खैरथल-बहरोड़ में खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई, सैकड़ों किलो खराब मिठाई नष्ट
खैरथल-बहरोड़ में खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई, टपूकड़ा में 220 किलो दुर्गंध वाली मिठाई नष्ट, बहरोड़ में 250 किलो जब्त, नमूने जांच को भेजे.

Published : August 26, 2026 at 4:46 PM IST
खैरथल/: त्योहारी सीजन को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग की टीमें पूरे राजस्थान में एक्शन मोड पर हैं. ये टीमें खाद्य सामग्री की दुकानों का निरीक्षण कर रही हैं. मिलावट की आशंका पर खाद्य सामग्री के नमूने लेकर जांच के लिए लैब में भिजवाए जा रहे हैं. इसी के तहत बुधवार को खैरथल के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अरविंद और कोटपूतली के खाद्य सुरक्षा अधिकारी नेहा शर्मा के नेतृत्व में टीम ने अलग-अलग कस्बों में कार्रवाई की. इसी प्रकार खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने बूंदी शहर में विभिन्न प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया.
खाद्य सुरक्षा अधिकारी हेमंत कुमार यादव ने बताया कि स्थानीय शिकायत पर टीम टपूकड़ा कस्बे पहुंची. त्योहारी सीजन में बाहर से आकर ठेलों और अस्थायी दुकानों से मिठाइयां बेचने वालों की जांच की गई. निरीक्षण में कई विक्रेताओं के पास फूड रजिस्ट्रेशन नहीं मिला. कार्रवाई के दौरान टपूकड़ा की दुकान से कलाकंद, रसगुल्ला और बर्फी के नमूने लिए गए. सभी नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए.
दुकान में रखी मिठाइयों में दुर्गंध और फफूंद मिलने पर मौके पर ही करीब 220 किलो मिठाई नष्ट करवाई गई. विक्रेताओं को गुणवत्ता और स्वच्छता को लेकर दिशा-निर्देश दिए गए. वहीं कोटपूतली-बहरोड़ जिले के बहरोड़ कस्बे में एक मिष्ठान भंडार पर कार्रवाई कर 250 किलो मिठाई जब्त की गई. अधिकारियों ने कहा कि त्योहारी सीजन में लगातार कार्रवाई होगी और मिलावट मिलने पर मामला दर्ज किया जाएगा. कार्रवाई के दौरान हेमंत कुमार यादव के साथ महिपाल सिंह और सुभाष यादव मौजूद रहे.

बूंदी में खाद्य पदार्थों के नमूने लिए: खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने शहर में विभिन्न प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया. इस दौरान दूध बर्फी, मलाई बर्फी और मावा के लड्डू के नमूने लिए गए. खाद्य सुरक्षा अधिकारी संजय सिंह ने बताया कि मिठाई की दुकानों से दूध बर्फी, मलाई बर्फी और मावा के लड्डू के नमूने संग्रहित किए. टीम ने शहर के अन्य मिष्ठान भंडारों का भी निरीक्षण किया. सिंह ने बताया कि सभी नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा. यदि मिलावट या मानकों का उल्लंघन पाया जाता है तो संबंधित संचालक के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान मिठाइयों और अन्य खाद्य पदार्थों की मांग बढ़ जाती है. ऐसे में मिलावट पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए जिलेभर में अभियान लगातार जारी रहेगा.

