ETV Bharat / state

महिला से मारपीट धमकी मामला, कोर्ट के आदेश पर मुकदमा दर्ज, भाजपा कार्यकर्ता और भाइयों की बढ़ी परेशानियां

रामनगर में पुलिस ने कोर्ट के आदेश के बाद मारपीट मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच तेज कर दी है.

Ramnagar Police Station
रामनगर कोतवाली (Photo-ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Uttarakhand Team

Published : December 28, 2025 at 6:41 AM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

रामनगर: नैनीताल जिले के रामनगर कोतवाली क्षेत्र में महिला के साथ मारपीट, धमकी और हथियार दिखाकर डराने के गंभीर आरोपों के मामले में अदालत के निर्देश पर पुलिस एक्टिव हुई है. पुलिस ने भाजपा कार्यकर्ता नदीम अख्तर व उनके भाइयों शैफुल्ला और फईम के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. यह कार्रवाई पीड़िता निशा खान की शिकायत पर की गई है. भाजपा कार्यकर्ता ने अपने और अपने भाइयों पर लगे सभी आरोपों को सिरे से खारिज किया है.

पीड़िता निशा खान के अनुसार, बीती 24 फरवरी की शाम वह अपने पति के साथ स्कूटी से खताड़ी क्षेत्र की ओर जा रही थी. इसी दौरान एक स्विफ्ट कार चालक शैफुल्ला ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी, जिससे दोनों सड़क पर गिर गए. आरोप है कि हादसे के बाद जब पीड़िता ने विरोध किया तो शैफुल्ला ने अपने भाई नदीम अख्तर और फईम समेत अन्य लोगों को मौके पर बुला लिया.

निशा खान का आरोप है कि आरोपियों ने उनके पति के साथ मारपीट की और नदीम अख्तर ने पिस्टल निकालकर उनके पति के सिर पर तान दी तथा जान से मारने की धमकी दी. पीड़िता का कहना है कि जब उन्होंने बीच-बचाव किया तो उनके साथ भी अभद्रता की गई. पीड़िता के अनुसार, घटना के बाद वह शिकायत लेकर कोतवाली रामनगर पहुंची, लेकिन उनकी शिकायत पर कोई कार्रवाई नहीं की गई. इसके बाद उन्होंने न्यायालय की शरण ली. मामले की सुनवाई के बाद अदालत ने पुलिस को मुकदमा दर्ज कर जांच के आदेश दिए.

अदालत के निर्देश पर अब कोतवाली रामनगर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है. पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखा जाएगा. वहीं दूसरी ओर, भाजपा कार्यकर्ता नदीम अख्तर ने अपने और अपने भाइयों पर लगे सभी आरोपों को सिरे से खारिज किया है. उनका कहना है कि उन्हें राजनीतिक और व्यक्तिगत रंजिश के चलते साजिश के तहत झूठे मुकदमे में फंसाया जा रहा है. फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और जांच जारी है. जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.

पढ़ें-मारपीट और भड़काऊ पोस्ट करना युवक को पड़ा भारी, पुलिस ने किया गिरफ्तार