लजीज व्यंजनों का लुत्फ उठाना चाहते हैं तो चले आइए मसूरी, लगा है फूड फेस्टिवल
मसूरी में फूड फेस्टिवल उत्तराखंड के पारंपरिक व्यंजनों को लोग खासा पसंद कर रहे हैं.

By ETV Bharat Uttarakhand Team
Published : December 27, 2025 at 7:50 AM IST
मसूरी: पहाड़ों की रानी मसूरी में मसूरी में चल रहे विंटर कार्निवाल ने इस बार सर्द मौसम में स्वाद और संस्कृति की गर्माहट घोल दी है. मॉल रोड पर आयोजित फूड फेस्टिवल में उत्तराखंड के पहाड़ी उत्पादों से तैयार पारंपरिक व आधुनिक व्यंजनों की जबरदस्त धूम देखने को मिल रही है. देश ही नहीं, बल्कि विदेशों से मसूरी पहुंचे पर्यटक भी पहाड़ी स्वादों का भरपूर आनंद उठा रहे हैं. कार्यक्रम का शुभारंभ कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने किया. गणेश जोशी ने विंटर कार्निवाल के अंतर्गत द्वारा लगाए गए फूड स्टॉलों का विधिवत उद्घाटन किया और विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन किया.
कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने स्थानीय उत्पादों से बने व्यंजनों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ-साथ स्थानीय व्यापार, महिला स्वयं सहायता समूहों और युवाओं को रोजगार के अवसर प्रदान करते हैं. फूड फेस्टिवल की खास बात यह है कि यहां झंगोरा, मंडुवा, गहत और पहाड़ी मसालों से बने व्यंजन परोसे जा रहे हैं. परंपरागत स्वाद को आधुनिक रूप देते हुए पहाड़ी मोमो, पिज्जा, चाउमीन और स्नैक्स तैयार किए गए हैं, जिन्हें खासकर युवा वर्ग खूब पसंद कर रहा है.

यह पहल बच्चों और युवाओं को जंक फूड से दूर कर पौष्टिक पहाड़ी भोजन की ओर आकर्षित करने की दिशा में एक सार्थक प्रयास मानी जा रही है. नगर पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी ने बताया कि फूड फेस्टिवल आयोजित करने का मुख्य उद्देश्य उत्तराखंड के पहाड़ों में होने वाले स्थानीय उत्पादों से बने व्यंजनों को देश-विदेश के पर्यटकों तक पहुंचाना है. उन्होंने कहा कि इससे पहाड़ी उत्पादों की बिक्री बढ़ेगी, स्थानीय लोगों को व्यवसाय मिलेगा और वे आर्थिक रूप से मजबूत बन सकेंगे. साथ ही, रोजगार के नए साधन भी उपलब्ध होंगे.

फूड फेस्टिवल के साथ-साथ गढ़वाल टैरेस में आयोजित सांस्कृतिक संध्या ने कार्निवाल को और यादगार बना दिया. लोक संगीत, पारंपरिक नृत्य और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने पर्यटकों को उत्तराखंड की समृद्ध लोक संस्कृति से रूबरू कराया. इस दौरान स्थानीय लोग और पर्यटकों ने लोकगीतों का जमकर लुत्फ उठाया और लोकगीतों पर जमकर थिरके.

इन दिनों मसूरी में विंटर लाइन कार्निवल की धूम मची हुई है. आए दिन विंटर लाइन कार्निवल में कई कार्यक्रम आयोजित किये जा रहे हैं. वहीं बीते दिन कार्निवल देवभूमि की लोक संस्कृति के रंगों में सराबोर रहा.जिसका दर्शकों ने जमकर लुत्फ उठाया.
पढ़ें-मसूरी विंटर कार्निवाल म्यूजिकल नाइट, सूफी संगीत में डूबी पहाड़ों की रानी, देखिये वीडियो

