ETV Bharat / state

रामनगर और मसूरी में खाद्य सुरक्षा विभाग का छापा, होली से पहले मिलावटखोरों में हड़कंप

होली पर प्रदेश भर में खाद्य सुरक्षा विभाग चेकिंग अभियान चला रहा है. इस दौरान मिलावटखोरों पर नजर रखी जा रही है.

mussoorie
रामनगर और मसूरी में खाद्य सुरक्षा विभाग का छापा (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Uttarakhand Team

Published : March 2, 2026 at 8:04 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

रामनगर/मसूरी: होली पर्व को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग ने रामनगर में मिलावटखोरों के खिलाफ सख्त रुख अपनाया है. सोमवार को विभाग की टीम ने अचानक छापामार कार्रवाई कर खाद्य पदार्थों में मिलावट करने वालों पर शिकंजा कसा. कार्रवाई की भनक लगते ही कई दुकानदार अपनी दुकानें बंद कर मौके से फरार हो गए, जिससे बाजार में हड़कंप की स्थिति बन गई.

अभियान के संबंध में जानकारी देते हुए नैनीताल जिले के सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा विभाग अजब सिंह रावत ने बताया कि वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी रामनगर असलम खान और खाद्य सुरक्षा अधिकारी हल्द्वानी नंदकिशोर की संयुक्त टीम ने विभिन्न प्रतिष्ठानों पर छापेमारी की.

इस दौरान एक मावा फैक्ट्री से मावे का नमूना लिया गया, जबकि तीन अन्य दुकानों से भी खाद्य सामग्री के नमूने एकत्र किए गए. कुल चार नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं. उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान एक दर्जन से अधिक दुकानों का निरीक्षण किया गया. टीम ने दुकानदारों को स्वच्छता और गुणवत्ता मानकों का पालन करने के सख्त निर्देश भी दिए.

सहायक आयुक्त ने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि जनता के स्वास्थ्य के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. विभाग ने आम जनता से भी सहयोग की अपील की है. उन्होंने कहा कि यदि किसी भी दुकान पर एक्सपायरी या मिलावटी सामान बेचा जा रहा हो तो उपभोक्ता तुरंत शिकायत दर्ज कराएं. शिकायत मिलते ही संबंधित अधिकारियों द्वारा त्वरित कार्रवाई की जाएगी. अंत में उन्होंने कहा कि त्योहारों के मद्देनजर यह विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा, ताकि लोगों को शुद्ध और सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध हो सके.

मसूरी में भी हुई कार्रवाई: मसूरी क्षेत्र में भी मिलावटखोरी के खिलाफ सख्त अभियान चलाया गया. खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मसूरी शहर के प्रमुख डेयरी, मिठाई व किराना प्रतिष्ठानों का सघन निरीक्षण किया. होली के दौरान मावा, पनीर, तेल, मसाले और अन्य खाद्य पदार्थों की खपत बढ़ जाती है. ऐसे में आमजन को सुरक्षित और गुणवत्तायुक्त खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता है.

निरीक्षण के दौरान मसूरी में बाहरी क्षेत्रों से आपूर्ति किए जा रहे पनीर एवं मावा की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया गया. गांधी चौक स्थित डेयरी एवं मिठाई की दुकानों से पनीर और मावा के नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए. इसी क्रम में कुलड़ी एवं कैमल बैक रोड स्थित दुकानों से 2 सरसों तेल, 1 धनिया पाउडर, 1 दूध व 1 नमकीन का नमूना लिया गया. इस प्रकार कुल 7 नमूने एकत्रित कर परीक्षण हेतु भेजे गए हैं.

खाद्य सुरक्षा अधिकारी मसूरी कपिल देव ने कहा कि होली जैसे बड़े त्योहार पर खाद्य पदार्थों की मांग बढ़ जाती है. ऐसे समय कुछ लोग मुनाफे के लालच में मिलावट का सहारा लेते हैं. विभाग की टीम पूरी सतर्कता के साथ बाजार पर नजर रखे हुए है. जांच रिपोर्ट प्राप्त होते ही यदि किसी नमूने में मानकों के विपरीत गुणवत्ता पाई जाती है तो संबंधित विक्रेता के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने आमजन से भी अपील की कि खुला एवं संदिग्ध खाद्य पदार्थ खरीदने से बचें और किसी भी प्रकार की शिकायत की सूचना विभाग को दें.

पढ़ें---