ETV Bharat / state

रुड़की: रस्क पैकेट में मरी छिपकली मिलने की खबर के बाद एक्शन में खाद्य सुरक्षा विभाग, सैंपल लैब भेजे गए, कंपनी को नोटिस

ईटीवी भारत ने इस खबर को प्रमुखता से दिखाया था, जिसके बाद विभागीय टीम संबंधित दुकान पर पहुंची और कार्रवाई शुरू की.

Etv Bharat
रस्क पैकेट के सैंपल लैब भेजे गए (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Uttarakhand Team

Published : July 4, 2026 at 7:05 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

रुड़की: हरिद्वार जिले के रुड़की में रस्क पीस के पैकेट में कथित तौर पर मृत छिपकली का बच्चा मिलने के मामले में ईटीवी भारत पर खबर प्रकाशित होने के बाद 15 घंटे के भीतर खाद्य सुरक्षा विभाग हरकत में आ गया है. टीम ने संबंधित बैच के उत्पादों के नमूने लेकर उन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है.

दरअसल, ईटीवी भारत ने इस खबर को प्रमुखता से दिखाया था, जिसके बाद विभागीय टीम संबंधित दुकान पर पहुंची और जांच प्रक्रिया शुरू करते हुए रस्क पीस के सैंपल एकत्र किए गए. फिर सैंपल को जांच के लिए लैब भेजा है.

अधिकारियों का कहना है कि लैब रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि उत्पाद खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुरूप था या नहीं. यदि जांच में किसी प्रकार की लापरवाही या नियमों का उल्लंघन सामने आता है तो संबंधित निर्माता, सप्लायर व अन्य जिम्मेदार पक्ष के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी.

ETV Bharat
रस्स के पैकेट में मरी हुई छिपकली मिली थी. (ETV Bharat)

जानें पूरा मामला: गौर हो कि, रुड़की गंगनहर कोतवाली क्षेत्र में ग्रीन पार्क कॉलोनी निवासी एक परिवार ने शुक्रवार 3 जुलाई को स्थानीय किराना शॉप से एक पैकेट रस्क पीस खरीदा था. घर जाकर पैकेट खोला तो उसमें मृत छिपकली का बच्चा मिलने का आरोप लगाया था.

घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया और लोगों ने खाद्य उत्पादों की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल उठाए. पीड़ित परिवार ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की थी.

अब खाद्य विभाग की कार्रवाई के बाद लोगों की निगाहें जांच रिपोर्ट पर टिकी हैं. यदि सैंपल जांच में शिकायत सही पाई जाती है तो संबंधित कंपनी और जिम्मेदार लोगों पर कानूनी कार्रवाई की जा सकती है. वहीं स्थानीय लोगों ने बाजार में बिकने वाले खाद्य पदार्थों की नियमित जांच कराने की मांग दोहराई है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं न दोहराई जाएं.

मौके पर पहुंचकर खुले हुए रस्क पीस के पैकेट में कथित तौर पर दिखाई दे रही छिपकली वाले पैकेट समेत अन्य चार पैकेट की सैंपलिंग की गई है, जो जांच के लिए भेजे जाएंगे. रस्क पीस का पैकेट उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ से सप्लाई किया जा रहा है. इस बड़ी लापरवाही का जिम्मेदार दुकानदार नहीं बल्कि कंपनी मालिक है. रस्क पीस बनाने वाली कंपनी को नोटिस भेजा जाएगा जिसके आधार पर अग्रिम कार्रवाई अमल में लाई जाएगी.
- योगेंद्र पांडे, फूड इंस्पेक्टर, हरिद्वार -

पढ़ें---