉर्डेक्स वायर, बिजली तार के 02 बंडल, 05 सेट चार्जर, मोटोरोला वॉकी-टॉकी बैटरी, वायरलेस एंटीना, मल्टीमीटर, कैलकुलेटर, 13 स्विच, रायफल स्लिंग, पिट्ठू, पाउच, नक्सली साहित्य, स्टील टिफिन, 02 ड्रम, लगभग 30 मीटर काला कपड़ा तथा अन्य भारी मात्रा में दैनिक उपयोग की सामग्री शामिल है.

इस कार्रवाई में जिला पुलिस बल सुकमा की अहम भूमिका रही. लगातार चल रहे अभियानों से नक्सल संगठन को भारी नुकसान हो रहा है. उनके नेटवर्क को कमजोर किया जा रहा है. सुरक्षा बलों का कहना है कि आगे भी यह अभियान पूरी मजबूती और निरंतरता के साथ जारी रहेगा.
नक्सल प्रभावित सुकमा में स्वास्थ्य क्रांति, तीन अस्पतालों को मिला NQAS प्रमाण पत्र
नक्सल मोर्चे पर फोर्स के नाम रहा साल 2025, 256 माओवादी ढेर 1573 पुनर्वासित
ईंट भट्टा संचालक का शिवनाथ नदी पर था कई साल से कब्जा, अस्थायी पुल बनाकर करता था परिवहन

