हरिद्वार में खाद्य सुरक्षा विभाग की छापेमारी, गोदाम से पांच क्विंटल पनीर बरामद, सैंपलों की होगी जांच
होली और रमजान के मद्देनजर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम अलर्ट, तीन जगहों पर छापेमारी, एक गोदाम से पांच क्विंटल पनीर बरामद

By ETV Bharat Uttarakhand Team
Published : February 23, 2026 at 7:41 PM IST
हरिद्वार: होली और रमजान के मद्देनजर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम अलर्ट मोड पर है. इसी कड़ी में टीम ने तीन बड़े स्थानों पर छापेमारी की कार्रवाई को अंजाम दिया और खाद्य पदार्थों के सैंपल लेकर जांच के लिए लैब भेजे. वहीं, सराय क्षेत्र में एक गोदाम से 5 क्विंटल पनीर मिला है. जिसे लेकर कोई कागजात नहीं मिले. जिस पर फिलहाल इस पनीर के बिक्री पर 3 दिनों के लिए रोक लगाई गई है.
दरअसल, खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने सराय क्षेत्र में संचालित पनीर के एक गोदाम पर छापेमारी की. कार्रवाई के दौरान डीप फ्रिजर में रखा लगभग 5 क्विंटल पनीर बरामद किया गया. विभाग को काफी समय से सूचना मिल रही थी कि क्षेत्र में भारी मात्रा में मिलावटी पनीर का स्टॉक किया जा रहा है. खाद्य सुरक्षा विभाग के गढ़वाल मंडल उपायुक्त आरएस रावत, हरिद्वार के जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी महिमानंद जोशी, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिलीप जैन और कैलाशचंद टम्टा के साथ ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर गोदाम का निरीक्षण किया. जांच के दौरान बड़ी मात्रा में पनीर डीप फ्रिजर में स्टोर मिला.
टीम ने पनीर की गुणवत्ता की जांच के लिए दो सैंपल लेकर जांच के लिए रुद्रपुर लैब भेज दिए हैं. रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी. बताया जा रहा है कि सराय क्षेत्र में पिछले कई दिनों से पनीर का बड़ा कारोबार किया जा रहा है. शिकायतों का संज्ञान लेकर ही खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों और स्थानीय पुलिस टीम सोमवार सुबह 6 बजे गोदाम पर पहुंची. अचानक हुई छापेमारी से आसपास के डेयरी संचालकों में हड़कंप मच गया.
डीप फ्रीजरों में रखा था करीब 5 क्विंटल पनीर: गोदाम की बारीकी से जांच की तो पाया गया कि अलग-अलग डीप फ्रीजरों में करीब 5 क्विंटल पनीर रखा है. मौके पर पाए गए डेयरी के लाइसेंस में अनियमितता मिली. साथ ही पनीर के क्रय-विक्रय का रिकॉर्ड भी नहीं मिला. यह पनीर मथुरा की एक डेयरी से मंगाकर हरिद्वार में सप्लाई किया जाता है. हालांकि, मौके पर गोदाम में पनीर नहीं बनता पाया गया. बल्कि, बाहर से लाकर पनीर स्टोरेज किया जा रहा था और यहीं से छोटे दुकानदारों या फिर अन्य डेयरियों में इसकी सप्लाई की जाती है.

इनवॉइस न दिखाने पर थमाया गया नोटिस: सराय क्षेत्र में एक डेयरी से पनीर के 2, सिडकुल क्षेत्र में रिलायंस की बल्क डिस्ट्रीब्यूटर सेंटर से 4 और ई कॉमर्स डिस्ट्रिब्यूशन सेंटर ब्लिंकिट 2 खाद्य पदार्थों के सैंपल लिए गए. ब्लिंक्ट स्टोर में खाद्य पदार्थों का क्रय-विक्रय इनवॉइस न मिलने पर नोटिस जारी किया गया है. पनीर के गोदाम मालिक को इनवॉइस न दिखाने पर नोटिस थमाया गया और तीन दिन में जवाब न देने पर कार्रवाई की चेतावनी दी गई है.
"गोदाम में बाहर से पनीर लाकर स्टोर किया जाता है और यहीं से शहर में उसकी सप्लाई की जाती है. मौके पर पनीर का रखरखाव ठीक पाया गया. फिलहाल, दो सैंपल लेकर जांच के लिए लैब भेजे गए हैं. लाइसेंस और क्रय-विक्रय इनवॉइस के लिए नोटिस भी दिया गया है. यदि जांच रिपोर्ट में किसी प्रकार की गड़बड़ी सामने आती है तो संबंधित गोदाम मालिक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी. मिलावटी या मानक के खिलाफ खाद्य पदार्थों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा."- आरएस रावत, गढ़वाल मंडल उपायुक्त, खाद्य सुरक्षा विभाग
होली आते ही सक्रिय हो जाते हैं मिलावटखोर: हालांकि, खाद्य सुरक्षा विभाग को छापेमारी के दौरान कोई गंदगी या फिर केमिकल तो मौके पर नहीं मिला, लेकिन भारी मात्रा में पनीर बरामद जरूर हुआ है. खास बात ये है कि गर्मियों की शुरुआत होते ही मिलावटखोर सक्रिय हो गए हैं. बीच में होली का त्योहार भी है. बताया जा रहा है कि होली को लेकर इतनी भारी मात्रा में पनीर स्टोर किया गया है.
बताया जा रहा है कि टीम को मौके पर गंदगी और पनीर बनता हुआ नहीं पाया गया. इसलिए पनीर को नष्ट नहीं किया गया. इसके अलावा पूर्व में हरिद्वार में मिलावटी कोल्ड ड्रिंग के कई मामले सामने आ चुके हैं. अभी कुछ दिन पूर्व ही खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने एक कोल्ड ड्रिंक के गोदाम में छापेमारी की थी और गंदगी पाई जाने पर सैंपल लेकर जांच के लिए लैब भी भेजे थे.

साथ ही गोदाम संचालक को फटकार लगाकर निर्माण यूनिट को बंद भी कराया था. जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी महिमानंद जोशी ने बताया कि होली के त्योहार और यात्रा सीजन को लेकर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम पूरी तरह अलर्ट है. आगे भी छापेमारी और चेकिंग की कार्रवाई जारी रहेगी.
"होली और रमजान को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम कार्रवाई कर रही है. सिडकुल क्षेत्र में संचालित रिलायंत के डिस्ट्रीब्यूशन सेंटर और ब्लिंकिट के डिस्ट्रीब्यूशन सेंटर का भी निरीक्षण किया गया. दोनों सेंटरों से मैदा, सूजी, तेल एवं गुजिया के सैंपल लेकर जांच के लिए लैब भेजे गए हैं."- महिमानंद जोशी, जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी
"ब्लिंकिट के स्टोर पर क्रय विक्रय इनवॉइस नहीं मिला है, इसलिए नोटिस जारी किया गया है. नोटिस का उचित जवाब न मिलने और सैंपल फेल होने पर मुकदमा दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी. होली और रमजान को लेकर आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी."- महिमानंद जोशी, जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी
ये भी पढ़ें-
- सेलाकुई में महंगी कार में नकली दही और पनीर की सप्लाई, दो आरोपियों के हाथों में कसी हथकड़ी
- शादियों में पनीर खाने वाले सावधान! यूपी बॉर्डर से पुलिस ने पकड़ा 700 किलो 'जहरीला' पनीर
- सहारनपुर की डेयरी से आया था केमिकल से बना पनीर, चारधाम यात्रा से कमाना चाहते थे मोटा मुनाफा
- 23 क्विंटल नकली पनीर के साथ दो गिरफ्तार, चारधाम यात्रा में खपाने की थी तैयारी, सहारनपुर में फैक्ट्री सील

